Muzaffarnagar News: मंत्री डा.संजीव बालियान ने किया बाल सम्प्रेक्षण गृह का निरीक्षण
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) केन्द्रीय राज्यमंत्री डा.संजीव बालियान ने दोपहर के वक्त नगर के आर्यपुरी स्थित राजकीय सम्प्रेक्षण गृह किशोर-बच्चा जेल- का औचक निरीक्षण कर मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
केन्द्रीय राज्यमंत्री डा.संजीव बालियान द्वारा आज दोपहर के वक्त किए गए औचक निरीक्षण से हडकम्प मच गया। मंत्री डा.सजीव बालियान ने सम्प्रेक्षण गृह का भ्रमण कर सभी व्यवस्थाओं को देखा तथा इस दौरान मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया।
इस दौरान डॉ संजीव बालियान ने बताया कि बच्चा जेल परिसर में ३७ बच्चे हैं और सभी के लिए जेल प्रशासन की ओर से अच्छे इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जेल परिसर की जगह छोटी है जिसकी वजह से बच्चों को घूमने और खेलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल पाती है।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि यहां पर नगर पालिका की ३०० गज जमीन है जिसके लिए वह नगरपालिका से बात करेंगे और जेल परिसर को अधिक बड़ा करेंगे।
इस दौरान डूडा की और से श्री गौतम, केयर टेकर मोहित कुमार, शहर कोतवाल आनन्द देव मिश्रा आदि मौजूद रहे। औचक निरीक्षण के दौरान केन्द्रीय मंत्री डा.संजीव बालियान के साथ वरिष्ठ भाजपा नेता राजीव गर्ग आदि मौजूद रहे।

