Bulandshahr News: हत्यारोपी छात्र हिरासत में, मदरसे की छत पर मिली 9 साल के मासूम की लाश
Bulandshahr News:. नगर कोतवाली क्षेत्र के धमेडा रोड स्थित एक मदरसे में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब 9 साल के एक मासूम छात्र की खून से लथपथ लाश मदरसे की छत पर पड़ी मिली. आरोप है कि इसी मदरसे में पढ़ने वाले 14 वर्षीय सहपाठी ने इस मासूम की हत्या की है. पुलिस ने हत्यारोपी छात्र को तत्काल हिरासत में लेकर मामले की जांच शरू कर दी है.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, 14 वर्षीय हत्यारोपी छात्र ने 9 साल के इस मासूम छात्र को छत पर ले जाकर उस पर ईंट से हमला कर दिया, जिसमें उसकी मौत हो गई.
आरोपी ने मृतक के सिर और चेहरे पर कई बार वार करते हुए उसके शव को क्षत-विक्षत कर दिया. घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने मृतक छात्र को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और नाबालिग आरोपी को हिरासत में ले लिया. पुलिस फिलहाल उससे पूछताछ कर रही है.
बुलंदशहर के एसपी सिटी सुरेंद्र नाथ तिवारी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि मृतक मासूम और नाबालिग हत्यारोपी पड़ोसी गांव के ही रहने वाले हैं. हालांकि हत्या के इस जघन्य वारदात का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है. पुलिस फिलहाल हत्यारोपी से पूछताछ कर इस निर्मम हत्या के कारणों की तलाश में जुटी है.

