छठी बार इजरायल के पीएम बनेंगे Benjamin Netanyahu
इजरायल के राष्ट्रपति आइजैक हेर्जोग ने आज यानी रविवार को देश के पूर्व प्रधानमंत्री Benjamin Netanyahu को नयी सरकार बनाने का न्योता दिया है. बता दें, एक नवंबर को इजराइल में हुए चुनावों के आये नतीजों के बाद राष्ट्रपति ने बेंजामिन नेतन्याहू को सरकार गठन के लिए आमंत्रित किया है. राष्ट्रपति कार्यालय से आयी एक बयान के मुताबिक, नेतन्याहू को इजरायल की संसद नेसेट के 64 सदस्यों का समर्थन हासिल है. इस कारण उन्हें अगली सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया गया है.
इजरायल के राष्ट्रपति हेर्जोग ने बीते शुक्रवार को यह घोषणा की थी कि वह नेतन्याहू को उन सभी राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ बातचीत करने के बाद देश में नई सरकार बनाने का निमंत्रण देंगे जो 1 नवंबर को हुए चुनाव में निर्वाचित हुए हैं. इसी के साथ यह नेतन्याहू के नाम 6 बार इजराइल का प्रधानमंत्री बनने का रिकॉर्ड भी जुड़ जाएगा.
गौरतलब है कि चुनाव में नेतन्याहू की लिकुड पार्टी ने संसद में 32 सीटें जीती है. वहीं, निवर्तमान प्रधानमंत्री याइर लापिद की येश अतीद को 24 सीट मिली. सरकार गठन के लिए नेतन्याहू को शास, यूनाइटेड टोराह जूडयिज्म, रिलिजियस जियोनिज्म, जूइश पावर और नोआम समेत दक्षिणपंथी गठबंधन का समर्थन मिला हुआ है.
Benjamin Netanyahu के पास सरकार बनाने के लिए अब 28 दिन का समय होगा. वहीं, अगर समय बढ़ाने की जरूरत पड़ती है तो राष्ट्रपति उन्हें कुछ अतिरिक्त दिन का समय दे सकते हैं. दरअसल, इजरायल के राष्ट्रपति के पास 14 दिन तक का समय देने का कानूनी अधिकार होता है.

