Muzaffarnagar News: अवैध कब्जा हटाया, भूमाफियाओं में दिखा खौफ
मीरापुर। (Muzaffarnagar News) अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ प्रशासन अब सख्ती के मूड में है। पुलिस प्रशासन ने कस्बे में पहुंचकर तालाब की सरकारी भूमि पर बुलडोजर चलवा कर जमीन को कब्जा मुक्त कराया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
बुलडोजर चलने की सूचना पर अवैध कब्जा धारकों में हड़कम्प मचा रहा। मीरापुर में तालाब की भूमि को कब्जामुक्त कराने के लिये प्रशासनिक अधिकारी नमक मंडी में मौजूद कच्चा पक्का तालाब पर पहुंचे।
कानूनगो विनोद कुमार, हल्का लेखपाल ओमवीर सिंह तथा मुझेड़ा के लेखपाल चन्द्रपाल शर्मा ने बताया कि मौहल्ला नमक मण्डी में खसरा नम्बर ६५ व ७१ पर तालाब मौजूद है, जिसका रक्बा लगभग ७१ बीघा है। इस तालाब की भूमि पर तालाब के आसपास रहने वाले लोगो ने कब्जा करने की नियत से अवैध रूप से अतिक्रमण कर अस्थायी कब्जे कर लिये हैं।
उन्होंने बताया कि दो दिन पूर्व कब्जा धारकों को प्रशासन की ओर अवैध कब्जा हटाने के नोटिस जारी किये गये थे, इसके बाद शनिवार को राजस्व विभाग की ओर से कानूनगो, लेखपाल तथा नगर पंचायत कर्मचारी जेसीबी मशीन लेकर मौके पर पहुंच गये तथा लोगों द्वारा किये गये अवैध कब्जे को ध्वस्त करते हुए वहां पर जेसीबी की सहायता से खाई बना दी और उसमें तालाब का पानी छोड़ दिया गया
ताकि भविष्य में कोई भी इस कब्जा मुक्त जमीन पर दोबारा कब्जा न कर सके। प्रशासन ने लगभग डेढ़ बीघा तालाब की भूमि को मुक्त करा दिया। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों को अवैध कब्जाधारी लोगो का कड़ा विरोध भी झेलना पड़ा।

