Ethiopia: विस्फोट में 50 से ज्यादा लोगों के घायल होने की सूचना
Ethiopia के फिनोट सेलम में रविवार को एक विस्फोट हुआ है जिसमें कम से कम 26 लोगों की मौत हो गई है. वहीं, 50 से ज्यादा लोगों के घायल होने की सूचना भी है. सभी घायलों का फिनोट सेलम जनरल अस्पताल में इलाज किया जा रहा है जहां संघर्ष के बाद से अब तक 160 घायलों का इलाज किया जा चुका है. इथियोपियाई मानवाधिकार आयोग (EHRC) ने दो समूहों के बीच जारी लड़ाई पर गंभीर चिंता व्यक्त की है.
सीएनएन रिपोर्ट के मुताबिक, फिनोट सेलम जनरल अस्पताल के सीईओ मनये तेनाव ने बताया कि रविवार को क्षेत्र में विस्फोट हुआ था. विस्फोट के कारण अब तक 26 लोगों की मौत हो चुकी है. 50 लोग घायल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है. सुरक्षा बलों (Ethiopian Military Forces) और समूह के बीच जारी लड़ाई के कारण विस्फोट (Explosion) से पहले 160 लोगों का इलाज किया जा चुका है.
गत 3 अगस्त को अमहारा के सुरक्षा बलों और फानो नामक स्थानीय मिलिशिया के मध्य यह लड़ाई शुरू हुई थी. इथियोपियाई मानवाधिकार आयोग (EHRC) ने इस पर गंभीर चिंता व्यक्त की है. दोनों समूहों के बीच तनाव काफी समय से जारी है. इस सब के चलते इथियोपियाई सरकार ने गत 4 अगस्त को अमहारा में 6 माह के आपातकाल की घोषणा भी कर दी थी जिस पर मिलिशिया का कहना है कि इससे देश पर राष्ट्रीय संकट आ सकता है.
मानवाधिकार आयोग का कहना है कि अम्हारा के कई इलाकों में भारी लड़ाई हुई है. इस दौरान तोपखानों का इस्तेमाल भी किया गया, जिस वजह से कई नागरिकों की मौत हो गई. वहीं कई नागरिक घायल हैं. हिंसा के कारण आवासीय क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थानों को भी भारी नुकसान पहुंचा है.
बहिर डार और गोंदर में भी हिंसा हो रही है. अदीस अबाबा में अमहारा मूल के लोगों की गिरफ्तारी हो रही है. हालांकि, 9 अगस्त के बाद से दोनों समूहों की हिंसा में कमी आई है. हिंसा के स्थायी कारणों को सुलझाना जरूरी है.

