शामली: पांच फरवरी को होने वाली महापंचायत को लेकर आयोजक और प्रशासन आमने-सामने
शामली: शामली। कृषि कानूनों के विरोध में तथा किसान आंदोलन के समर्थन में शुक्रवार को शामली जिले के गांव भैंसवाल में होने वाली महापंचायत को लेकर रालोद तथा जिला प्रशासन आमने-सामने हैं।
जहां जिला प्रशासन ने किसान महापंचायत की अनुमति देने से इनकार कर दिया है, वहीं रालोद ने हर हाल में महापंचायत करने का ऐलान कर दिया है।जनपद शामली में कल यानी पांच फरवरी को होने वाली महापंचायत को लेकर आयोजक और प्रशासन आमने-सामने आ गए हैं।
एसडीएम शामली ने कई कारणों का हवाला देते हुए आयोजक द्वारा महापंचायत करने के लिए मांगी गयी अनुमति निरस्त कर दी है। अब आयोजक बिना अनुमति ही पंचायत करने की बात कह रहे हैं।
महापंचायत की अनुमति नहीं
हाल ही में जनपद मुजफ्फरनगर और जनपद बागपत में हुई महापंचायत में हजारों की तादात में लोग शामिल हुए थे। उम्मीद यह जताई जा रही है कि अगर शामली में किसानों द्वारा महापंचायत की जाती है तो हजारों की तादात में यहां पर भी लोग इकट्ठा होंगे इस लिए प्रशासन द्वारा महापंचायत की अनुमति नहीं दी गई है।लिहाजा शामली में टकराव की स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है।
कल शामली जिले के भैंसवाल गांव में होने वाली रालोद की महापंचायत की इजाजत को @dm_shamli जसजीत कौर ने रद्द करते हुए जिले में धारा -144 लगा दी हैं , उधर @RLDparty कार्यकर्ता कल बड़ी रैली करने पर अड़े हुए हे , जिस कारण जिले में टकराव के हालात बनते दिख रहे pic.twitter.com/EfW030M3XC
— News & Features Network (@mzn_news) February 4, 2021
आपको बता दें कि पूरा मामला जनपद शामली का है जहां पर कल यानी 5 तारीख को गढ़ी पुख़्ता थाना क्षेत्र के गांव भैंसवाल में एक महापंचायत रखी गई है। जिसकी अनुमति के लिए आरएलडी के जिलाध्यक्ष योगेंद्र चेयरमैन द्वारा आवेदन किया गया था
लेकिन उनके महापंचायत की अनुमति को शामली प्रशासन द्वारा विभिन्न कारणों का हवाला देते हुए निरस्त कर दिया गया है।कार्यकर्ता दिन रात तैयारियों में जुटे
इसमें राष्ट्रीय लोकदल के उपाध्यक्ष जयंत चौधरी को बतौर मुख्य अतिथि बुलावा भेजा गया है। आयोजक रालोद जिलाध्यक्ष योगेंद्र चेयरमैन का कहना है कि प्रशासन अनुमति दे या न दे पंचायत हर हाल में की जाएगी।
जिम्मेदार लोगों की कमेटी बनाई गई
रालोद के क्षेत्रीय अध्यक्ष चौधरी यशवीर सिंह ने कहा कि शामली जिले के भैंसवाल गांव में पांच फरवरी को होने वाली किसान पंचायत एतिहासिक होगी। क्षेत्र के सभी किसान इस पंचायत की युद्धस्तर पर तैयारी कर रहे हैं। पंचायत शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होगी। जिसकी सूचना प्रशासन को दे दी गई है। किसान पंचायत के प्रोग्राम में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। गांव भैंसवाल में प्रस्तावित महापंचायत के लिए जिम्मेदार लोगों की कमेटी बनाई गई।
पंचायत की व्यवस्थाओं के साथ ही विभिन्न कार्यों का जिम्मा सौंपा गया। महापंचायत में रालोद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी शामिल होंगे। गांव भैंसवाल के प्राइमरी पाठशाला में हुई बैठक में विभिन्न समाज के लोग शामिल हुए और पांच फरवरी को होने वाली पंचायत के लिए जिम्मेदारी सौंपी गई। महापंचायत कन्या गुरुकुल मैदान में होगी।
सपा नेता सुधीर पंवार ने बताया कि महापंचायत के लिए गांव-गांव में जनसंपर्क किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पंचायत भैंसवाल की सभी 36 बिरादरियां करेंगी। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पंचायत के संचालन के लिए युवाओं की कमेटी बनाई जाएगी। सभी से आर्थिक सहयोग लिया जाएगा।
आरएलडी के जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रशासन सत्ताधारी दल के इशारे पर अनुमति नहीं दे रहा है। हमारे कार्यकर्ता दिन रात तैयारियों में लगे हुए हैं।एसडीएम शामली संदीप कुमार का कहना है कि महापंचायत की अनुमति के लिए जांच रिपोर्ट में हजारों की संख्या में भीड़ एकत्र होने के कारण टकराव, उग्र प्रदर्शन और पथराव की आशंका व्यक्त करते हुए अनुमति को निरस्त किया गया हैं।
जिला मजिस्ट्रेट जसजीत कौर ने त्योहारों का हवाला देते हुए जिले में धारा-144 लागू कर दी है, जो तीन अप्रैल तक रहेगी। इन हालात में पंचायत की अनुमति नहीं दी जा सकती है।

