Uttarakhand: गरूड़चट्टी में हुआ था हादसा- दुर्घटना के एक दिन पहले पायलट ने पत्नी से कहा- ‘मेरी बेटी का ख्याल रखना’
Uttarakhand में दुर्घटनाग्रस्त हुए हेलीकॉप्टर के पायलट अनिल सिंह ने एक दिन पहले जब पत्नी से बात की थी तो उनके अंतिम शब्द थे, ‘मेरी बेटी का ख्याल रखना. उसकी तबीयत ठीक नहीं है.’ उत्तराखंड के केदारनाथ में गरूड़चट्टी में मंगलवार को एक निजी कंपनी का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया
जिससे उसमें सवार छह श्रद्धालुओं समेत सात लोगों की मृत्यु हो गयी. सिंह (57) मुंबई के अंधेरी उपनगर में पॉश आवासीय सोसायटी में रह रहे थे. उनके परिवार में पत्नी शिरीन आनंदिता और बेटी फिरोजा सिंह है. आनंदिता ने कहा कि वह अपनी बेटी के साथ अपने पति के अंतिम संस्कार के लिए नयी दिल्ली जाएंगी.
पेशे से फिल्म लेखिका आनंदिता ने फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘आखिरी बार उनका फोन कल (सोमवार) आया था. मेरी बेटी स्वस्थ नहीं है. उन्होंने मुझे उसकी देखभाल करने के लिए कहा था.’ मूल रूप से पूर्वी दिल्ली के शाहदरा इलाके के निवासी सिंह पिछले 15 साल से मुंबई में रह रहे थे.
इससे पहले उत्तराखंड पुलिस के एक अधिकारी ने पुष्टि की कि हादसे में मारे गए पायलट सिंह मुंबई से थे. बहरहाल, आनंदिता ने कहा कि उन्हें ‘किसी से कोई शिकायत नहीं है क्योंकि आखिरकार दुर्घटना, दुर्घटना है.’ उन्होंने कहा कि हालांकि, पर्वतीय राज्य में हमेशा खराब मौसम का सामना करना पड़ता है.
खराब मौसम के बावजूद भी कई प्राइवेट कंपनियों के हेलिकॉप्टर उड़ान भरते रहे हैं जो कई बार दुर्घटना का कारण बनते हैं. बीते सितंबर महीने में इसी तरह का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ था और तब भी यात्रियों की सुरक्षा को लेकर इन कंपनियों की लापरवाहियों पर सवाल उठे थे. जांच भी हुई थी और DGCA ने हेली कंपनियों को इस तरह की लापरवाही न करने के निर्देश दिए थे. इसके बावजूद भी हेली कंपनियों की मनमानी जारी रही और आज ये हादसा हो गया.

