समाचार
अपराधों पर प्रदेश में काफी हद तक नियंत्रणः डीजीपी
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह ने कहा कि प्रदेश में अपराधों पर काफी हद तक नियंत्रण किया जा चुका है। पुलिस प्रदेश के 23 करोड़ लोगों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह कृत संकल्प है। पुलिस लाइन सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश के पुलिस मुखिया ओपी सिंह ने कहा कि उनका मुजफ्फरनगर में पुलिस महानिदेशक बनने के बाद पहला दौरा है। उन्होंने कहा कि वे जनपद में अपराध नियंत्रण से संतुष्ट है तथा पिछले एक वर्ष में प्रदेश में डकैती में 44 प्रतिशत की कमी आयी है। लूट के मामलों में 22 प्रतिशत कमी आयी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश मे बलवे के मामलों में भी 9 प्रतिशत कमी हुई है। इसके अलावा दहेज हत्या के मामलों में भी 2 प्रतिशत कमी दर्ज की गयी है। डीजीपी ओपी सिंह ने कहा कि सड़कों पर छेडछाड में कमी हुई है। कहीं भी घटना होने पर पुलिस 24 से 48 घंटों के भीतर उसका खुलासा कर देती है। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा पर हमारी कड़ी नजर है। अपराधों पर पूर्ण नियंत्रण के लिए एसटीएफ व एटीएस में लगातार संख्या बढ़ी है इसमे 54 अधिकारियों को शामिल किया गया है।
डीजीपी ओपी सिंह ने कहा कि थानों को पूरी तरह से डिजीटल किया जा रहा है जिससे आम आदमी भी घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है जिस पर त्वरित कार्यवाही होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 23 करोड़ लोगों की सुरक्षा के लिए पुलिस कृत संकल्प है। पुलिस व्यवस्था के मामले में उन्होंने कहा कि इसमे काफी हद तक सुधार हुआ है और बेहतरी के प्रयास किये जा रहे है। पुलिस के बडे अधिकारियों से लेकर छेटे अधिकारियों तक की समस्या का समाधान के प्रयास किये जा रहे है। डीजीपी ओपी सिंह ने कहा कि रेलवे में छेडछाड की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार नजर रखी जा रही है। रेल में यात्रा कर रहे यात्री को कोई समस्या होने पर 100 डायल पर सूचना कर सकते है जिस पर तत्काल कार्यवाही होगी। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि पिछले दिनों रेल में यात्रा कर रही तीन महिलाओं ने मुरादाबाद में 100 डायल कर शिकायत की कि उनके कोच में कुछ व्यक्ति अभद्रता कर रहे है जिस पर पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए बरेली पहुंचते ही कोच को घेर लिया और अभद्रता कर रहे व्यक्तियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। डीजीपी ओपी सिंह ने यह भी बताया कि अपराधों के नियंत्रण के लिए शीघ्र ही पुलिस कर्मियों की भर्ती की जायेगी। माह जनवरी में 51920 पुलिसकर्मियों की भर्ती होगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 1 लाख 29 हजार पुलिसकर्मियों की कमी है जिसे आगामी वर्ष में भर्ती कर पूरा कर लिया जायेगा। प्रेसवार्ता के दौरान एडीजी जोन प्रशांत कुमार, डीआईजी शरद सचान, एसएसपी सुधीर कुमार िंसंह, एसपी सिटी ओमवीर सिंह के अलावा विभिन्न जनपदों से आये पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस महानिदेशक ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की तथा उन्होंने पुलिस को और अधिक सतर्क रहते हुए अपराधों पर अंकुश लगाने के दिशा निर्देश दिये।
अपराध शाखा कार्यालय का डीजीपी ने किया लोकार्पण
मुजफ्फरनगर। डीजीपी ओ.पी.सिह ने पुलिस लाईन परिसर स्थित अपराध शाखा के नवनिर्मित कार्यालय का लोकार्पण किया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियो के अलावा कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बीती शाम पुलिस महानिदेशक ओ.पी.सिह मुरादाबाद मे विभिन्न कार्यक्रमो मे हिस्सा लेने के पश्चात देर शाम मुजफ्फरनगर पहुंचे। जहां पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियो द्वारा उन्हे बुके भेंट उनका स्वागत किया गया। लोक निर्माण विभाग के डाक बंगले पर रात्रि विश्राम के पश्चात आज सुबह साढे दस बजे उत्तर प्रदेश पुलिस प्रमुख डॉ.ओ.पी.सिह ने पुलिस लाईन परिसर स्थित क्राईम ब्रांच के नवनिर्मित कार्यालय का लोकार्पण किया तथा नवनिर्मित भवन के विभिन्न कार्यालयो का अवलोकन किया। इस अवसर पर एडीजी मेरठ जोन प्रशान्त कुमार,डीआईजी शरद सचान,एसएसपी सुधीर कुमार सिह, एसपी सिटी ओमवीर सिह, एस.पी.क्राईम रामभुवन चौरसिया, एसपी टै्रफिक बजरंग बली, एसपी देहात आलोक शर्मा, सीओ सिटी हरीश भदौरिया, सीओ सदर मौ.रिजवान अली, सीओ नई मन्डी योगेन्द्र सिह,सीओ बुढाना कालू सिह, सीओ खतौली राजीव सिह,सीओ भोपा राम मोहन शर्मा, आर.आई संजय सिह, शहर कोतवाल अनिल कप्परवान, नई मन्डी कोतवाल हरसरण शर्मा, इंस्पैक्टर सिविल लाईन डी.के.त्यागी, महिला थाना प्रभारी मिनाक्षी शर्मा के अलावा इंस्पैक्टर मन्सूरपुर के.पी.एस.चहल,इंस्पैक्टर बुढाना प्रभाकर कैन्तुरा, इंस्पैक्टर रामराज कुलदीप सिह आदि पुलिस अधिकारी,कर्मचारी तथा पालिकाध्यक्ष श्रीमति अन्जु अग्रवाल,समाजसेवी श्रीमति लवी अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मुठभेड में बदमाश घायल

मुजफ्फरनगर। जनपद के मंसूरपुर थाना क्षेत्र में आज गांव अजमतगढ के जंगल में पुलिस की गौतस्करों के साथ जबरदस्त मुठभेड हुई। मुठभेड में एक बदमाश गोली लगने के कारण घायल हो गया जबकि उसका साथी गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड के दौरान उनके कुछ साथी फरार होने में कामयाब हो गये। पुलिस ने मौके से दो गाडियां तथा भारी मात्रा में गौमांस बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार आज अल्पसुबह मंसूरपुर पुलिस को क्षेत्र के गांव अजमगगढ नरा के जंगल में गौकशी की सूचना मिली। सूचना मिलते ही थाना मंसूरपुर पुलिस तथा बेगराजपुर पुलिस चौकी का स्टाफ सक्रिय हुआ। थाना प्रभारी केपीएस चहल के नेतृत्व में पुलिस ने जंगल में गौकशी कर रहे बदमाशों की घेराबंदी की तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की जिसमें एक बदमाश घायल हो गया। घायल बदमाश का नाम गांव संधावली निवासी मुजम्मिल बताया जा रहा है।पुलिस ने मौके से भाग रहे एक अन्य बदमाश आशु पुत्र चंदर निवासी मुजफ्फरनगर के भी गिरफ्तार किया जबकि उनके कुछ साथी फरार होने में कामयाब हो गये जिनकी तलाश की जा हरी है पुलिस ने मौके से एक आल्टो कार, एक छेटा हाथी, अवैध हथियार, पशु काटने के हथियार तथा गौमांस भी बरामद किया है। घटना की सूचना पर एसपी सिटी ओमवीर सिंह भी भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। डीजीपी ओपी सिंह के बीती शाम से शुरू हुए मुजफ्फरनगर के बीच जनपद में यह दूसरी मुठभेड हुई है।
अपने अपने बी0एल0ए0 बनाकर सभी राजनैतिक दल सूची उपलब्ध करायेः जिलाधिकारी
मुजफ्फरनगर। .जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी राजीव शर्मा ने कहा कि उपस्थित राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा कि सभी दल अपने अपने बी0एल0ए0 सभी बूथां पर नियुक्त करे ताकि विशेष अभियान की तिथियों में प्राप्त फार्म 6, 7 व 8 का सत्यापन कराया जा सके। उन्होने कहा कि सभी राजनैतिक दल अपने अपने बीएलए की सूची भी उपलब्ध करा दे। उन्होने कहा कि मतदाता सूची में नाम अपमार्जित कराने हेतु फार्म-7, मतदाता सूची की किसी प्रविष्टि में शुद्धि हेतु फार्म-8 एवं एक ही निर्वाचन क्षेत्र में निवास स्थान परिवर्तन पर फार्म-8क में आवेदन किया गया है। एक जनवरी 2019 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रो की निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम 1 सितम्बर 2018 से 30 नवम्बर 2018 तक चलाया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक जो एक जनवरी 2019 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहा है अथवा कर चुका है तथा उसका नाम मतदाता सूची में किसी कारणवश अभी तक दर्ज नही है वह फार्म-6 में अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकता है। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी राजीव शर्मा आज अपने कार्यालय कक्ष में राजनैतिक दलो के प्रतिनिधियों के साथ निर्वाचन सम्बन्धी आवश्यक बैठक कर रहे थे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जनपद मुजफ्फरनगर में वर्तमान में 915 मतदान केन्द्र व 2167 मतदेय स्थल है। उन्होने बताया कि पुनरीक्षण अभियान के अन्तर्गत अब तक 86898 नये मतदाता बनाये गये है जिसमें 45215 महिला मतदाता शामिल है। उन्होने बताया कि 41331 फार्म 7 प्राप्त हुए है। जिलाधिकारी ने कहा कि 30 नवम्बर के राजनैतिक दलों के बीएलए व बीएलओ की एक संयुक्त बैठक प्रत्येक ब्लॉक में आयेजित की जायेगी। उन्होने कहा कि आयोग का उद्ेश्य है कि बैठक के माध्यम से समस्त अर्ह नागरिक निर्वाचक नामावली में पंजीकृत हो जाये एवं निर्वाचन नामावली में दर्ज नाम, पता, आयु एव अन्य प्रविष्टियों में विद्यमान त्रुटियों को दूर कर लिया जाये। उन्होने बताया कि जनपद के 3323 बैलट यूनिट तथा 2458 कन्ट्रोल यूनिट एवं 2458 वीवीपैट प्राप्त हो गई है। उन्होने बताया कि आयेग के निर्देशानुसार 30 नवम्बर के निर्वाचन कार्यालय वेयरहाउस राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में खोला जायेगा। उन्होने कहा कि वेयर हाउस खोले जाने/एलएलसी में उपस्थित रहने के लिए प्रत्येक राजनेतिक दल अपने अपने प्रतिनिधि के फोटो विवरण सहित उपलब्ध करा दे। जिलाधिकारी ने राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों से कहा कि सभी राजनैतिक दल सभी विधानसभाओं के मुख्य पदाधिकारियों को सूचित कर दे कि 6 दिसम्बर को मुख्यालय पर निर्वाचन के सम्बन्ध में एक कार्यशाला का आयोजन किया जायेगा। जिसमें सभी की उपस्थित आवश्यक है। उन्होने बताया कि कार्यशाला में निर्वाचन से सम्बन्धित महत्वपूर्ण जानकारियों को बताया जायेगा ताकि आगामी निर्वाचन में किसी प्रकार की दिक्कत न हो। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, सहित सीपीआई से सुभाष उपाध्याय, सीपीआईएम से मुमताज ऐडवोकेट, ज0स0पा0 से श्यामलाल प्रजापति, सपा से मौ0 वसी अंसारी ऐडवोकेट, सपा से सलभ गुप्ता एडेवोकेट, भाजपा से षिवराज त्यागी, शकील अहमद रा0का0 पार्टी, शाहनवाज खान सीपीआई, मौ0 तारीक कुरैषी काग्रेस, नौषाद खान पीस पार्टी, सत्यवीर वर्मा राष्ट्रीय लोकदल उपस्थित थे।
बीमारी से कराया अवगत
मुजफ्फरनगर। स्वामी कल्याणदेव इंटर कालेज बघरा में मुख्य अतिथि तरन्नुम सिद्दीकी डीएमसी यूनीसेफ व विशिष्ट अतिथि डा. अजय बघरा असद फारूकी व मौ. शावेज ने विद्यालय में छात्राओं को रूबेला बीमारी के विषय में अवगत कराया और दिसमबर माह में उसके टीके लगवाने के लिए छात्राओं को प्रोतसाहित किया। मुख्य अतिथि ने छात्राओं के लिए पैड मशीन का उद्घाटन किया तथा उसका महत्व विस्तार पूवक समझाया। बालिकाओं के विद्यालय में इस मशीन का प्राप्त होना सबसे बड़ी उपलब्ध है। प्रधानाचार्य सुरेंद्र पाल शर्मा ने सभी का स्वागत कर उनका आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कमलेश शर्मा, मंजू मलिक, मुनेश फरीदा आदि मौजूद रहे।
जर्सी का वितरण समारोह
मुजफ्फरनगर। सदर ब्लॉक के गांव सीमली में आज स्कूली छात्र छात्राओं को गरम जर्सी का वितरण समारोह आयोजित हुआ ।समारोह मैं गांव के ग्राम प्रधान रविंद्र चौधरी व विधालय पबध समिति अधयक्ष सलीम ने बच्चों को आशीर्वाद दिया और कहा कि सीमली का विद्यालय प्रगति के पथ पर है। जानकारी के अनुसार सदर ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय सीमली में बुधवार को छात्र-छात्राओं को गर्म स्वेटर जर्सी का वितरण किया गया कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान रविंदर चौधरी ने बच्चों का आशीर्वाद देते हुए गरम स्वेटर का वितरण किया और कहा कि सिमली विद्यालय सभी व्यवस्थाओं में अव्वल हैं विद्यालय के प्रधानाध्यापक रविंद्र सिंह अपने विद्यालय की प्रगति के बारे में बताया और कहा कि सिमली विद्यालय के बच्चे मंडलीय खेल प्रतियोगिताओं में भी प्रथम आए हैं और विद्यालय का छात्र शाकिर अब राज्य स्तरीय खेलो मे दोड़ मे भाग लेगा। इस दोरान डा सजीव ,रवि, अभिषेक,जगत, पदीप,हेमलता, आदि उपस्थित रहे।
प्राचार्य का किया घेराव
मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय लोकदल छात्रसभा जिला अध्यक्ष पराग चौधरी के नेतृत्व में सैकड़ो छात्र एसडी० मैनेजमेंट ऑफ कॉमर्स भोपा रोड कॉलेज में छात्रों की विभिन्न समस्याओं को लेकर घ्ह््रष्ठ. बीकॉम डिपार्टमेंट और फार्मेसी कॉलेज के प्रधानाचार्य का घेराव किया । छात्रों ने आरोप लगाया कॉलेज प्रशासन द्वारा छात्रों से अवैध फीस वसूली की जा रही है और छात्रों के एग्जाम फार्म जमा नहीं करने दिए जा रहे हैं । छात्रसभा जिला अध्यक्ष चौधरी ने चेतावनी देते हुए कॉलेज प्रशासन को कहा कि किसी भी सूरत में छात्रों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा । साथ ही छात्रों ने कॉलेज द्वारा की जा रही अवैध वसूली को भी तत्काल बंद कराया । पराग चौधरी ने कहा छात्रों से कॉलेज प्रशासन द्वारा अवैध फीस वसूली पूरी तरह गलत है । इसको तत्काल बंद किया जाए और छात्रों के एग्जाम फॉर्म जमा किए जाए जिसके बाद कॉलेज प्रशासन द्वारा छात्रों के एग्जाम फॉर्म जमा किए गए । जिससे छात्रों के द्वारा राष्ट्रीय लोकदल जिंदाबाद के नारों के साथ पूरा केंपस गूंज उठा । और पराग चौधरी ने चेतावनी देते हुए कहा कॉलेज प्रशासन द्वारा छात्रों का शोषण राष्ट्रीय लोकदल किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगा । छात्र सभा प्रदेश महासचिव अंकित सहरावत ने फार्मेसी कॉलेज वाले छात्रों की समस्याओं को फार्मेसी डायरेक्टर के सामने रखा जिसके बाद सभी फार्मेसी छात्रों के समस्याओं का समाधान किया गया । साथ ही डायरेक्टर ने कहा किसी भी तरह की अवैध वसूली छात्रों से नहीं की जाएगी । इस दौरान मुख्य रूप से अंकित सहरावत, शादाब अली, सागर ,गुड्डू ,काजी, वसीम, आमिर ,सानेआलम, नजर ,शिवम, आकाश, सुमित, मोहित, राहुल, विनोद, अश्वनी, नितेश ,मुनीब आदि सैकड़ों की संख्या में छात्र मौजूद रहे ।
पीनना में ढोंगी साधु पर युवकों को नशे के जाल में फंसाने का आरोप
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव पीनना में मेन रोड पर स्थित तपोबेली मंदिर में ढोंगी साधु मनोज दास के खिलाफ आज ग्रामीणों ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया कि उक्त साधु ने गांव के युवकों को नशे का आदी बना दिया है। इस मामले को लेकर शहर कोतवाली में भी उक्त साधु के खिलाफ तहरीर दी गई है। शहर कोतवाली क्षेत्र के मौहल्ला कृष्णापुरी निवासी पंकज वर्मा पुत्र सेवाराम के साथ एसएसपी ऑफिस पहुंचे इलमचन्द, सुरेन्द्र, बालेन्द्र, सुमित कुमार, सुरेश शर्मा, मित्रापाल, पूरण सिंह, सुरेश पंवार, सुशील शर्मा, मनोज, इन्द्रपाल, रामधन पंवार, मेनपाल गोस्वामी, श्रीकृष्ण शर्मा, राजीव मलिक आदि ने बताया कि गांव पीनना में मेन रोड पर स्थित तपोबेली मंदिर में मनोज दास नामक साधु नशेडी किस्म का है और उसने गांव के अनेक युवकों को भी नशे की लत लगा दी है। कुछ दिन पहले मनोज दास का दिव्यांग चेला अजयदास भी उससे परेशान होकर वहां से भाग गया था। उसे भी मनोज दास ने मारपीट कर भगाया था। आरोप है कि उक्त साधु अब गांव के युवकों को नशेडी बना रहा है और उन्हें ढोंग व पाखण्ड करते हुए अंधविश्वास का शिकार भी बना रहा है। इस मामले को लेकर एसएसपी व शहर कोतवाली पुलिस से उक्त साधु के खिलाफ कार्यवाही की गुहार लगायी गयी है।
पालिका की बोर्ड बैठक गई भविष्य के गर्भ में
29 को नहीं होगी पालिका की बोर्ड बैठक, मंडल कमिश्नर ने प्रकरण का निस्तारण होने तक लगायी रोक
मुजफ्फरनगर। नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर की बोर्ड बैठक 29 को नहीं होगी। इसके होने का मामला खटाई में चला गया है। सहारनपुर मंडल कमिश्नर ने प्रकरण के पूरी तरह से निस्तारण न होने तक बोर्ड बैठक पर रोक लगा दी। जिसके चलते नगर के विकास कार्यों की गाड़ी पूरी तरह से पटरी से उतर गयी। बोर्ड बैठक न होने को लेकर सिटी मजिस्ट्रेट/अधिशासी अधिकारी ने एक पत्रा जारी किया। बोर्ड बैठक न होना पालिकाध्यक्ष के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। बोर्ड बैठक का होना अब भविष्य के गर्भ में है। सहारनपुर मंडल के कमिश्नर चंद्र प्रकाश त्रिपाठी ने नगर पालिका परिषद, मुजफ्फरनगर की 29 को होने वाली बोर्ड बैठक पर सभासद राजीव शर्मा व अन्य की अपील पर संज्ञान लेते हुए वीटो लगा दिया अर्थात स्टे कर दिया। उन्होंने सभासद राजीव शर्मा आदि के प्रार्थना पर संज्ञान लेते हुए 25 जून 2018 की जांच के संबंध में जिलाधिकारी राजीव शर्मा को एक पत्र जारी किया। जिसमें उनके द्वारा कहा गया कि जब तक इस प्रकरण का पूरी तरह से निस्तारण नहीं हो जाता, तब तक नगर पालिका परिषद, मुजफ्फरनगर की बोर्ड बैठक न आयोजित की जाए। उन्होंने लिखा कि 12 जून 2018 के प्रस्ताव संख्या 60 को स्वीकृत करने एवं शेष प्रस्तावों को अस्वीकृत किये जाने की संस्तुति की गयी है।
31 अक्टूबर को जारी पत्र में कहा गया कि नगर मजिस्ट्रेट द्वारा प्रश्नगत प्रकरण के संबंध की गयी जांच प्राविधानों के अनुसार नहीं है। जिला शासकीय अधिवक्ता (सिविल) मुजफ्फरनगर की आख्या के आधार पर विधिक मत पेश किया, जो कि विधिक दृष्टि से सही नहीं है। प्रभारी जिलाधिकारी द्वारा अपने पत्र (22 नवंबर) में उल्लेख किया है कि नगर मजिस्ट्रेट की जांच आख्या 18 जुलाई 2018 एवं पत्रावली के अनुशीलन के अनुसार नगर पालिका परिषद, मुजफ्फरनगर की बोर्ड बैठक आयोजित हुई, जिसमें 50 में से 47 सभासद उपस्थित हुए। बोर्ड बैठक में उपस्थित सभासदगणों में से सिटी मजिस्ट्रेट की जांच आख्या में उल्लिखित 29 सभासदों द्वारा बोर्ड बैठक 12 जून 2018 में एजेंडे के प्रस्ताव संख्या 60 को बहुमत के आधार पर स्वीकृत किया गया है। शेष प्रस्तावों को अस्वीकृत किया गया है। उन्होंने आगे लिखा कि जिलाधिकारी के पत्र 31 अक्टूबर में पालिका की बोर्ड बैठक में पारित प्रस्ताव संख्या 60 असहमत होने व प्रभारी जिलाधिकारी द्वारा स्वीकृत किये जाने की संस्तुति की गयी है। जो आपस में विरोधाभासी है। इसके अतिरिक्त प्रभारी जिलाधिकारी को मात्र नैतिक कार्यों को सम्पादित किये जाने का अधिकार होता है, नीति विषयक निर्णय उनके स्तर से लिया जाना औचित्यपूर्ण नहीं है। मंडलायुक्त ने प्रस्ताव संख्या 60 के पारित होने अथवा न होने के संबंध में स्पष्ट अभिमत देने को कहा है। साथ ही कहा कि जब तक इस प्रकरण का निस्तारण नहीं हो जाता, तब तक पालिका की बोर्ड बैठक न की जाए। वहीं दूसरी ओर सिटी मजिस्ट्रेट/अधिशासी अधिकारी अतुल कुमार ने मंडलायुक्त के पत्र को लेकर सभी सभासदों व अन्य नामितों को पत्र जारी किया बोर्ड बैठक न होने को लेकर। जिसमें कहा गया कि सभासद राजीव शर्मा आदि के प्रार्थना पत्र 25 जून 2018 की जांच के विषयक प्रकरण का निस्तारण न होने तक कोई भी बोर्ड बैठक न की जाए। इसलिए 29 नवंबर को प्रातः 11 बजे होने वाली पालिका की बोर्ड बैठक प्रकरण के निस्तारण तक स्थगित की जाती है। बोर्ड बैठक का स्थगित होना पालिकाध्यक्ष के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।
