आंध्र प्रदेश में भीषण सड़क हादसा: 13 लोगों की मौत, चार की हालत गंभीर
आंध्र प्रदेश के कर्नूल जिले में रविवार तड़के एक बस और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई है। वहीं चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं
जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसा कर्नूल जिले में वेल्दुर्ती मंडल के मदारपुर गांव के पास हुआ। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि यात्रियों से भरी बस टक्कर के बाद पलट गई। दर्दनाक हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया।
Andhra Pradesh: 13 people killed, 4 injured in a collision between a bus and a truck near Madarpur village in Veldurti Mandal, Kurnool district in the early morning hours; injured admitted to Government General Hospital pic.twitter.com/Ve1hHqTBkZ
— ANI (@ANI) February 14, 2021
स्थानीय पुलिस ने बताया कि बस में 17 यात्री सवार थे। चालक समेत 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। बस चित्तूर जिले से राजस्थान के अजमेर जा रही थी।
बस मदारपुर गांव सुबह करीब साढ़े तीन बजे पहुंची। यहां बस गलत साइड में चली गई और सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। आठ महिलाओं और एक बच्चा समेत 13 की मौत हो चुकी है। जबकि दो बच्चों समेत चार लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
आंध्र प्रदेश में ट्रक से टकरा कर बस के पलटने की घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया। मोदी ने कहा, जिन परिवारों ने अपनों को खोया है, इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके साथ हैं।
साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि घायल जल्द से जल्द ठीक हो जाएं।
The road accident in Andhra Pradesh’s Kurnool district is saddening. In this hour of sadness, my thoughts are with those who lost their loved ones. I hope that the injured recover at the earliest: PM @narendramodi
— PMO India (@PMOIndia) February 14, 2021
बस के पलटने के बाद शवों को निकालने में पुलिस का खास मशक्कत करनी पड़ी। कुछ के चिथड़े-चिथड़े हो गए थे, जिनको पहचानना भी मुश्किल हो रहा था।
हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह से ठप हो गया क्योंकि पुलिस को अंधेरे में दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को निकालने में काफी समय लग गया। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।

