वैश्विक

Andrew Symonds की कार हादसे में मौत, वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की जांच कर रही है Police

एंड्रयू साइमंड्स (Andrew Symonds) की कार दुर्घटना में मौत हो गई। इससे क्रिकेट जगत स्तब्ध है। आस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर और दो बार विश्व कप विजेता टीम के सदस्य रहे हरफनमौला  साइमंड्स 46 बरस के थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा दो बच्चे हैं। सिडनी टैस्ट में ‘मंकीगेट’ प्रकरण के कारण उनके करिअर का सबसे विवादास्पद लम्हा रहा।

साइमंड्स ने 2012 में क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लिया और लोकप्रिय कमेंटेटर बने। सचिन तेंदुलकर, एडम गिलक्रिस्ट, जेसन गिलेस्पी और हरभजन सिंह ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। प्यार से लोग साइमंड्स को ‘राय’ कहकर बुलाते थे।

सिडनी में 2008 में विवादास्पद टैस्ट मैच का हिस्सा रहे हरभजन ने लिखा, ‘एंड्रयू साइमंड्स के निधन की खबर सुनकर स्तब्ध हूं। आप काफी जल्दी हमें छोड़कर चले गए। उनके परिवार और मित्रों के प्रति संवेदनाएं। दिवंगत आत्मा के लिए प्रार्थना करता हूं।’आस्ट्रेलियाई क्रिकेट जगत के लिए दो महीनों में यह तीसरा बड़ा झटका है जिसने मार्च में कुछ घंटों के भीतर महान लेग स्पिनर शेन वार्न और दिग्गज विकेटकीपर रोड मार्श को भी गंवा दिया था।

क्वींसलैंड पुलिस की ओर से जारी बयान के अनुसार यह दुर्घटना उत्तर-पूर्व आस्ट्रेलिया के टाउन्सविले से लगभग 50 किमी दूर हार्वे रेंज मार्ग पर शनिवार रात हुई। बयान में कहा गया कि पुलिस टाउन्सविले से लगभग 50 किमी दूर हार्वे रेंज पर एक वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की जांच कर रही है जिसमें शनिवार की रात 46 साल के एक व्यक्ति की मौत हो गई।

पुलिस के बयान के अनुसार, ‘शुरुआती सूचना से संकेत मिले हैं कि रात 11 बजे के बाद कार हार्वे रेंज रोड पर चलाई जा रही थी और एलिस नदी के पुल के समीप यह सड़क से उतरकर पलट गई।’ इसमें कहा गया कि आपात सेवा कर्मचारियों ने 46 साल के चालक को बचाने का प्रयास किया जो गाड़ी में अकेला व्यक्ति था। हालांकि, चोटों के कारण उनकी मौत हो गई।

आक्रामक बल्लेबाज के अलावा मध्यम गति और स्पिन गेंदबाजी करने में सक्षम साइमंड्स बेहतरीन क्षेत्ररक्षक भी थे। उन्होंने आस्ट्रेलिया के लिए 1998 से 2009 के बीच 26 टैस्ट, 198 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय और 14 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले। वह 2003 और 2007 में एकदिवसीय विश्व कप जीतने वाले आस्ट्रेलिया की टीम के अहम सदस्य थे। साइमंड्स ने अपने अंतरराष्ट्रीय करिअर में 165 विकेट चटकाए।

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: info@poojanews.com

News-Desk has 21452 posts and counting. See all posts by News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

one + 5 =