Muzaffarnagar: अक्षय तृतीया का अबूझ शुभ मुहूर्त होने से जिलेभर के बाजार गुलजार रहें
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar) वैवाहिक सीजन में वैसे तो जुलाई माह तक शादी विवाह के कई शुभ मुहूर्त है। लेकिन मंगलवार को अक्षय तृतीया का अबूझ शुभ मुहूर्त होने से जहां शहर के साथ जिलेभर के बाजार गुलजार रहें वहीं लोगों ने अक्षय तृतीया पर जमकर खरीदारी भी की। इसी के साथ मंगलवार अवकाश होने के चलते अक्षय तृतीय की वजह से सर्राफा बाजार खुला रहा।
साथ ही शहर के तमाम मंडप, होटल और रिसोर्ट में शादी विवाह, संगाई और अन्य मांगलिक आयोजनों भी खूब हुए। इस बार अक्षय तृतीया पर शहर में ही अनेक वैवाहिक कार्यक्रम हुए।
शादी-विवाह की बात गहनों के बिना अधूरी है। अक्षय तृतीया के दिन गहनों की खरीदारी करना हमारी परंपरा तो है ही, साथ ही इसे शुभ भी माना जाता है। लोग शगुन के लिए भी इस दिन सोने, चांदी और हीरे के गहनों की खरीदारी करते हैं। जिससे घर में धन समृदिध् बनी रहे। इसलिए इस दिन लोग न सिर्फ गहनों की खरीदारी करते हैं
बल्कि गहनों के विक्रेता एडवांस बुकिंग वाले गहनों की डिलीवरी भी करते है।इस बार अक्षय तृतीया के मौके पर शहर के ज्वेलरी की छोटी दुकानों सहित बड़े और ब्रांडेड सभी ज्वेलरी शोरूम से करोड़ों का कारोबार हुआ। इसमें हीरे और सोने के गहनों के अलावा चांदी की ज्वेलरी, बर्तन, सिक्के और अन्य सजावटी सामान भी शामिल रहा।
गर्मी के कारण दुल्हन को हालांकि हल्की ज्वेलरी पसंद आ रही हैं, साथ ही दुल्हन पारंपरिक ज्वेलरी में भी कुंदन पोल्की की जड़ाऊ ज्वेलरी और हीरे जड़ा हुआ मंगलसूत्र भी खूब पसंद आ रहा है। मंगलसूत्र ब्रेसलेट की भी काफी मांग है। कुंदन पोल्की का सेट जिसमें नेकलेस, मांग टीका, नथ, अंगूठी और झूमके शामिल है।
अक्षय तृतीया के दिन लोगों ने गहनों की खरीदारी की। हालांकि इस दिन हलकी ज्वेलरी ही खरीदी जाती है, जिसमे चेन, अंगूठी, कुंडल और ब्रेसलेट प्रमुख है। इस समय हल्की ज्वेलरी के एक से बढ़कर एक डिजाइन उपलब्ध है।
अक्षय तृतीया के दिन अबूझ मुहूर्त होने की वजह से सबसे ज्यादा शादियां होती है। यहीं कारण है कि इस दिन शादी विवाह करने वाले लोग महीनों पहले ही मंडप की बुकिंग करवा लेते है। यहां तक कि शहर के आसपास स्थित सभी मंडप भी इस दिन बुके रहे और शादियां हुई।

