पैदल अपने घर बिहार जा रहे मजदूरों को बस ने कुचला, छह की मौत, चार गंभीर घायल
मुजफ्फरनगर। घलौली चेकपोस्ट और रोहाना टोल प्लाजा के पास एक रोडवेज बस ने पैदल जा रहे मजदूरों को कुचल दिया। इस हादसे में छह मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए।
इनमें से दो घायलों को मेरठ के लिए रेफर किया गया है।बुधवार देर रात को मुजफ्फरनगर-सहारनपुर स्टेट हाईवे-५९ पर रोहाना टोल प्लाजा के पास रोडवेज की बस ने पंजाब से लौट रहे श्रमिकों के काफिले को कुचल दिया।
पुलिस ने भागदौड कर चालक को हिरासत में ले लिया। हादसे में छह मजदूरों की मौके पर मौत हो गई। बताया गया कि सभी मजदूर पंजाब से पैदल लौट रहे थे। मृतक और घायल मजदूर बिहार प्रांत के जनपद गोपालगंज के बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार हादसा देर रात्रि घलौली चेकपोस्ट और रोहाना टोल प्लाजा के बीच में हुआ। पंजाब प्रांत में मजदूरी करने वाले श्रमिकों की टोली देर रात को पैदल सहारनपुर से होते हुए मुजफ्फरनगर की ओर जा रही थी। इसी दौरान कोई रोडवेज बस उन्हें कुचलते हुए फरार हो गई।
शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनिल कपरवान ने बताया कि पिता-पुत्र समेत छह लोगों की मौके पर मौत हो गई। मृतकों के नाम हरेश सिंह (५२) पुत्र जमादार सिंह, विकास (२२) पुत्र हरे सिंह, गुड्डू (१८) पुत्र बूंदा नंदराय, वासुदेव (२२) पुत्र जवाहर सिंह, हरेश साहनी (४२) पुत्र जैदार सिंह, बिजेंद्र (२८) पुत्र श्यामनाथ निवासीगण गोपालगंज बिहार बताए गए हैं।
गंभीर रूप से घायल सुशील पुत्र नाथ साहनी निवासी गोपालगंज, पवन साहनी पुत्र बददे साहनी, प्रमोद पुत्र परवारी निवासी गोपालगंज, रामजी रामपुत्र स्व. राजेंद्र राम थाना रहीमपुर जिला सरण बिहार को जिला चिकित्सालय भेजा गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गम्भीर रूप से घायलों को मेरठ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने भागदौड कर चालक को हिरासत में ले लिया।
