बारामुला जिले के सोपोर में मुठभेड़- तीन आतंकी मार गिराए गए, तीन एके 47 राइफल तथा विस्फोटक सामग्री बरामद
बारामुला जिले के सोपोर में रविवार को सुरक्षा बलों ने तीन आतंकियों को मुठभेड़ में मार गिराया। मारे गए आतंकियों से तीन एके 47 राइफल तथा विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। पूरे इलाके में तलाशी अभियान चला रखा गया है।
सोपोर के रेबान गांव में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर रविवार तड़के चार बजे सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान एक घर में छिपे आतंकियों ने घेरा सख्त होता देख सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी।
पहले तो सुरक्षा बलों ने उन्हें समर्पण का भरपूर मौका दिया। इसके बाद भी उन्होंने गोलीबारी जारी रखी तो जवाबी कार्रवाई से मुठभेड़ शुरू हो गई। इसमें तीन आतंकी मार गिराए गए।
Pakistani LeT terrorist Usman killed in Sopore encounter. He was involved in the recent terror attack at Sopore in which one CRPF jawan lost his life and one civilian was killed: IGP Kashmir Vijay Kumar
(file pic) pic.twitter.com/OWhjwwWFr0— ANI (@ANI) July 12, 2020
आईजीपी विजय कुमार ने बताया कि इनमें से एक आतंकी पाकिस्तानी आतंकी संगठन तश्कर-ए-तैयबा का है जिसका नाम उस्मान है। ये हाल ही में हुए सोपोर हमले में भी शामिल था। उस हमले में एक सीआरपीएफ का जवान शहीद हुआ था और एक नागरिक भी मारा गया था।
दो आतंकियों को मारे जाने के बाद दूसरी ओर से फायरिंग कुछ देर के लिए बंद हो गई। इसके बाद सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन चलाया तो छिपे एक आतंकी ने दोबारा फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद जवानों ने मोर्चा संभालते हुए तीसरे आतंकी को भी ढेर कर दिया। पुलिस ने बताया कि तीनों आतंकियों से असलहे बरामद किए गए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे मुठभेड़ स्थल पर न जाएं क्योंकि आतंकियों का विस्फोटक सामग्री वहां मौजूद हो सकता है।
ज्ञात हो कि गत बुधवार की शाम को आतंकियों ने भाजपा नेता वसीम बारी, उनके भाई तथा पिता की गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्याकांड में एक स्थानीय तथा एक पाकिस्तानी आतंकी शामिल था। इस हत्याकांड के बाद से सुरक्षा बलों की ओर से पूरे उत्तरी कश्मीर में अभियान चला रखा गया है ताकि हमलावर आतंकियों को ढूंढकर उनका सफाया किया जा सके। इसी कड़ी में सोपोर में भी आतंकियों को ढूंढ निकालने में सफलता मिली।
