समाचार (Muzaffarnagar News)
पंचमुखी बालाजी सेवा संघ परिवार का वार्षिक उत्सव 11 को

मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News)श्री पंचमुखी बालाजी सेवा संघ परिवार के अध्यक्ष हरीश गुप्ता ने श्री श्यामा-श्याम मन्दिर गांधी नगर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में नवम वार्षिक उत्सव 11 जून के आयोजन के विषय में विस्तार रूप से बताया गया। बैठक में बताया गया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री पंचमुखी बालाजी सेवा संघ परिवार का नवम् वार्षिक उत्सव ११ जून २०२४, दिन मंगलवार को बड़ी धूम-धाम के साथ टाऊन हॉल मैदान, निकट झांसी की रानी, मुजफ्फरनगर में सायं ७.०० बजे से प्रभु इच्छा तक आयोजित होने जा रहा है। बैठक में अध्यक्ष, हरीश गुप्ता ने बताया कि उत्सव में मुख्य रूप से वृंदावन से पधारे नरेन्द्र गोस्वामी (अंग सेवक श्री बांके बिहारी मन्दिर वृदांवन) जी का पावन सानिध्य प्राप्त होगा एवं फतेहबाद से आयी सुप्रसिद्ध भजन प्रवाहिका परविन्दर पलक जी, मुजफ्फरनगर से अर्पित गोयल व आशुतोष तोमर भक्तों को अपने मधुर भजनों से रिझायेगें।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पंचमुखी बालाजी महाराज का मनमोहक दरबार छप्पन भोग प्रसाद, इत्र वर्षा व पुष्प वर्षा राम रसोई की व्यवस्था रहेगी। उन्होंने जानकारी दी है कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय सरकार में पूर्व मंत्री डा. संजीव बालियान एवं उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल, पालिका चेयरमैन श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप, वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव स्वरूप एवं कपिल गर्ग तेल वाले होंगे। कार्यक्रम में दीप प्रज्जवल राजेश गोयल, राकेश गर्ग, विनय त्यागी पूरा वाले द्वारा किया जायेगा। प्रेसवार्ता के दौरान हरीश गुप्ता अध्यक्ष, अनुज गोयल संरक्षक, सुनील तायल संरक्षक, विशाल गर्ग संरक्षक, नवनीत गुप्ता संगठन मंत्री, विपुल तायल, मोनू गर्ग मीडिया, आदित्य अग्रवाल महामंत्री, विनय त्यागी पूरा वाले, हार्दिक सिंघल, गौरव बंसल, नीरज शर्मा, पं. हंसराज शर्मा, वंश सिंघल, विपुल गुप्ता, आदित्य अग्रवाल, अमन गर्ग आदि मौजूद रहे।
एसडीएम बुढाना मोनालिसा जौहरी ने जेसीबी से ध्वस्त कराया अवैध अतिक्रमण

मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) बुढाना एसडीएम मोनालिसा जौहरी लगातार तहसील में सरकारी भूमि पर से अवैध कब्जे हटवा रही है और अवैध कब्जेदारों पर ताबड़तोड़ कार्यवाही कर रही है। उपजिलाधिकारी बुढाना मोनालिसा जौहरी को शिकायत मिली कि ग्राम सराय तहसील बुढाना के खसरा संख्या ३५६/२ रकबा ०.०९२०है० व खसरा संख्या ३५६/३ रकबा ०.११४०है० कुल ०२ किता रकबा ०.२०६० है० जोकि राजस्व अभिलेखों में खलियान के नाम दर्ज है सरकारी भूमि है पर ग्राम सराय के निवासी कादिर राणा आदि पुत्रगण फैजुद्दीन, निसार अहमद पुत्र युसूफ राकेश पुत्र सरवीर, शौकीन पुत्र अता मोहम्मद, जम्मल पुत्र सुक्कन, रामपाल पुत्र चतरसेन द्वारा योजनानुसार सरकारी खलियान की भूमि को आपस में बांटकर एक साथ अभियान के रूप में पक्का निर्माण ईटों से चारदीवारी बनाकर लगातार निर्माण किया जा रहा है। शिकायत को गम्भीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी बुढाना ने जांच कराई जांच में शिकायत सही पाई गई। एसडीएम ने मौके पर जे.सी.बी. मंगा ली और जे.सी.बी. के माध्यम से सरकारी भूमि पर हुए अवैध निर्माण को ध्वस्त करा दिया और सरकारी भूमि कब्जामुक्त करा दी।
सभी ग्रामवासियों ने एसडीएम के त्वरित व निष्पक्ष कार्यशैली की जमकर प्रशंसा की और उनकी लंबी उम्र की कामना की। क्षेत्र की जनता का कहना है त्वरित व निष्पक्ष कार्यवाही करने वाली एसडीएम पहली बार बुढाना तहसील में आई है जो सभी किसानों की एक एक समस्याओं को स्वयं सुनती है और उनका तत्काल निस्तारण कराती है और इतनी भीषण गर्मी में भी क्षेत्र में स्वयं पहुँच जाती है। एसडीएम मोनालिसा जौहरी की निष्पक्ष कार्यशैली की क्षेत्र में जमकर प्रशंसा हो रही है। मौके पर नायब तहसीलदार सिसौली रोहित, नायब तहसील शाहपुर ब्रजेश कुमार, लेखपाल ओमप्रकाश, राजस्व निरीक्षक अनुज शर्मा व पुलिस बल उपस्थित रहा।वही एसडीएम मोनालिसा ने बताया कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा बिल्कुल भी बर्दाश्त नही किया जाएगा यदि कोई सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करेगा तो उसके विरुद्ध कठोर कार्यवाही अमल में लायी जाएगी।
हादसे में दो घायल

मंसूरपुर/मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) जनपद में देर शाम उस वक्त नेशनल हाईवे ५८ पर अफरा तफरी का माहौल बन गया जब ओवरलोड के चलते सरियों से भरी ट्रैक्टर ट्राली क्षतिग्रस्त होकर पलट गई इस भीषण सड़क हादसे में ट्रैक्टर ट्राली सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए तो वहीं मौके पर ही भारी जाम लग गया ।उधर सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची यूपी ११२ डायल सहित थाना मंसूरपुर पुलिस ने किसी तरह दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेज हाईवे पर लगे जाम को खुलवाकर मार्ग सुचारू कराया। दरअसल पूरा मामला मुजफ्फरनगर जनपद के थाना मंसूरपुर क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे ५८ पर स्थित गुप्ता रिजॉर्ट के पास का बताया जा रहा है जहां शनिवार देर शाम राहगिरो सहित नेशनल हाईवे पर उस वक्त अफरा तफरी का माहौल बन गया जब सरियों से लदी ओवरलोड ट्रैक्टर ट्राली से ट्रैक्टर टूट कर डिवाइडर को तोड़ता हुआ पलट गया । इस हाथसे में ट्रैक्टर पर सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें देखने को रुकी भीड़ के चलते मौके पर भीषण जाम लग गया उधर नेशनल हाईवे पर हादसा होने की सूचना मिलते ही यूपी ११२ डायल सहित थाना मंसूरपुर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई जहां राहगिरो की मदद से किसी तरह दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया तो वहीं मौके पर क्षतिग्रस्त वाहनों को भी एक साइड करा हाईवे पर लगे जाम को भी सुचारू कराया है। थाना मंसूरपुर प्रभारी ने बताया कि देर शाम एक ट्रैक्टर ट्राली मुजफ्फरनगर से मेरठ की तरफ जा रही थी कि अचानक ट्रैक्टर ट्राली का गुल्ला टूटने से यह हादसा कारित हो गया ट्रैक्टर में सवार दो लोग घायल हुए हैं जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है तो वहीं हाईवे चालू कर दिया गया है।
गड्ढा होने से चोटिल हो रहे राहगीर
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्पष्ट निर्देश है कि सड़कों पर गड्ढे न हो लेकिन इसके बावजूद भी इस ओर कई जगह कोई ध्यान नहीं है। थाना नई मंडी क्षेत्र अंतर्गत टिकैत चौक से ए टू जेड रोड का है जहां टिकैत चौक से १० कम की दूरी पर ही मंदिर के बाहर इतना बड़ा गड्ढा हो चुका है कि वहां आए दिन दुपहिया वाहन चालक से लेकर ई रिक्षाएं और अन्य वाहन चालक भी इन गड्ढो में गिरकर चोटिल हो रहे है। वहीं मामले में स्थानीय निवासियों का साफ तौर पर कहना है कि मुजफ्फरनगर नगर पालिका सहित क्षेत्रीय सभासद भी इस तरफ ध्यान नही दे रहे है और लोग आये दिन सुबह शाम यहां चोटिल हो रहे है। थाना नई मण्डी क्षेत्र के टिकैत चौक से ऐ टू जेड रोड का है पूरा मामला।।
कई वांरटी किये गिरफ्तार
खतौली। जनपद में शातिर अभियुक्तगण की गिरफ्तारी हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह के निर्देशन में चलाये जा रहे अभियान के अन्तर्गत पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत व क्षेत्राधिकारी खतौली यतेन्द्र सिंह नागर के कुशल नेतृत्व व प्रभारी निरीक्षक उमेश रोरिया के पर्यवेक्षण में वारण्टी गिरफ्तार किये गये है। अभि०गण उपरोक्त को समय से माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जायेगा । गिरफ्तार वारण्टी अभियुक्त अमित पुत्र हेतराम निवासी लोधा कालोनी, कमल पुत्र हेतराम निवासी लोधा कालोनी, सोनू पुत्र मंगलसैन निवासी भंगेला, सोनू पुत्र मंगलसैन निवासी भंगेला थाना खतौली है। गिरफ्तार करने वाली टीम में उ०नि० राहुल कुमार, जोगेन्द्रपाल सिंह, तपन जयन्त, है०का० राजकुमार, का० प्रवीण, अंकित वर्धन शामिल रहे।
शातिर गौकशों को दबोचा

बुढ़ाना।मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) थाना बुढाना पुलिस की बदमाशों से हुई पुलिस मुठभेड़ में ०२ शातिर गौकश अभियुक्तगण घायल सहित कुल ०३ अभियुक्तगण गिरफ्तार किये। पकडे गये अभियुक्तगण के कब्जे से ०१ रास गौवंश जिंदा, गौकशी के उपकरण, अवैध शस्त्र तथा ०१ कार बरामद । जनपद में गौतस्करी/गौकशी की घटनाओं को रोकने तथा ऐसे अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह द्वारा चलाए जा रहे अभियान के अन्तर्गत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी बुढाना गजेन्द्रपाल सिंह के निकट पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक थाना बुढाना आनन्द देव मिश्र के कुशल नेतृत्व में थाना बुढाना पुलिस की परासौली नगर पटरी के जंगल में बदमाशों से हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गयी जवाबी फायरिंग में ०२ शातिर गौकश अभियुक्तगण को घायल/गिरफ्तार करते हुए ०१ अन्य अभियुक्त को कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया । अभियुक्तगण के कब्जे से ०१ रास गौवंश जिंदा, गौकशी के उपकरण, अवैध शस्त्र तथा ०१ सिफ्ट डिजायर कार को बरामद किया गया। घायल/गिरफ्तार अभियुक्तगण को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है । अभियुक्तगण की गिरफ्तारी एवं बरामदगी के सम्बन्ध में थाना बुढाना पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है । थाना बुढाना पुलिस को मुखबिर खास द्वारा सूचना मिली कि कुछ लोग परासौली नहर पटरी के किनारे ०१ गौवंस को गौकशी करने के उद्देश्य से ले जा रहे है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पहुंचकर घेराबंदी की गयी । अभियुक्तगण द्वारा अचानक पुलिस टीम को देखकर मौके से भागते हुए पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायर किया गया । पुलिस टीम द्वारा बदमाशों को फायरिंग बंद कर आत्मसमर्पण की चेतावनी दी गयी परन्तु बदमाशों पर पुलिस की चेतावनी का कोई असर नहीं हुआ और लगातार पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायर करते रहे ।
पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर अदम्य साहस का परिचय देते हुए बदमाशों की फायरिंग रेंज में घुस कर आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की गयी जिसमें ०२ बदमाश घायल हो गए तथा ०३ बदमाश मौके से फरार हो गए । फरार बदमाशों का पीछा पुलिस टीम द्वारा किया गया तथा कॉम्बिंग के दौरान ०१ अन्य अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया । ०२ बदमाश मौके से फरार होने में सफल रहे जिनकी गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम द्वारा लगातार कॉम्बिंग की जा रही है । घायल/गिरफ्तार अभियुक्तगण रिजवान उर्फ रिज्जू पुत्र बाबू निवासी रियावली नगला थाना रतनपुरी, मुजफ्फरनगर। (घायल), शहजाद पुत्र इस्लाम निवासी मौ० रेतेवाला कस्बा व थाना कैराना, शामली (घायल), गुल्फाम पुत्र कुर्बान निवासी रियावली नगला थाना रतनपुरी, मुजफ्फरनगर । जिसके कब्जे से ०१ रास जिंदा गौवंश, ०३ तमंचे मय ०५ जिंदा व ०२ खोखा कारतूस ३१५ बोर, ०१ शिफ्ट डिजायर कार बिना नम्बर, गौकशी के उपकरण । गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्र०नि० आनन्द देव मिश्र, उ.नि ललित कुमार, संदीप चौधरी, संदीप कुमार, राजदीप सिंह, अजयपाल सोलंकी, है. कां. नीरज त्यागी, संजय, सोनू सिरोही, है. कां. सोनू सिरोही, मोहित, का. अंकित, मोहित कुमार, नकुल सांगवान थाना बुढाना शामिल रहे।
मजदूर की जलकर दर्दनाक मौत, हंगामा
मोरना। भोपा थाना क्षेत्र के गांव किशनपुर मैं भौराकलां निवासी व्यक्ति ने ईंट भट्टा लगा रखा है, जिस पर नई मंडी थाना क्षेत्र के गांव तिगरी निवासी २५ वर्षीय बसंत ईट भट्टे पर कच्ची ईट भराई का कार्य करता था।
रविवार को वह चाय बनाने के लिए भट्टे पर गया, जैसे ही वह भट्टे पर पहुंचा तो भट्टे के ऊपर रखा सेलेब टूट गया, उसके टूटने से बसंत ईट भट्टे में अंदर गिर गया। वहां काम कर रहे मजदूरों के शोर मचाने पर सभी वहां पर इकट्ठा हो गए और बड़ी मुश्किल से ईंट भट्ठे के अंदर से वसंत को बाहर निकाला गया,तब तक बसंत की जल कर मौत हो गई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी की तथा मृतक के परिजन भी मौके पर आ गए। परिजनों ने मुआवजे की मांग करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने से इनकार कर दिया। फिलहाल दोनों पक्षों में वार्ता जारी है।
गर्मी से हाल हुआ बेहाल
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) प्रचण्ड गर्मी से हर कोई परेशान है। दिन प्रतिदिन बढ रही तपिश से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। गांव देहात से लेकर शहर के गली-मौहल्ले सब सूने-सूने नजर आ रहे हैं। हां भीड है तो सिर्फ नदी घाट पर अर्थात खतौली गंगनहर, भोपा गंगनहर, निरगाजनी की झाल, सिखेडा का राजवाहा, काली नदी, टयूबवैल आदि पर गर्मी से राहत पाने को ठण्डे-ठण्डे पानी मे नहाने वाले युवाओं की अच्छी-खासी भीड हे। भोपा गंगनहर, बेलडा गंगनहर पर युवा नहाते नहाते नजर आयेंगे। वहीं कुछ ग्रामीण अपने पशुओ को भी दोपहर के वक्त नहर/राजवाहे पर ले जाते है। ताकि उनके पशु नहर मे नहाकर गर्मी से राहत पा सकें। आग उगलने वाली इस गर्मी से हर कोई त्रस्त है। जनपद का तापमान 43 डिग्री तक पहुंंच गया है। इस भीष्ण गर्मी मे किसी को कुछ सूझ नही रहा कि करें तो क्या करें। बाजार मे काम भी बहुत कम है। चिलचिलाती धूप के कारण हर कोई अपने घरो मे कैद है। सुबह शाम की दुकानदारी रह गई हैं। दोपहर के वक्त काम लगभग ना के बराबर है। ऐसे मे दुकानदरो को दुकान का किराया,खर्चा पूरा करने की परेशानी से दो चार होना पड रहा है।
योग शिविर को लेकर बैठक का हुआ आयोजन
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) भारतीय योग संस्थान के निशुल्क योग साधना केंद्र ग्रीनलैंड मॉडर्न जूनियर हाई स्कूल मुजफ्फरनगर में भारतीय योग संस्थान के समस्त अधिकारियों की एक बैठक आहूत की गई । बैठक का एजेंडा संगठन को मजबूत करना तथा दसवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह को मनाए जाने पर रक्खा गया। सर्वप्रथम केंद्र प्रमुख नीरज बंसल के द्वारा ओम ध्वनि और गायत्री मंत्र से योग साधना प्रारंभ कराई गई तत्पश्चात योग साधना के उपरांत संस्थान के अधिकारियों की बैठक में योगाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य ने संस्थान के संगठन को मजबूत बनाने तथा दसवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह को गत वर्षो की भांति इस वर्ष भी सफलतापूर्वक मनाए जाने पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रतिवर्ष भारतीय योग संस्थान अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह धूमधाम से मनाता आ रहा है । इस वर्ष भी संस्थान दसवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह को बच्चों के द्वारा विशेष प्रदर्शन तथा आयुष मंत्रालय के दिशा निर्देश में मनाने के लिए दृढ़ संकल्पित है । सर्वसम्मति से विचार विमर्श के बाद निर्णय हुआ कि इस वर्ष संस्थान द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह आर्केड फॉर्म मोहल्ला गौशाला में प्रातः ५ः०० बजे से ६ः३० बजे तक बच्चों के विशेष प्रदर्शन और हर्षोंउल्लास के साथ मनाया जाएगा। जिले के सभी योग साधक और साधिकाएं परिवार सहित २१ जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह में भाग ले । इस अवसर पर जिला प्रधान राज सिंह पुंडीर, क्षेत्रीय प्रधान राजीव रघुवंशी, राजमोहन गुप्ता, केंद्र प्रमुख विपिन शर्मा, यज्ञ दत्त आर्य ,योग शिक्षक कविंदर बालियान ,नीरज बंसल, संस्थान के प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य एवं जनपद प्रभारी योगाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य आदि उपस्थित रहे।
ककरौली थानाध्यक्ष को दी विदाई
ककरौली। ककरौली थानाध्यक्ष सुनील कसाना को स्थानांतरण होने पर गणमान्यों व समस्त स्टाफ सहित पत्रकारों ने दी भावभीनी विदाई। थाना ककरौली पर तैनात थानाध्यक्ष सुनील कसाना को आज थाने पर विदाई दी गयी। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों गणमान्य व्यक्तियों व समस्त स्टाफ सहित पत्रकारों ने उनके शानदार कार्यकाल की प्रशंसा करते हुए। पुरकाजी थाने पर तैनाती होने पर बधाई होते हुए शुभकामनाएं प्रदान की। सुनील कसाना १७ मई २०२३ से थाने पर तैनात थे। इस दौरान एस एस आई राजेश यादव, जटवाड़ा चौकी प्रभारी एस आई नीरज यादव, शिवराज तोमर, मशकूर अली, रविन्द्र परिहार, देवेन्द्र सिंह, महेन्द्र क्चसिंह, कॉन्स्टेबल विजय मावी, मौन पाल , सचिन कुन्तल, इसके अलावा मौलाना मौ.सालिम, बबलू कुमार बेहड़ा सादात, अशोक वर्मा, शाहनवाज खेड़ीफोरोजाबाद, मौ.नवाब जटवाड़ा, शाहनवाज कमहेड़ा, मौ.समी, संजय कुमार मीराँवाला, संदीप कुमार, शहजाद मुखिया, गुफरान तेवड़ा, उत्सव कुमार, तेजपाल गंगदासपुर , ऋषिपाल चौरावाला, डॉ.संजय कुमार व पत्रकार काजी अमजद अली, नूर मोहम्मद मलिक, नरेन्द्र बालियान, वेदपाल कपासिया, एच.आर रहमान, अंकित कुमार, पर्वित कुमार आदि मौजूद रहे।
शिविर को लेकर क्रांति सेना की बैठक आयोजित

मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News)क्रांति सेना कार्यालय पर मासिक बैठक का आयोजन किया गया बैठक में सर्वप्रथम वीरशिरोमणि महाराणा प्रताप जी की जयंती के पावन अवसर पर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए महाराणा प्रताप जी की वीर गाथाओं का वर्णन किया गया एवं बैठक में आगामी सावन मास में शुरू होने वाली कावड़ यात्रा पर लगाए जाने वाले आनंद भवन में क्रांति सेना के ३१ वे कावड़ सेवा शिविर की तैयारी को लेकर चर्चा की गई इस अवसर पर क्रांति सेना अध्यक्ष मा. ललित मोहन शर्मा जी ने कहा कावड़ सेवा शिविर की तैयारी में अब कार्यकर्ताओं को जुट जाना होगा क्योंकि कावड़ सेवा शिविर से ही क्रांति सेना की समाज में एक अलग पहचान है क्योंकि मुजफ्फरनगर में सबसे पहले शुरू होने वाला एवं सबसे बाद में समाप्त होने वाला क्रांति सेना का ही एक मात्र ऐसा शिविर है जिसमें श्रद्धा भक्ति भाव से कार्यकर्ता भोले भक्तों की सेवा करते हैं इसलिए क्रांति सेना के सभी निष्ठावान कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी को अपना पूर्ण योगदान देना चाहिए श्री शर्मा ने कहा जल्दी कावड़ सेवा शिविर के संचालन के लिए जल्द ही ११ सदस्यों की संचालन समिति का गठन किया जाएगा। इस अवसर पर क्रांति सेना के पूर्व जिला अध्यक्ष आनंद प्रकाश गोयल जी को क्रांति सेना के जिला प्रभारी के पद पर नियुक्त किया गया। इस दौरान मुख्य रूप से प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ योगेंद्र शर्मा मंडल अध्यक्ष शरद कपूर (शिवसेना) जिला अध्यक्ष मुकेश त्यागी (क्रांति सेना) जिला अध्यक्ष लोकेश सैनी जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा पूनम चौधरी वरिष्ठ नेता राजेश कश्यप ,संजय गोयल जिला महासचिव महिला मोर्चा अंजू त्यागी नगर अध्यक्ष नेहा गोयल पूनम चाहाल मिथिलेश गिरी अनोखी देवी जिला उपाध्यक्ष संजीव वर्मा (चरथावल ब्लॉक अध्यक्ष )अजय सैनी (पुरकाजी ब्लॉक अध्यक्ष) दीपक धीमान ललित रुहेला आशीष मिश्रा नरेंद्र शर्मा मंगतराम( खतौली नगर अध्यक्ष) नरेश सैनी हेम कुमार कश्यप शैलेंद्र शर्मा विपुल गुप्ता अमित शर्मा मुकेश कश्यप दाता राम अंकुर जैन आदि मौजूद रहे।
श्री श्रुतपंचमी महामंडल विधान का हुआ मनोहरी आयोजन
खतौली। धर्मनगरी खतौली के काशीराम स्ट्रीट पीसनोपाड़ा जैन मंदिर में अखिल भारतीय जैन युवा फैडरेशन के तत्वाधान में श्रुत पंचमी महामंडल विधान का भक्ति भाव के साथ आयोजन किया गया। समारोह शुभारभ का ध्वजारोहण शशांक सर्राफ ने किया। विधान आमंत्रण संदीप प्रियांक महलका ने किया। सौधर्म इंद्र बनने का सौभाग्य शशांक महलका को प्राप्त हुआ। यज्ञनायक राहुल पैकर्स बने। धन कुबेर विनय टिंबर रहे। चिदायतन पंचकल्याणक आमंत्रण स्वपनिल जैन ने दियाघ्। मुख्य मंगल कलश संदीप प्रिंस तथा साधना ने स्थापित कियाघ्। विधान की मांगलिक क्रियाएं पंडित अंकित जैन शास्त्री उदयपुर ने संपन्न कराई। भक्तों ने वीतरागी प्रभु का अभिषेक तथा श्रुतपंचमी विधान की मांगलिक क्रियाएं मंत्रोच्चार के साथ की।
धर्म सभा संचालन करते हुए कार्यक्रम संयोजक कल्पेंद्र जैन ने बताया श्रुतपंचमी महापर्व के पावन अवसर पर हम जिनवाणी माता की आराधना तथा स्वाध्याय करते हैं। जिनवाणी की रक्षा करना श्रावक का परम कर्तव्य है। हमें आचार्यों की वाणी को जन जन तक पहुंचाने का प्रयास करना है। जिनवाणी हमारे अंतकरण को उज्जवल बनाती है। जीवन में अच्छे संस्कार ग्रहण करो। श्रुतपंचमी के दिन षटखण्डागम ग्रन्थ की पूजा और वाचन होता है।
आज के कार्यक्रम में हितेश सर्राफ राकेश अंबर मनोज आढती सुनील अतुल सर्राफ सुशील सिल्लो योगेश सर्राफ नवीन सी.ए. पंकज सराफ पीयूष पंसारी अजय टिम्बर संजय इलेक्ट्रिक कुलदीप प्रवक्ता हरिशचन्द्र प्रमोद एडवोकेट नवीन तार अंकित सर्राफ सोमिल सचिन सराफ एल.एम. जैन शिखरचंद अजय किराना शिल्पी रीतु पुष्पा कविता अंजू सुधांशु सरला त्रिशला नैना साक्षी प्रियंका राखी करुणा अलका अर्चना निर्मल विशाखा स्वाति सुमन नीरज किराना विवेक प्रवक्ता सहित समाज के लोग रहे। सभी जिन मंदिरों के अध्यक्ष एवं मंत्री द्वारा विधान मंडप पर जैन ध्वज की स्थापना की गई।्जाप्य कलश विराजमान कराये गये।मंगल कलश शोभायात्रा निकाली गई। । वीतराग विज्ञान पाठशाला द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम किये गए।
हैप्पीनेस प्रोग्राम आयोजित
मुजफ्फरनगर।(Muzaffarnagar News) हैप्पीनेस प्रोग्राम माउंट लिट्रा स्कूल, लिंक रोड, गांधी कॉलोनी पर सुबह-शाम के सत्रों में आयोजित हुआ। छह दिवसीय हैप्पीनेस प्रोग्राम में दोनों बैच में लगभग ८० प्रतिभागियों ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने विभिन्न श्वास क्रियाओं, योगाभ्यास, और जान चर्चाओं के साथ साथ, विश्व प्रसिद्ध सुदर्शन क्रिया का अनुभव लिया। प्रतिभागियों ने शिविर को तनाव प्रबंधन और जीवन में प्रसन्न मन के लिए अद्भुत और प्रभावकारी बताया। इस शिविर को मुजफ्फरनगर के आर्ट ऑफ लिविंग के सभी प्रशिक्षकों, ललित शर्मा, संजीव जलोत्रा, सोनिया लूथरा, राजेश छाबड़ा, सीमा शर्मा, धीरज बत्रा, शुभम ग्रेवाल, आशीष गर्ग, रामानंद शर्मा, राजीव जलोत्रा, शालू जलोवा, वीना गोयल, शिखी शर्मा, शैलेन्द्र सिंह, पूनम गोयल, पूनम शर्मा, अनीता गुप्ता, प्रीति नारंग एवं टीना बत्रा ने संयुक्त रूप से संचालित किया। इसके अतिरिक्त आर्ट ऑफ लिविंग के शिक्षकों ने १३ से १८ वर्ष के किशोर बालक बालिकाओं के लिए मेधा योग शिविर का आयोजन किया। जिसमें लगभग ७५ बच्चों ने भाग लिया। इस कोर्स में विभिन्न प्रक्रियाओं और खेल के माध्यम से किशोरों को जीवन जीने की कला सिखाई गई। इस कोर्स का संचालन सोनिया लूथरा, पुष्पा चौधरी एवं शालू जलोत्रा ने संयुक्त रूप से लिया। साथ ही आगामी सप्ताह में ८ से १३ वर्ष के बच्चों के लिए उत्कर्ष योग शिविर भी आयोजित हो रहा है।
ठंडे शरबत वितरित
मुजफ्फरनगर। विजय वर्मा अध्यक्ष आनंद मार्केटएसोसिएशन ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि आनंद मार्केट एसोसिएशन के द्वारा एक छबील वितरण का कार्यक्रम अंजुमन थिएटर के सामने आनंद मार्केट में किया जाएगा जिसमें अत्यधिक गर्मी से जूझ रहे लोगों को ठंडा, मीठा शरबत बाट कर कुछ गर्मी को कम करने का प्रयास किया जाएगा ।
छात्र का हुआ चयन
मुजफ्फरनगर। होली चाइल्ड पब्लिक इण्टर कॉलेज, जडौदा, मुजफ्फरनगर के छात्र का सैनिक स्कूल कझाकूटम, तिरूवनंतपुरम केरल में हुआ चयन।
जडौदा स्थित होली चाइल्ड पब्लिक इण्टर कॉलेज के कक्षा-८ के होनहार छात्र अभिनन्दन सिंह का सैनिक स्कूल कझाकूटम, तिरूवनंतपुरम केरल में कक्षा-९ में चयन हो गया। अभिनन्दन सिंह पढाई के प्रति जागरूक है और वह खाली समय में भी बैठकर प्रतियोगिता की तैयारी करता रहता है और कक्षा-८ में सत्र २०२३-२४ में इस छात्र ने परीक्षा में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। इस छात्र के सैनिक स्कूल में चयन होने पर छात्र के परिवार व विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल रहा। आज यह छात्र सैनिक स्कूल में जाने से पहले आशीर्वाद लेने के लिए विद्यालय में उपस्थित हुआ और प्रधानाचार्य प्रवेन्द्र दहिया द्वारा छात्र को पगडी व अंगवस्त्र पहनाकर और स्मृति चिह्न देकर आशीर्वाद दिया। प्रधानचार्य प्रवेन्द्र दहिया ने छात्र को समझाया कि जिस प्रकार आपने विद्यालय में अनुशासन में रहकर शिक्षा में उत्कर्ष्ट प्रदर्शन किया उसी प्रकार सैनिक स्कूल में भी आप अनुशासन में रहकर अपने माता-पिता व गुरूजनों का नाम रोशन करना।
महिला गिरकर हुई चोटिल
मोरना। भोपा मार्ग पर चीनी मिल के पास बाइक फिसलने से महिला सड़क पर गिरकर घायल हो गयी। घायल महिला को उपचार के लिये भोपा अस्पताल ले जाया है। अधूरे पड़े सड़क चौड़ीकरण के कारण यह घटना घटी है। अचानक सड़क नीची ऊँची छोड़ देने से इस स्थान पर वाहनों को तेज झटका लगता है।पिछले कई माह से सड़क का कार्य बंद है।जिसके चलते अक्सर बाइक सवार राहगीर दुर्घटना में घायल हो रहे हैं। हादसे में घायल होने वालो को जुर्माना लोक निर्माण विभाग लापरवाह ठेकेदार से दिलाये
मुजफ्फरनगर के निवासी हिमांशु का शव मसूरी नहर से मिला,परिजनों ने पोस्टमार्टम के लिए किया इन्कार
गाजियाबाद। मसूरी गंगनहर में बृहस्पतिवार को नहाने के लिए पुल से कूदे हिमांशु का शव ५२ घंटे बाद सुबह करीब साढ़े छह बजे परिजनों को पानी में मिला। शव धौलाना में रावली पुल के पास घटनास्थल से पांच किमी दूर मिला। परिजनों ने हिमांशु के शव को बाहर निकाल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पंचनामे की कार्रवाई कर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। मुजफ्फरनगर के चरथावल निवासी हिमांशु बृहस्पतिवार दोपहर अपने साथियों के साथ गंगनहर में नहाने गए थे। वह मौका देखकर रेलवे पुल पर पहुंच गए और छलांग लगा दी। उनके साथियों ने मना किया लेकिन, वह नहीं माना। साथियों ने उसको बचाने का प्रयास किया लेकिन, वह बहाव में बह गया। हिमांशु के चाचा का कहना है कि पुलिस का सहयोग नहीं मिलने के कारण वह खुद २० हजार रुपये के चार निजी गोताखोर लाकर हिमांशु की तलाश करवा रहे थे। इसके अलावा जनरेटर लाकर नहर किनारे उजाला कर बैठे रहे। गोताखोरों ने शुक्रवार सुबह से लेकर देर शाम तक रेलवे पुल से लेकर सात किलोमीटर तक देहरा झाल तक हिमांशु की तलाश की लेकिन, कोई कामयाबी नहीं मिली। पूरी रात सभी बारी-बारी से गंगनहर में मसूरी तक चक्कर लगाकर हिमांशु की तलाश करते रहे। आज सुबह करीब साढ़े छह बजे रावली पुल के पास एक शव पानी में बहता दिखाई दिया। उन्होंने उसे पानी से बाहर निकाला। शव की पहचान हिमांशु के चाचा रोहताश व साथियों ने की। एसीपी मसूरी नरेश कुमार का कहना है कि मामले में शव को हिमांशु के परिजनों को सुपुर्द कर दिया है।


