मंत्री Kapil Dev Agarwal ने आईटीआई में प्रशिक्षुओं और छात्रों संग प्रधानमंत्री के परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम को सुना
मुजफ्फरनगर 01 अप्रैल। मंत्री Kapil Dev Agarwal ने आईटीआई में प्रशिक्षुओं और छात्रों संग प्रधानमंत्री के परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम को सुना तथा संस्थान का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
मुजफ्फरनगर शहर विधानसभा सीट से विधायक एवं प्रदेश सरकार में व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के स्वतंत्र प्रभार मंत्री Kapil Dev Agarwal ने मेरठ रोड स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में पहुंचकर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम को प्रशिक्षुओं और छात्रों के साथ सुना।
प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, ”मन में तय कर लीजिए कि परीक्षा जीवन का सहज हिस्सा है। हमारी विकास यात्रा के ये छोटे-छोटे पडाव हैं। इस पडाव से पहले भी हम गुजर चुके हैं। पहले भी हम कई बार परीक्षा दे चुके हैं। जब ये विश्वास पैदा हो जाता है तो आने वाले एग्जाम के लिए ये अनुभव आपकी ताकत बन जाता है।“
मंत्री Kapil Dev Agarwal ने कहा कि यदि हर दिन एक परीक्षा की आदत हम पहले से ही बना लें तब हमें परीक्षा के दिन भी कोई टेंशन नहीं होगी क्योंकि हम परीक्षा दे दे कर इतना अभ्यस्त हो गए होंगे कि ये परीक्षा भी हमें एक आम परीक्षा की तरह प्रतीत होगी। जैसे हमें अपने दोस्त से मिलने पर डर नहीं लगता क्योंकि हम उससे रोजाना मिलते हैं वैसे ही परीक्षा के दिनों में हमारे मन में भी कोई डर नहीं रहेगा।
इसके बाद उन्होंने प्रशिक्षण संस्थान का निरीक्षण किया। साफ-सफाई की व्यवस्था पर कडा जोर देते हुए कपिल देव ने कहा कि हमारे आस पास का वातावरण स्वच्छ और साफ सुथरा होना चाहिए। विद्यार्थी जीवन में हम अपना अधिकतर समय स्कूल, कॉलेज या संस्थान में ही व्यतीत करते हैं इसलिए हमारा संस्थान भी स्वच्छ होना आवश्यक है।
Kapil Dev Agarwal ने आईटीआई के प्रधानाचार्य मनोज दूबे और प्रशिक्षुओं को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए कहा कि वे सभी अपने दायित्वों का शत-प्रतिशत निर्वहन करें और छात्रों के पाठ्यक्रम, परीक्षा और प्रैक्टिकल को समय से तैयार कराएं।
उन्होंने कहा कि संस्थान का कोई भी बाबू, कर्मचारी बिना सूचना के अनुपस्थित ना पाया जाए। इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष विजेंद्र पाल, संजय गर्ग, जितेंद्र कुच्छल आदि उपस्थित रहे।

