Bhilwara: फिल्मी स्टाइल में दुल्हन का दिनदहाड़े अपहरण, पुलिस जुटी है दुल्हन की तलाश में
Bhilwara जिले में एक सनसनीखेज वारदात में कुछ बदमाश शादी के चंद घंटों बाद ही एक दुल्हन का दिनदहाड़े फिल्मी स्टाइल में अपहरण (Abduction) कर ले गए. दुल्हन अपने पति और ससुराल वालों के साथ मंदिर में धोक लगाने आई थी.
उसी दौरान यह वारदात हो गई. बदमाशों के आगे दूल्हा और उसके परिजन कुछ नहीं कर पाए. दूल्हे के परिजनों ने इस संबंध में भीलवाड़ा शहर के सुभाष नगर थाने में मामला दर्ज कराया है. पुलिस दुल्हन की तलाश में जुटी है लेकिन उसका अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है.
पीड़ित पति रवि नायक ने बताया कि तीन दिन पहले उसकी शादी लाछुड़ा गांव में रेणु उर्फ योगिता नायक के साथ हुई थी. शादी के बाद वह शनिवार को वह पत्नी और परिजनों के साथ कृषि उपज मंडी में स्थित सगस महाराज जी के मंदिर में धोक लगाने के लिए गया था. उसी दौरान कुछ बदमाश बाइक पर धारदार हथियारों के साथ आए. उन्होंने आते ही हम पर हमला कर दिया और दुल्हन को उठा ले गए.
बकौल रवि हमने पुलिस थाने में इसकी रिपोर्ट दर्ज करवाई है. लेकिन तीन दिन बाद भी अभी तक दुल्हन का कोई पता नहीं चल पाया है. रवि के पड़ोसी ईश्वर ने आरोप लगाया कि मामला दर्ज होने के बाद भी पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है. दूसरी तरफ सुभाष नगर थाने के कार्यवाहक थानाप्रभारी जगदीश मीणा का कहना है कि इस मामले में दुल्हन के ससुराल पक्ष ने दीपक नामक शख्स पर शक जताते हुए केस दर्ज कराया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. मामले की गहनता से जांच की जा रही है.

