News
खबरें अब तक...

समाचार (Muzaffarnagar News)

पुलिस मुठभेड में किया गिरफ्तारMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) देर रात हुई पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश को पैर में गोली लग गई। इससे वह घायल हो गया। पुलिस ने बदमाश को दबोचकर उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। बदमाश से एक तमंचा और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार, बदमाश पर डेढ़ दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। खतौली के थाना प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश क्षेत्र में आपराधिक घटना को अंजाम देने के इरादे से घूम रहे हैं। उन्होंने बताया कि मुखबिर के बताए स्थान पर पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया।
देर रात जब पुलिस क्षेत्र के रायपुर नगली रोड के पास चेकिंग कर रही थी तो उसी समय दो संदिग्ध बाइक पर आते हुए नजर आए। जिन्हें पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो उन्होंने बाइक मोड़कर पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी और बाइक फिसल गई। पैर में गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया। जबकि दूसरा बदमाश मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को दबोच कर जिला अस्पताल पहुंचाया। जिसने अपना नाम शहाबुद्दीन उर्फ शब्बू निवासी हरिजन पट्टी थाना दौराला जनपद मेरठ बताया। बदमाश के कब्जे से एक तमंचा और चोरी की बाइक भी बरामद हुई है। उन्होंने बताया कि बदमाश पर डेढ़ दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उससे पूछताछ की जा रही है।

 

नन्हें मुन्नों ने होली पर्व पर किये रंगारंग कार्यक्रम
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) । नई मंडी स्थित आइडियल किड्स स्कूल में होली पर्व पर एक रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बच्चों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया एवं होली पर्व के गीतों पर जमकर नृत्य भी किये। इस अवसर पर बच्चों ने होली पर्व पर आधारित सुंदर सुंदर ग्रीटिंग कार्ड भी बनाएं एवं आपस में हर्बल गुलाल लगाकर एवं मिठाई खिला कर एक दूसरे को होली की शुभकामनाएं दी। इसअवसर पर आइडियल किड्स के निदेशक पी.के.जैन ने सभी को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी त्योहार समाज में भाईचारा एवं प्रसन्नता का वातावरण बनाने के लिए आते हैं अतः इस बात को ध्यान में रखते हुए ही हमें इस पर्व को मनाना चाहिए। आइडियल किड्स में इन सभी पर्वों को मनाने का उद्देश्य अपने बच्चों को भारत की सामाजिक परंपराओं से अवगत कराने के साथ उनका चहुंमुखी विकास करना है। स्कूल की इंचार्ज श्रीमती नीता अग्रवाल ने भी बच्चों को पर्व की शुभकामनाएँ दी। कार्यक्रम को सफल बनाने में संपूर्ण स्टाफ का योगदान रहा।

 

रासायनिक रंग अबीर, गुलाल आदि से दूर रहने की सलाह दी
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) द दून वैली पब्लिक स्कूल में होली का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सर्वप्रथम कार्यक्रम का प्रारंभ विद्यालय की ब्रांच हेड श्रीमती जसबीर कौर जी ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित करके किया। तत्पश्चात विद्यालय के अध्यापक- अध्यापिकाओं ने भी एक दूसरे को रंग लगाकर होली के पर्व की शुभकामनाएं दी। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा शर्मा जी भी समय पर उपस्थित रहीं और सभी को होली के पर्व की शुभकामनाएं देते हुए बताया कि होली एक ऐसा रंग -बिरंगा त्योहार है, जिसे हर धर्म के लोग पूरे उत्साह और मस्ती के साथ मनाते हैं। प्यार भरे रंगों से सजा यह पर्व हर धर्म, संप्रदाय, जाति के बंधन खोलकर भाई-चारे का संदेश देता है। इस दिन सारे लोग अपने पुराने गिले-शिकवे भूल कर गले लगते हैं और एक दूजे को गुलाल लगाते हैं। अंत में विद्यालय की ब्रांच हैड श्रीमती जसबीर कौर जी ने भी सभी छात्रों और समस्त अध्यापक -अध्यापिकाओं को होली के पर्व की शुभकामनाएं देते हुए बताया कि होली का पर्व भाई-चारे और स्नेह का प्रतीक है। हमें इसे प्यार के साथ मनाना चाहिए । उन्होंने बताया कि हमें इस पर्व पर किसी के साथ भी अभद्र व्यवहार नहीं करना चाहिए। साथ ही उन्होंने छात्रों को रासायनिक रंग अबीर, गुलाल आदि से दूर रहने की सलाह भी दी। अंत में सभी को मिठाइयां व गुजियां वितरित कर कार्यक्रम का समापन किया गया।

होली मिलन उत्सव टैक्स बार एसोसिएश ने मनायाMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)  जानसठ रोड स्थित दर्पण बैंकट हॉल में टैक्स बार एसोसिएशन रजिस्टर्ड मुजफ्फरनगर द्वारा होली मिलन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन संघ के पूर्व अध्यक्ष श्री एन०के० अरोरा जी ने किया। कार्यक्रम की शुरूआत श्री गणेश वन्दना से की गयी। कार्यक्रम में संगीत सरिता के कलाकारो द्वारा विभिन्न प्रस्तुतियां पेश की गयी। कार्यक्रम में शिव पार्वती, मां दुर्गा, शिव तांडव एव राधा कृष्ण जी की मनमोहक झांकिया प्रस्तुत की गयी। कार्यक्रम में विभिन्न बच्चों द्वारा कविता, पियानो आदि से कार्यक्रम का समा बांधा। कार्यक्रम के अन्त में सभी आये हुये मेहमानो ंद्वारा राधा कृष्ण जी के साथ फूलों की होली खेली गयी व कार्यक्रम का आनन्द लिया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से सलिल वत्स, ब्रज मोहन, अनिल सिंघल, प्रेम प्रकाश, आर०के० शर्मा, रोहताश कर्णवाल, नमन मित्तल, प्रशान्त कुमार, प्रवीण कुमार, शलभ कौशिक, दीपक शर्मा, निधिश गुप्ता, राजकुमार गुप्ता, मधुसुदन गर्ग, रवि शंकर अग्रवाल, राजीव गुप्ता, अभिलाष गुप्ता, नीरज पाल, मुकेश ढिंगरा, हर्षित गर्ग, सुधीर तायल, अमित तायल, कृष्ण कुमार, विकास वत्स, प्रशान्त कुमार आदि अधिवक्ता सपरिवार उपस्थित हुये और कार्यक्रम का आनन्द लिया।

चाकू के साथ खतौली पुलिस ने दबोचा
खतौली। मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)  थाना खतौली पुलिस द्वारा ०१ अभियुक्त को एक अदद चाकू के साथ गिरफ्तार किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जनपद में अपराधियो के विरुद्ध चलाये जा रहे धर पकड़ अभियान में श्रीमान पुलिस अधीक्षक नगर के व क्षेत्राधिकारी खतौली के कुशल निर्देशन व प्रभारी निरीक्षक थाना खतौली संजीव कुमार के पर्यवेक्षण मे उ०नि० मोहित चौधरी द्वारा चौकिंग/गस्त के दौरान अभि० मौ० बिलाल पुत्र मौ० अकरम निवासी मौ० इस्लामनगर थाना खतौली मु०नगर समय करीब १९.२५ बजे बिद्दीबाडा कट जीटी रोड खतौली से गिरफ्तार किया गया तथा अभि० के कब्जे से एक अदद चाकू नाजायज बरामद किया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उ०नि० मोहित चौधरी, है०का० संजय कुमार, का० योगेन्द्र कुमार, सोनू शामिल रहे।

 

हरिद्वार से मंदिर पुजारी का बेटा सकुशल बरामदMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) शिव मूर्ति मंदिर के पुजारी का बेटा रविवार देर रात हरिद्वार से बरामद हो गया। पुलिस ने किशोर को बरामद कर उसका मेडिकल कराया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पिता की पिटाई से क्षुब्ध होकर ही किशोर नाराजगी में हरिद्वार चला गया था। शहर की हृदय स्थली माने जाने वाले शिव मूर्ति मंदिर के पुजारी पंडित रमेश चंद पांडे का १४ वर्षीय बेटा अक्षय पांडे शनिवार शाम ५ः०० बजे से घर से गायब था। पंडित रमेश चंद पांडेय की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अक्षय पांडेय के अपहरण का मुकदमा अज्ञात आरोपी के विरुद्ध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी। पुलिस ने अक्षय की बरामदगी के लिए परिजनों को आश्वस्त किया था। रविवार रात शहर के पुजारियों ने शिव मूर्ति में एकत्रित होकर पुलिस के विरुद्ध प्रदर्शन किया था और चेतावनी दी थी कि यदि अक्षय पांडेय बरामद नहीं हुआ तो वह होलिका दहन का पूजन नहीं करेंगे। एसएसपी ने किशोर की बरामदगी के लिए शहर कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच तथा सर्विलांस अलग-अलग ३ टीमों का गठन किया था।
एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीमों ने अक्षय पांडेय की तलाश में जुटते हुए शहर में लगे करीब १०० से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। जिसके आधार पर पुलिस को अक्षय का सुराग मिला।
अक्षय पांडेय शनिवार को घर से निकल कर सीधा रेलवे स्टेशन पहुंचा था और पैसेंजर ट्रेन पकड़कर वह हरिद्वार आ गया था। पुलिस और सर्विलांस टीम ने सीसीटीवी कैमरा हॉर्स सर्विलांस की मदद से अक्षय का पता लगाया और हरिद्वार से उसे बरामद कर लिया। सूत्रों की माने तो अक्षय ने बताया कि वह उसके पिताजी की किसी बात से क्षुब्ध होकर घर से चला गया था।

श्री सालासर बालाजी धाम मुजफ्फरनगर का भव्य होली उत्सव होगा 8 को आयोजित
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) श्री बालाजी महाराज के ३० से अधिक विग्रह स्वरूपों वाले एकमात्र मनोकामना पूर्ण धाम श्री सालासर बालाजी धाम (पचेंडा रोड निकट दीनदयाल कालेज) मुजफ्फरनगर द्वारा विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी फाग उत्सव के दिन मंदिर के विशाल प्रांगण में होली उत्सव आयोजित किया जा रहा है। श्री सालासर बालाजी धाम के सेवादार राजीव बंसल ने जानकारी देते हुए बताया कि होली के महापर्व पर श्री सालासर बालाजी धाम दिनांक ८ मार्च को मंदिर के विशाल प्रांगण में होली उत्सव आयोजित कर रहा है। जिसमें दोपहर ३ः०० से श्री राधा माधव संकीर्तन मंडल मुजफ्फरनगर द्वारा भव्य संकीर्तन का आयोजन होगा। फूलों व चन्दन से होली खेली जाएगी। बाबा को भोग लगेगा। आरती भोग प्रसाद के पश्चात् भव्य भंडारा आयोजित होगा। सभी श्रद्धालु भक्तजनों से समय से धर्म लाभ प्राप्त करने की विनती समस्त मंदिर समिति ने की है। होली उत्सव के सफल आयोजन हेतु समस्त मंदिर परिवार उत्साह के साथ लगा है।

 

जीत दर्ज कर किया नाम रोशन
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) भारतीय कबड्डी टीम ने मेजबान ईरान को हराकर जूनियर कबड्डी विश्वकप जीत लिया है। टीम इंडिया के कोच मुंडभर गांव के संजीव बालियान बनाए गए थे, जबकि शामली के मखमूलपुर गांव के अभिजीत मलिक बतौर खिलाड़ी टीम में शामिल रहे।
अर्जुन अवार्डी भारतीय कबड्डी टीम के पूर्व कप्तान संजीव बालियान को जूनियर विश्वकप के लिए भारतीय टीम का प्रशिक्षक बनाया गया था। ईरान में विश्वकप का यह दूसरा संस्करण था और भारतीय टीम पहली बार भाग ले रही थी। शनिवार को खेले गए फाइनल में टीम इंडिया ने मेजबान ईरान को ४१-३३ के अंतर से पराजित किया। मखमूलपुर गांव के अभिजीत मलिक ने बतौर खिलाड़ी भाग लिया और शानदार खेल का प्रदर्शन किया। मुंडभर और मखमूलपुर गांव में खुशी का माहौल है। बालियान ने इससे पहले प्रो कबड्डी लीग में जयपुर की टीम को विजेता बनाया था।

 

ताले तोड़कर फोटो स्टूडियो से सामान चोरीMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) थाना सिविल लाईन क्षेत्र में फोटो स्टूडियो का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों का सामान चोरी कर लिया। साथ ही कई शादियों के फोटोज व डाटा भी चले गए। पीड़ित फोटोग्राफर ने थाना सिविल लाइन में मुकदमा दर्ज कराया है। साथ ही पुलिस से कार्रवाई की भी मांग की है।
जानकारी के अनुसार थाना सिविल लाइन क्षेत्र के अंतर्गत सहारनपुर बस स्टैंड के पास मार्केट में पहली मंजिल पर रविंद्र गोस्वामी का फोटो स्टूडियो है। रविंद्र गोस्वामी ने बताया कि कुछ बदमाशों ने शटर का ताला तोड़कर उनके स्टूडियो से डेस्क टॉप, एलईडी और दूसरा लाखों का सामान और १० -१२ हजार की नगदी चोरी कर ली। रविंद्र गोस्वामी ने बताया कि डेस्कटॉप कंप्यूटर में कई शादियों का फोटो शूट का डाटा मौजूद था, जिनकी डिलीवरी उसे करनी थी। बताया कि जब उसने स्टूडियो आकर देखा तो ताला तोड़कर भीतर से काफी सामान चुरा लिया गया था। रविंद्र के अनुसार, जो डेस्कटॉप चोरी हुआ है, उसमें आउटडोर फोटोशूट का भी डाटा मौजूद है। बताया कि मौके से लाखों का सामान चोरी हुआ है, लेकिन उन्होंने जो फोटो शूट किया था उस पर भी काफी खर्च आया हुआ था। पुलिस ने अज्ञात बदमाश के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। रविंद्र ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगालने के बाद एक संदिग्ध पर उन्हें शक हुआ है जिसकी जानकारी पुलिस को दे दी गई है।

 

 

शराब की दुकानों का एसएसपी ने किया निरीक्षणMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) आगामी होली, शब-ए-बारात आदि त्यौहारों को सकुशल सम्पन्न कराने, जनपद में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ रखने तथा कानून एवं शान्ति व्यवस्था बनाए रखने हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन द्वारा पुलिस बल के साथ नगर क्षेत्र में रेलवे रोड, एसडी तिराहा आदि भीड़-भाड़ एवं संवेदनशील स्थानों पर पैदल गस्त करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। एसएसपी द्वारा पैदल गस्त के दौरान व्यापारियों/दुकानदारों से वार्ता कर उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी की गयी तथा सरकारी शराब के ठेको को चौक किया गया एवं सभी को अपने प्रतिष्ठानों/ठेकों पर सीसीटीवी कैमरें लगवाने सहित अन्य आवश्यक दिशा- निर्देशों से अवगत कराया गया तथा शान्ति व्यवस्था हेतु लगायी गयी ड्यूटियों को चेक करते हुए ड्यूटी पर मौजूद पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये। साथ ही जिन स्थानो पर महिलाओं की संख्या अधिक होती है वहाँ पर महिला पुलिसकर्मियों द्वारा लगातार पैट्रोलिंग हेतु सम्बन्धित को निर्देशित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन द्वारा त्यौहारों के समय बाजारों में अधिक भीड़भाड़ रहने की सम्भावना को देखते हुए शहर में जाम लगने वाले स्थानों का भ्रमण किया तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने हेतु सम्बन्धित को निर्देशित किया गया । इसके साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा जनपदवासियों से अपील की गयी कि आपसी भाईचारा बनाए रखें तथा एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें। अराजकता फैलाने वालों की सूचना तत्काल पुलिस तो दें तथा जनपद में शान्ति एवं सौहार्द पूर्ण वातावरण बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। पैदल गस्त के दौरान थाना प्रभारी कोतवाली नगर महावीर सिंह चौहान, थाना प्रभारी सिविल लाईन अजय श्रोतिया सहित अन्य पुलिस अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

 

प्रक्रिया का प्रारंभिक परीक्षण किया
जानसठ।मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) नगर पंचायत जानसठ से इकट्ठा किए गए सूखे कूड़े को एमआरएफ सेंटर पर मशीनों के माध्यम से अलग-अलग करके निस्तारण किए जाने की प्रक्रिया का प्रारंभिक परीक्षण किया गया। शासन से प्राप्त दिशा निर्देश, जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन/प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय से प्राप्त निर्देशों के क्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के गार्बेज फ्री सिटी बनाने के संकल्प को पूरा करने के लिए नगर पंचायत जानसठ में भी निरंतर अभियान चलाए जा रहे हैं। नगर से इकट्ठा किए गए सूखे कूड़े को एमआरएफ सेंटर पर मशीनों के माध्यम से अलग-अलग करके निस्तारण किए जाने की प्रक्रिया का प्रारंभिक परीक्षण किया गया ! फरवरी माह के प्रारंभ से ही नगर के समस्त नागरिकों को वाहनों में लगे पब्लिक ऐड्रेस सिस्टम से, मुनादी से तथा घर-घर संपर्क करके लोगों सूखे कूड़े और गीले कूड़े को अलग-अलग देने की अपील निरंतर की जा रही है! नागरिकों के सहयोग और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से कूड़ा मुक्त शहर बनाने की दिशा में नगर पंचायत जानसठ की टीम दिशा में निरंतर प्रयत्नशील है।

होली, शबे बरात पर्व को लेकर दिये दिशा निर्देशMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह की अध्यक्षता में होली पर्व के दृष्टिगत सुचारू परिवहन एवं सड़क सुरक्षा के संबंध में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक संपन्न हुई। आगामी होली, शबे बरात पर्व को दृष्टिगत रखते हुए राज्य परिवहन मंत्री दया शंकर सिंह की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा एवं परिवहन व्यवस्था के संबंध में समीक्षा बैठक संपन्न हुई। समीक्षा बैठक में मंत्री द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा अनुरूप होली पर्व के दृष्टिगत परिवहन विभाग को आवश्यक तैयारियां पूर्ण किए जाने के संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने कहा की होली के दिन अतिरिक्त बसों का संचालन सुनिश्चित कराया जाए, यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न न होने पाए। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त बसों की व्यवस्था भी सुनिश्चित कराई जाए एवं कर्मचारियों की अवकाश पर रोक लगायी जाएं। उन्होंने सड़क सुरक्षा के संबंध में निर्देशित किया कि कोई भी चालक, परिचालक नशा इत्यादि अवस्था में ना पाया जाए, जिससे किसी भी यात्री को समस्या का सामना करना पड़े तथा नियमित रूप से ऐसे वाहनों की चेकिंग कराई जाए जो त्यौहार पर नशा करके हुड़दंग मचाने का प्रयास करते हैं तथा दूसरे व्यक्तियों को नुकसान पहुंचाते हैं। ऐसे हुड़दंगी पर सख्त से सख्त कार्रवाई कर उनके वाहन जबत कराए जाएं। उक्त बैठक में परिवहन निगम अध्यक्ष संजय कुमार, परिवहन आयुक्त चंद्र भूषण सिंह उपस्थित रहे। जनपद स्तर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह, एआरटीओ प्रवर्तन विश्वजीत सिंह, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक खतौली राकेश कुमार, सीओ सदर एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

प्री-होली बैश पार्टी आयोजित
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) लेडीज क्लब में प्री- होली बैश पार्टी बड़े धूम- धाम से आयोजित की गयी । लेडीज क्लब की मेंबर्स ने प्री-होली बैश पार्टी आयोजित की। मेंबर्स वाइट रंग की ड्रेसिज में पहुंचीं। सभी ने यहां आर्गेनिक रंगों के साथ होली खेली। मेंबर्स ने यहां एक-दूसरे को रंग लगाए, वहीं बॉलीवुड गीतों पर जमकर डांस किया। प्री-होली सेलिब्रेशन में स्नेक्स के साथ-साथ ठंडाई का लुत्फ भी उठाया। प्री-होली थीम पर ही तंबोला खेला गया और वही होली से सम्बंधित फन गेम्स खेली गयी जिसमें होली क्यों मनायी जाती है, एक मिनट के समय में जिसने सबसे ज्यादा गुब्बारे फुलाये जैसे फन गेम्ज खेले गये और विजेता रहने वालों को सर्प्राइज गिफ्ट्स दिए गए। लेडीज क्लब में प्री-होली सेलिब्रेशन के दौरान फूलों के साथ होली खेली गई। वहीं मौजूद मेंबर्स ने होली के गीतों श्होली खेली रघुवीरा, रंग बरसे गीतों.. का आनंद भी उठाया और विभिन्न होली के गानो पर शानदार प्रस्तुतियाँ दी ।क्लब में तंबोला भी खेला गया और विजेता रहने वाले मेंबर्स को सरप्राइज गिफ्ट्स दिए गए। इस आयोजन को सफल बनाने में अध्यक्ष कुसुम कुमार, सरिता स्वरूप,डॉ रिंकू सचिन गोयल, मंजरी कुमार, पल्लवी स्वरूप, नीति गोपाल, निशा सिंगल, शरद गुप्ता का भरपूर योगदान रहा।

 

एसडी मार्किट में भारतीय योग संस्थान द्वारा होली मिलन समारोह आयोजित
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) भारतीय योग संस्थान पंजीकृत मुजफ्फरनगर की समस्त योग शाखाओं द्वारा एस डी मार्केट में होली मिलन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ व्यापारी नेता एव अध्यक्ष वैश्य सभा जनपद मुजफ्फरनगर कृष्ण गोपाल मित्तल,अनिल नामदेव अध्यक्ष एस डी मार्किट,अजय कुमार सिंघल महामंत्री वैश्य सभा उपस्थित रहे,कार्यक्रम का शुभारंभ कृष्ण गोपाल मित्तल,अनिल नामदेव,अजय कुमार सिंघल द्वारा सरस्वती जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया,कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर आर के गर्ग (संरक्षक) द्वारा किया गया,
होली मिलन समारोह में सैकड़ों योग साधक एवं साधिकाओं द्वारा उपस्थित रहकर फूलों की होली खेलते हुए बड़े ही हर्षोल्लास के साथ होली मिलन समारोह मनाया गया,कार्यक्रम में प्रस्तुति देते हुए सुभाष चंद गुप्ता जिला प्रधान,प्रेम सिंह राणा जिला मंत्री,ज्ञान चंद अरोरा योग चिकित्सक, संजीव कुमार गोयल क्षेत्रीय प्रधान, गजेंद्र राणा,विनोद वर्मा,रेनू तायल, विनीता,विनय,रेखा,प्रीति,धर्मवीर,रवि, बाबूराम,डॉक्टर प्रमोद,हरजीत, प्रमिला,प्रतीक तायल,सतीश,अनिल, जियालाल जी,रवि दत्त,लोकेश,भावेश,इंद्र राज जी, दिनेश जी द्वारा कार्यक्रम को सफल बनाया गया

 

पारिवारिक सभा होली मिलन समारोह का आयोजन
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) मंगलम गोल्ड, निकट विश्वकर्मा चौक, मुजफ्फरनगर में भारत विकास परिषद मुजफ्फरनगर मेन शाखा की पारिवारिक सभा होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का प्रारंभ हर्षवर्धन जैन प्रांतीय सचिव सेवा व शाखा संरक्षक, व्यापारी नेता व कार्यकारिणी के सम्मानित सदस्य संजय मिश्रा, अशोक कुमार सिंघल प्रांतीय चेयरमैन सर्व शिक्षा अभियान द्वारा भारत माता, श्री विवेकानंद व डॉक्टर सूरज प्रकाश जी की फोटो पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलन किया गया। इसके पश्चात सभी सदस्यों ने वंदे मातरम का सामूहिक गान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना से हुआ जिसे मानुषी ने गाया।
मंच का सुंदर संचालन नवनीत कुमार गुप्ता कोषाध्यक्ष व भारत भूषण अरोड़ा ने किया। डॉक्टर रश्मि विनायक ने कविता सुनाई,कार्यक्रम में डॉक्टर अंजली गर्ग ने होली पर कविता सुनाई।
कार्यक्रम में मोहनलाल ने चुटकुले डॉक्टर बृजेश आत्रेय ने होली पर गीत प्रस्तुत किए। परिषद की सदस्य सुनीता शर्मा व सुषमा आत्रेय व ने गीत प्रस्तुत किए जिस पर सभी सदस्यों ने डांस किया। कार्यक्रम में गायक कुशल ने गीत यह शाम मस्तानी,शोले फिल्म का चलो रे साथी, हाल क्या है दिलों का तथा पूनम जी ने भजन तथा होली पर रंगारंग गीत प्रस्तुत करे।
इसके बाद हर्षवर्धन जैन, अशोक सिंघल व संजय मिश्रा ने सभी सदस्यों को परिषद की तरफ से वार्षिक पुरस्कार व होली के उपहार दिए गए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मनीष गर्ग ने की कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष नवनीत कुमार गुप्ता उपस्थित रहे और सभी ने सचिव विनीत गुप्ता का सहयोग किया।
सभा में वर्तमान दायित्व धारियों को ही आगामी सत्र २०२३-२०२४ के लिए दायित्व सौंपा गया तथा माला व पटका पहना कर स्वागत किया गया गया।
कार्यक्रम में विनोद अग्रवाल, विनय कुमार गर्ग, राजकुमार गुप्ता, राम कुमार गर्ग, विरेंद्र कुमार, राहुल कुशवाहा, बृजमोहन शर्मा, डॉ नितिन जैन, शुभम शुक्ला,डा दीपक गर्ग,नीरज सिंघल, पुरुषोत्तम दास सिंघल, राजकुमार गुप्ता, मनोज कुमार शर्मा,पवन गोयल उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में अतिथि के तौर पर पधारे इंजीनियर वी.के. गुप्ता, हेमंत विश्नोई,आशुतोष अग्रवाल, सौरभ आर्य, मोहनलाल व रेशू गुप्ता जी का स्वागत मनीष गर्ग ने किया तथा
सभी का आभार प्रकट किया व स्वादिष्ट भोजन के लिए सभी को आमंत्रित किया।
सभा का समापन सामूहिक राष्ट्रगान से हुआ।

 

धूमधाम से होली मिलन कार्यक्रम मनाया
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)  भारतीय योग संस्थान के निशुल्क योग साधना केंद्र कमला नेहरू वाटिका मुजफ्फरनगर में होली मिलन कार्यक्रम धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य एवं जनपद प्रभारी योगाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य एवं जिला प्रधान राज सिंह पुंडीर ने योग साधना कराई।
योगाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य ने बताया कि होली आपसी भेदभाव को दूर करने का त्यौहार है। इस अवसर पर हमें पुराने लड़ाई झगडो को भूलकर आपस में मिलजुल कर रहने का संकल्प लेना चाहिए। होली का पर्व को मनाए जाने की अनेक मान्यताएं हैं। कुछ लोगों का मत है कि हिरण्यकश्यप नाम के राजा ने अपने ईश्वर भक्त पुत्र प्रहलाद को मारने के लिए अपनी बहन होलिका की गोद में बिठाकर अग्नि से जलाने की कोशिश की परंतु ईश्वर भक्त पहलाद सुरक्षित बच गए और होलीका जलकर राख हो गई। वैदिक मान्यताओं के अनुसार होली का पर्व किसानों की फसल पक कर तैयार हो जाती है उसका एक अंश ईश्वर को अग्नि में समर्पित करते हुए होली के रूप में मनाया जाता है।
जिला प्रधान राज सिंह पुंडीर ने बताया कि होली के पर्व को सभी लोग आपस में मिलजुल कर मनाएं। कोई भी पर्व हमें उत्साह उमंग और नई चेतना प्रदान करता है। भारतीय संस्कृति अपने आप में महान संस्कृति है। हमारा देश पर्वो और त्योहारों का देश है। इस अवसर पर आचार्य रामकिशन सुमन ने होली पर्व का गीत प्रस्तुत किया। केंद्र प्रमुख श्री प्रेमपाल बालियान ने सभी योग साधकों को चंदन का तिलक लगाकर होली पर्व की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर काफी संख्या में योग साधक और साधिकाओ ने भाग लिया जिसमें मुख्य रुप से पूर्व क्षेत्रीय प्रधान रणधीर सिंह, वीर सिंह ,रविंदर धीमान ,सुमन गर्ग आदि का विशेष सहयोग रहा।

News

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: info@poojanews.com

News-Desk has 21278 posts and counting. See all posts by News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

11 + 19 =