उत्तर प्रदेश

हत्या से दहला मेरठ:होटल से खाना खाकर घर लौट रहे युवक की पुलिस चौकी के पास गोली मारकर हत्या, भीड़ ने किया थाने पर हंगामा

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में अज्ञात हमलावरों ने एक युवक की पुलिस चौकी के पास गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर हमलावर मौके से फरार हो गए

 उधर, वारदात के बाद आक्रोशित भीड़ ने थाना पहुंच कर हंगामा किया। विधायक संगीत सोम ने भी पुलिस को वारदात का खुलासा करने के लिए 24 घंटे का समय दिया।

वारदात सरधना कसबा में पुलिस चौकी के पास दौराला रोड पर हुई। देर शाम मोहल्ला खेवान निवासी 27 साल का दीपक पुत्र ओमपाल अपने एक अन्य साथी सुमित के साथ जिम से एक होटल पर खाना खाने गया था।


बताया गया कि जब वह खाना खाकर वापस बाइक से घर की और लौट रहे थे तभी बाइक सवार दो हमलावर वहां पहुंचे और उन्होंने बाइक पर बैठे दीपक को गोली मार दी। गोली लगने पर दीपक बाइक से गिर पड़ा। कुछ लोग घायल दीपक की ओर दौड़े लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घर का इकलौता चिराग था दीपक

दीपक की कसबे में ही जूतों की दुकान थी। बताया गया कि वह परिवार का इकलौता चिराग था। परिजनों को जब दीपक की मौत का पता चला तो घर में कोहराम मच गया।
घटना से गुस्साए लोग थाना सरधना पहुंचे और वहां हंगामा कर दिया। कार्यवाहक थाना प्रभारी विनय कुमार और सीओ सरधना आरपी शाही ने भीड़ को समझाने का प्रयास किया लेकिन लोगों को गुस्सा शांत नहीं हुआ।

लोगों ने कहा कि पुलिस चौकी के पास हत्या हो रही है और पुलिस को पता तक नहीं चलता। कहा कि क्षेत्र में अपराध बढ़ रहे हैं और पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। आक्रोशितों ने कहा कि जब तक हमलावर गिरफ्तार नहीं होंगे, अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
विधायक बोले- 24 घंटे में हो घटना का खुलासा

घटना की सूचना मिलने पर सरधना के भाजपा विधायक संगीत सोम भी वहां पहुंच गए। उन्होंने भी घटना को लेकर पुलिस के प्रति अपनी नाराजगी जतायी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि हमलावरों का 24 घंटे में पता लगाकर कार्रवाई करें। घटना की जानकारी मिलने पर एसपी देहात केशव कुमार भी वहां पहुंचे।

उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि जल्द ही घटना का खुलासा कर हमलावरों को गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात में केस दर्ज कर अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है। देर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

News Desk

निष्पक्ष NEWS,जो मुख्यतः मेन स्ट्रीम MEDIA का हिस्सा नहीं बन पाती हैं।

News Desk has 5915 posts and counting. See all posts by News Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

3 × 2 =