Firozabad News: कार के रौंदने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत
Firozabad News: फरिहा मुस्तफाबाद मार्ग पर वैगन आर कार के रौंदने से बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रुप से घायल हो गया। मुआवजे की मांग को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने फरिहा मुस्तफाबाद मार्गपर अवरोध डालकर जाम लगा दिया।
जाम के कारण जहां वाहनों की कतारें लग गई वहीं सीओ एवं तहसीलदार ने लोगों को समझाकर जाम को खुलवाया। एक घंटे तक जाम लगने से अफरा-तफरी वाला माहौल रहा।
थाना फरिहा के गांव नगला भादौं निवासी अमित कुमार (19) पुत्र गुरदयाल अपने साथी नेत्रपाल सिंह के साथ पिता की दवा लेने मुस्तफाबाद आया था। बाइक से लौटते समय मुस्तफाबाद पुल के पास सामने से आ रही कार ने रौंद दिया। कार के रौंदने से अमित कुमार की मौके पर ही मौत हो गई जबकि नेत्रपाल गंभीर रुप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने युवक की मौत से खफा होकर फरिहा मुस्तफाबाद मार्ग पर जाम लगा दिया।
जाम की सूचना पर सीओ अनिवेश कुुमार सिंह, तहसीलदार पुष्पेंद्र सिंह, कोतवाल आजादपाल सिंह मय पुलिस फोर्स के मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर जाम को खुलवाया। ग्रामीण मुआवजे की मांग कर रहे थे।

