Muzaffarnagar-इंटर फेयर संवाद का हुआ आयोजन
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। सांप्रदायिक सौहार्द कायम कर देश को तरक्की के रास्ते पर ले जाने के लिए मेरठ सेवा समाज के तत्वावधान में इंटर फेयर संवाद का आयोजन किया गया। जिसमें सभी धर्म समुदाय के लोगों ने हिस्सा लेकर सौहार्द कायम रखने का संकल्प लिया।
रुड़की रोड़ स्थित मिर्च मसाला रेस्टोरेंट में एकदिवसीय इंटरफेस संवाद का आयोजन किया गया। इंटर फेयर संवाद के दौरान समाजसेवी मनीष चौधरी ने कहा कि मुल्क की तरक्की में हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सभी का बराबरी का योगदान है। चाहे देश का स्वतंत्रता संग्राम हो अथवा देश का आर्थिक विकास। उन्होंने कहा कि देश विश्व की तेजी से उभरती हुई बड़ी अर्थव्यवस्था है।
इसमें सभी धर्म और संप्रदाय के लोगों का बराबरी का योगदान है। यदि देश को विश्व पटल पर सर्वाधिक ऊंचाई पर ले जाना है तो इस सांप्रदायिक सौहार्द को हमेशा के लिए कायम करना होगा। मनीष चौधरी ने कहा कि हम सब मिलकर एक साथ समाज को जोड़ने का काम करते रहेंगे।
समाजसेवी टीम के सदस्य मौलाना फैजुरर्रहमान, भारतवीर प्रधान व योगेन्द्र मुन्ना ने भी समाज में आपसी भाईचारा कायम करने के लिए समाजसेवी टीम व मेरठ सेवा समाज संस्था साथ मिलकर काम करना जारी रखेंगे। मेरठ सेवा समाज संस्था के समन्वयक कुलदीप त्यागी ने बताया कि उनकी संस्था वर्ष २०१९ से काम कर रही है और समाज में आपसी भाईचारा और सांप्रदायिक सौहार्द कायम किया जा रहा है। आज का कार्यक्रम भी इसी उद्देश्य से किया गया है।
इस दौरान मुख्य रूप से सरदार गुरुचरण सिंह बराड़, संदीप शर्मा, इरशाद साबरी, नितिन कुमार, अरुण कुमार, रुचि पाल, तृषा, बबलू काजी, अनुज त्यागी आदि शामिल रहे।

