Dhanbad: कोयला खदान से हीरा मिलने की खबर, अफसरों ने कहा- झूठी खबर, ऐसा नहीं हो सकता
Dhanbad: बीसीसीएल के कोलयरी में कीमती सफेद हीरा मिलने की खबर है. कहा जा रहा है कि बीसीसीएल एरिया 5 अंतर्गत कनकनी कोलयरी के हिलटॉप आउटसोर्सिंग कोयला खदान में दो मजदूरों को हीरा मिला है. जैसे ही यह खबर लोगों को पता चली तो उसे देखने के लिए आसपास के अन्य लोग भी वहां पहुंच गए
किसी ने हीरे की फोटो लेकर सोशल मीडिया में पोस्ट कर दिया. यह पोस्ट वायरल हो रही है. हालांकि बीसीसीएल अधिकारी ने हीरा होने की पुष्टि से इनकार किया है. उन्होंने कहा कि दिनभर यह चर्चा जरूर रही, लेकिन ऐसी कोई बात आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आई है.
कनकनी कोलयरी के परियोजना पदाधिकारी अवधेश कुमार ने कहा कि उन्हें भी जानकारी मिली है कि कोलयरी से हीरा मिला है, लेकिन इसकी वह पुष्टि नहीं करते. उस वस्तु को उनके सामने नहीं लाया गया है. साथ ऐसा हो नहीं सकता कि हीरा कोलयरी में निकल जाए. उन्होंने कहा कि यह एक अफवाह है. कोई चमकीली धातु हो सकती है लेकिन हीरा वह कतई नहीं हो सकती है. आज तक के इतिहास में कभी हीरा कोलयरी से नहीं मिला है.
हीरा पाने वाले दो युवा मजदूरों ने इलाका छोड़ दिया है. अब वे कहां हैं, और क्या कर रहे हैं? इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है. लोगों ने बताया कि दोनों मदनाडीह को छोड़ चले गए हैं.

