खबरें अब तक...

समाचार (Muzaffarnagar News)

डाॅक्टर्स एवं सी ए दिवस मनाया
मुजफ्फरनगर। रोटरी क्लब मुज़फ्फरनगर चैम्बर द्वारा सत्र के प्रथम कार्यक्रम के रूप में डॉक्टर्स एवं सी ए दिवस का आयोजन किया गया। जिसके अंतर्गत क्लब सदस्य अध्यक्ष मनोज सेठी, निवर्तमान  अध्यक्ष  प्रदीप राज गुप्ता, सह मंडलाध्यक्ष विशाल कालरा , सचिव विनोद जलोत्रा, कोषाध्यक्ष राजेश गोयल, पूर्वाध्यक्ष राजेंदर सिंघल एवं कुलभूषण बजाज द्वारा सर्वप्रथम नगर प्रसिद्ध बाल रोग विशेषज्ञ डॉ ईश्वर चंद्रा जी को पुष्पगुच्छ देकर तथा चिकित्सा क्षेत्र  में उनके द्वारा दी जा रहे सेवाओं के लिए सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डॉ ईश्वर चंद्रा जी ने अपने सम्बोधन में कहा कि छोटे बच्चों को  फ़ास्ट फ़ूड आदि खाने से रोकना चाहिए क्योंकि उनके स्वास्थ्य पर इसका बहुत बुरा प्रभाव पड़ता है। स्मरण शक्ति के साथ ही इम्युनिटी भी कमजोर होती है। यहाँ तक की जो माताए बच्चों को है दुग्ध पान कराती है उन्हें भी भोजन पौष्टिक ही करना चाहिए अन्यथा दूध के माध्यम से विकार बच्चों तक पहुँचते है। तत्पश्चात सदस्य गण वरिष्ठ त्वचा रोग चिकित्सक डॉ ताराचंद जी के  क्लिनिक पर पहुंचे और उन्हें भी पुष्पगुच्छ देकर एवं  चिकित्सा क्षेत्र में उनके कार्यों को सम्मानित करने हेतु उन्हें सर्टिफिकेट दिया गया। डॉ ताराचंद जी ने कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए हमें साफ़ सुथरे पानी से ही स्नान करना चाहिए तथा कपडे सूती ही और ढीले पहनने की कोशिश करें अन्यथा त्वचा पर इसका बुरा प्रभाव पड़ता है। यदि आप एयर कंडीशन में अधिक समय बैठते है  तब हमें पानी भी पर्याप्त मात्रा में समय समय पर लेना चाहिए अन्यथा  त्वचा की नमी जाने लगती है और विकार उत्पन्न  होते है। कार्यक्रम के अगले चरण में ब्। सचिन पंत को उनके कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि सभी को अपना टैक्स समय पर जमा करके राष्ट्र के  की पूर्ति करनी चाहिए।

पानी निकासी न होने से नागरिक परेशान
भोपा।  पानी की निकासी ना होने से गली मे पानी भर गया। ग्रामीणो ने सम्बन्धित अधिकारियों से समस्या के समाधान की मांग की।  ग्रामीणो का कहना है कि भोपा सीएचसी के पास बीते दिनो नाली निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया था। ग्रामीणो का कहना है कि उक्त कार्य अभी तक पूरा नही हो सका। परिणामस्वरूप पानी की निकासी ना होने के कारण आबादी क्षेत्र मे जलभराव की स्थिती बनी हुई है। ग्रामीणो ने विभागीय अधिकारियों से कार्यवाही की मांग की।  

सीएमओ ने संचारी रोग नियंत्राण जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
मुजफ्फरनगर। जनपद में संचारी रोगों (जैसे संक्रामक बीमारियों, डेंगू, मलेरिया और दिमागी बुखार) की रोकथाम और लोगों को जागरूक करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने आज कलेक्ट्रेट/सीएमओ कार्यालय परिसर से संचारी रोग नियंत्रण जागरूकता अभियान वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह विशेष जागरूकता वाहन जिले के विभिन्न क्षेत्रों, ग्रामीण अंचलों और कस्बों में जाकर लोगों को बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करेगा। इसके प्रमुख बिंदु मच्छरों से बचाव पर जोर- वाहन के माध्यम से ग्रामीणों को अपने आसपास जलभराव न होने देने, पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने और सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करने की सलाह दी जा रही है। साफ-सफाई और शुद्ध पेयजल- अभियान के तहत लोगों को स्वच्छता अपनाने, खुले में शौच न करने और हमेशा उबला हुआ या शुद्ध पेयजल पीने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया का कहना है कि संचारी रोगों से जंग में जन-जागरूकता ही सबसे बड़ा हथियार है। अगर हम अपने घर और आसपास सफाई रखेंगे, पानी जमा नहीं होने देंगे, तो मच्छरों को पनपने से रोका जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह मुस्तैद है, लेकिन इसमें आम जनता का सहयोग बेहद जरूरी है।

झमाझम बारिश से भीषण गर्मी और उमस से निजात
मुज़फ्फ़रनगर। पिछले एक सप्ताह से भीषण गर्मी और उमस की मार झेल रहे ज़िलेवासियों के लिए मंगलवार की रात राहत भरी साबित हुई। देर रात करीब दो बजे मौसम ने अचानक करवट ली और बूंदाबांदी के साथ शुरू हुई बारिश सुबह चार बजे तक झमाझम बारिश में बदल गई।
शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक हुई इस तेज बारिश ने लोगों को 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुके तापमान और चिपचिपी उमस से बड़ी राहत दिलाई। बीचदृबीच में बारिश तेज भी हुई, जिसने तपती धरती की प्यास बुझाने की भरपूर कोशिश की। पिछले कई दिनों से जिले में पड़ रही भीषण गर्मी के कारण जनजीवन पूरी तरह प्रभावित था। दिनभर तेज धूप और उमस के कारण लोग घरों से निकलने से बच रहे थे। रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही थी, लेकिन मंगलवार देर रात हुई बारिश बुधवार सुबह बारह बजे तक हुई जिससे मौसम का मिजाज बदल गया। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों ने लंबे समय बाद राहत की सांस ली। बुधवार सुबह 7 बजे तक तापमान 40-45 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सुबह लोगों की शुरुआत भी ठंडी हवाओं और बारिश की फुहारों के बीच हुई। कई लोग घरों की छतों और बालकनियों से बारिश का आनंद लेते नजर आए, जबकि बच्चों ने भी बारिश का जमकर लुत्फ उठाया। इस बारिश ने किसानों के चेहरे पर भी मुस्कान ला दी है। धान, गन्ना और अन्य खरीफ फसलों के लिए यह बारिश बेहद लाभदायक मानी जा रही है। बेहड़ा अस्सा निवासी किसान ज्ञानसिंह सैनी का कहना है कि लंबे समय से बारिश का इंतजार था और समय पर हुई यह वर्षा खेतों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इससे सिंचाई पर होने वाला खर्च भी कम होगा और फसलों को नई ऊर्जा मिलेगी। हालांकि कुछ निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली, लेकिन अधिकांश लोगों ने बारिश का स्वागत किया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी जिले में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।

डीएम ने राजनीतिक दलों के साथ की बैठक
मुजफ्फरनगर।  जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी उमेश मिश्रा ने आज मतदेय स्थलों का सम्भाजन  के संबंध में सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के अध्यक्ष/ सचिवों के साथ जिला पंचायत सभागार में बैठक आयोजित की। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के अध्यक्ष व सचिवों को बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश लखनऊ से प्राप्त निर्देशों के अनुसार मतदेय स्थलों का सम्भाजन 1200 मतदाताओं के आधार पर संपन्न कराए जाने के लिए निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि मतदेय स्थलों का  भौतिक सत्यापन, पुनिर्धारण एवं नये मतदेय स्थल स्थापित करने हेतु भवनों  का चिन्ह्यंन दिनांक 24 जून से 28 जून 2026 तक किया गया। मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मतदेय स्थलों के प्रस्ताव तैयार किए जाना है दिनांक 29 जून से 1 जुलाई 2026 तक ।  आपत्तियां एवं सुझावों हेतु मत देय स्थलों की आलेख सूची का प्रकाशन दिनांक 4 जुलाई 22026 को होगी। मतदेय स्थलों की आलेख सूची मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को 4 जुलाई 2026 तक उपलब्ध कराना हैं। वर्तमान सांसद सदस्यों, विधानसभा सदस्यों तथा मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के साथ बैठकों के आयोजन के पश्चात शिकायतों एवं सुझावों के निस्तारण के बाद सूची को अंतिम रूप दिनांक 18 जुलाई 2026 तक  दिया जाना है। जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा सभी संलग्नको सहित मतदेय स्थलों का प्रस्ताव मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को आयोग के अनुमोदनार्थ भेजने हेतु  दिनांक 25, 27, 28 जुलाई 2026 को उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय द्वारा सम्भाजन संबंधित प्रस्ताव आयोग के अनुमोदनार्थ दिनांक 31 जुलाई 2026 को प्रेषित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आयोग द्वारा मतदेय स्थलो के सम्भाजन के  संबंध में निम्न  दिशा निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि मतदेय स्थलों का सम्भाजन 1200 मतदाताओं के आधार पर संपन्न कराया जाए।  किसी विधानसभा में एक ही गांव की एक ही बिल्डिंग में एक मतदेय स्थल में 500 से कम मतदाता हैं और उसी मतदान केंद्र के दूसरे मतदेय स्थल पर भी 500 के आसपास मतदाता हैं और दोनों को जोड़कर 1000 के लगभग मतदाता हो रहे हैं तो ऐसे मतदेय स्थलों को मर्ज कर दिया जाए। उन्होंने बताया कि आगामी पुनरीक्षण को दृष्टिगत रखते हुए एक मतदेय स्थल पर मतदाताओं की संख्या अधिकतम 1000 अथवा 1050 के आसपास रखी जाए। उन्होंने बताया कि टेबल-टॉप एक्सरसाइज कर ली जाए कि इस प्रकार से कौन-कौन से मत देय स्थलों को मर्ज किया जा सकता है। मतदाता मर्ज करने के पश्चात 1000 अथवा 1050 से ऊपर ना जाएं, बिल्डिंग भी यह रहे गांव का नाम भी एक रहे। उन्होंने सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के अध्यक्ष व सचिवों से कहा कि सभी को सूची उपलब्ध करा दी गई है। अपने अपने क्षेत्र में सूची के अनुसार बूथ लेवल कार्यकर्ताओं के साथ एक बैठक कर लें। उन्होंने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्ष व सचिवों से कहा कि अपने अपने क्षेत्र के मतदेय स्थलों की बिल्डिंग व नाम अवश्य देख लें, यदि कोई सुझाव हो,वह उपलब्ध कराएं। उन्होंने अपर जिलाधिकारी प्रशासन को निर्देश दिए अपने स्तर से सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देशित करे कि अपने अपने क्षेत्र में शीघ्र मतदेय स्थलों के सम्भाजन के संबंध में बैठक कर लें। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों तथा तहसीलदारों से कहा कि अपने-अपने क्षेत्र के मतदेय स्थलों को एक बार अच्छी तरह से लेखपालों के द्वारा चेक करवा लें मतदेय स्थल सब ठीक हैं, इस संबंध में एक प्रमाण पत्रउपलब्ध कराए जाने के भी निर्देश दिए। इस अवसर पर सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के अध्यक्ष व सचिवों तथा उप जिलाधिकारी सदर, उप जिला अधिकारी जानसठ तहसीलदार जानसठ तहसीलदार सदर सहित और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

केक काटकर मनाया सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का जन्मदिन
मुज़फ्फ़रनगर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का जन्मदिन बुधवार दोपहर 12 बजे मुज़फ्फ़रनगर स्थित सपा जिला कार्यालय में पूरे उत्साह और जोश के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केक काटकर, मिठाई बांटकर और एक-दूसरे को शुभकामनाएं देकर अखिलेश यादव के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। इस दौरान वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का भी संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक पंकज मलिक, पूर्व सांसद कादिर राणा, समाजवादी शिक्षक सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र पाल, जिलाध्यक्ष जिया चैधरी, पूर्व जिलाध्यक्ष बच्ची सैनी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। जिला कार्यालय पर सुबह से ही कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। कार्यक्रम का सबसे खास आकर्षण समाजवादी शिक्षक सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र पाल रहे। उन्होंने पार्टी कार्यालय में कार्यरत ऑफिस बॉय को साइकिल भेंट करते हुए कहा कि वह पिछले तीन वर्षों से लगातार जरूरतमंद लोगों को साइकिल देकर समाजवादी पार्टी के चुनाव चिन्ह साइकिल को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल एक उपहार नहीं, बल्कि समाजवादी विचारधारा, सामाजिक सहयोग और संगठन को मजबूत करने का प्रतीक है। डॉ. सत्येंद्र पाल ने कहा कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी युवाओं, किसानों, मजदूरों, शिक्षकों और पिछड़े वर्ग की आवाज मजबूती से उठा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अभी से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने में जुट जाएं ताकि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाई जा सके। विधायक पंकज मलिक ने कहा कि पूरे प्रदेश में समाजवादी कार्यकर्ता बड़े उत्साह के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष का जन्मदिन मना रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी और अगला जन्मदिन अखिलेश यादव मुख्यमंत्री के रूप में मनाएंगे। इस दौरान समाजवादी योजना सभा के महानगर अध्यक्ष बनाए गए फैज खान का भी फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। फैज खान ने कहा कि वह युवाओं को संगठन से जोड़ने और पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। कार्यक्रम में राकेश शर्मा, लोकेंद्र सिमर्थी, युधिष्ठिर पहलवान, साजिद हसन सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

यूपी टीईटी परीक्षा के लिए दिये दिशा निर्देश
मुजफ्फरनगर। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) /प्रभारी अधिकारी (होटल एवं पर्यटन)  श्री अनिरुद्ध प्रताप सिंह ने समस्त प्रबन्धक / स्वामी, होटल/धर्मशाला/गेस्ट हाउस को बताया है कि अपर जिला मजिस्ट्रेट (प्रशासन) के पत्र दिनांक 29-06-2026 के द्वारा अवगत कराया गया है कि जनपद के 13 परीक्षा केन्द्रों पर दिनांक 02, 03 एवं 04 जुलाई 2026 को दो पालियों में पूर्वान्ह 9.30 बजे से 11.30 बजे तक एवं अपरान्ह 2.30 बजे से 04.00 बजे तक उ०प्र० शिक्षक पात्रता परीक्षा (न्च्ज्म्ज्)-2026 का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें जनपद में लगभग 11,000/-छात्र/छात्राओं एवं उनके परिजन परीक्षा हेतु बसों एवं रेल के माध्यम से जनपद में आने की सम्भावना है। ऐसे में छात्र-छात्राओं को जनपद में ठहरने हेतु नगर के मुख्य स्थानों पर गेस्ट हाउस एवं होटल चिन्हित किये जाने तथा उनके प्रचार प्रसार की व्यवस्था रेलवे स्टेशन / बस स्टैण्ड पर किये जाने की अपेक्षा की गई है। उन्होंने कहा कि उक्त परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु विभिन्न जनपदों से आये छात्र-छात्राओं के लिए जनपद में संचालित होटल / सराय / गेस्ट हाउस/धर्मशालाओं में निर्धारित मानक के अनुरूप अधिक से अधिक संख्या में अभ्यर्थियों को ठहराने हेतु आपसे सहयोग की अपेक्षा की जाती है तथा यह भी अपेक्षा की जाती है कि उक्त छात्र-छात्राओं को प्राथमिकता के आधार पर कक्ष (रूम) उपलब्ध कराये जाये। कृपया उक्त परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु प्रशासन का सहयोग  करे।

जिसने माता पिता को संतुष्ट कर लिया उसने परमात्मा को संतुष्ट कर लिया
मुजफ्फरनगर। राजवंश इण्टर कालेज शिव नगर मुजफ्फर नगर में चल रही श्री मद भागवत कथा के छठे दिन गंगोत्री तिवारी मृदुल जी महाराज ने महारास के पावन प्रसंग को श्रवण कराते हुए कहा कि आत्मा ओर परमात्मा के मिलन को ही महारास कहते है  वेदों की ऋचाएं व त्रेतायुग के ऋषि मुनि ही गोपी रूप में द्वापर में आए कृष्ण के प्रेम में मंत्र मुग्ध हो गए व्यास जी ने कहा कि गोपियों ने भगवान से निष्काम भाव से प्रेम किया भगवान कृष्ण से किसी भी प्रकार का स्वार्थ गोपियों का नहीं था कृष्ण के भेजने पर उद्धव जी भी गोपी प्रेम के सम्मुख नत्मस्तक हो गए वैसे भगवान को निष्कपट प्रेम ही प्रिय है स्वयं कृष्ण ने नन्द बाबा ओर यशोदा समेत समस्त गोपी ग्वाल के प्रेम को स्मरण कर भावुक हो जाते थे महाराज जी ने उद्धव प्रसंग का वर्णन करते हुए कहा कि माता पिता के चरणों में सभी तीर्थों का वास होता है जिसने माता पिता को संतुष्ट कर लिया उसने परमात्मा को संतुष्ट कर लिया हर बात को तुम भूलो ही मगर मां बाप को मत भूलना इस गीत में सभी श्रोताओं के नेत्र सजल हो गए इस अवसर पर नमन राजवंशी ने  व्यास पीठ समेत अपने पूर्वजों का सपत्नीक पूजन किया इस अवसर पर निधि कुछल नैना राजवंशी वरिष्ठ भाजपा नेता विशाल गर्ग संजय गर्ग बंटी सैनी गुड़िया तिवारी मुकेश राजवंश गुड्डू सिंगल अंजू सिंगल नवनीत गुप्ता समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु गण उपस्थित रहे

अपने भाग्य का मनुष्य स्वयं विधाता
मुजफ्फरनगर। मनुष्य अपने भाग्य का स्वयं विधाता है। उक्त विचार ग्रीन लैण्ड माडर्न जूनियर हाईस्कूल मुजफ्फरनगर में ग्रीष्मकालीन अवकाश के उपरांत विद्यालय खुलने पर वैदिक मंत्रों से यज्ञ करते हुए यज्ञ के ब्रह्मा एवं विद्यालय संचालक योगाचार्य सुरेंद्र पाल सिंह आर्य ने व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि यह मनुष्य योनि पिछले जन्म के शुभ कर्मों का फल है।इस जन्म में अच्छे कर्मों के द्वारा हम अपनी आत्मा की उन्नति कर सकते हैं। निरन्तर अच्छे कर्म करके धर्म, अर्थ,काम और मोक्ष को प्राप्त कर सकते हैं। विचारों से ही व्यक्ति अच्छा या बुरा बनता है। जिनके भाव अच्छे होते हैं वह अच्छा इंसान होता है। अच्छे नागरिक ही राष्ट्र निर्माता होते हैं। हमें छल कपट, झूठ फरेब, पाखंड और अनीति से दूर रहना चाहिए तथा हमें सत्य, अहिंसा, त्याग, तपस्या,करूणा, पवित्रता,दया, सहनशीलता, परोपकार तथा देशप्रेम आदि मानवीय गुणों को अपनाकर अपने जीवन को आदर्श बनाना चाहिए। आदर्शवादी व्यक्ति सदैव अच्छे समाज और राष्ट्र निर्माण में सहायक होते हैं। इस अवसर पर सभी बच्चों एवं अभिभावकों तथा अध्यापक अध्यापिकाओं ने  यज्ञ में आहुति दी। अंत में सभी अभिभावकों एवं समस्त अध्यापक अध्यापिकाओं ने बच्चों को उनके उज्जवल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया।

 ‘‘राष्ट्रीय डाॅक्टर दिवस’’ एवं ‘‘राष्ट्रीय चार्टर्ड अकाउंटेंट दिवस’’ मनाया
मुजफ्फरनगर। भागवन्ती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, नई मंडी मुजफ्फरनगर में “राष्ट्रीय डॉक्टर दिवस” एवं “राष्ट्रीय चार्टर्ड अकाउंटेंट दिवस” का प्रेरणादायक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को समाज निर्माण में चिकित्सकों एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की महत्वपूर्ण भूमिका से परिचित कराना तथा उनके योगदान के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना रहा। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में आचार्या श्रीमती सपना मित्तल जी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए “डॉक्टर्स डे” मनाए जाने की शुरुआत, इसके महत्व तथा समाज में डॉक्टरों के अतुलनीय योगदान के विषय में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डॉक्टर मानव जीवन की रक्षा कर अपने सेवा भाव से समाज में ईश्वर तुल्य स्थान रखते हैं। इसके साथ ही उन्होंने “राष्ट्रीय चार्टर्ड अकाउंटेंट दिवस” के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के कार्य, जिम्मेदारियों एवं राष्ट्र की आर्थिक व्यवस्था में उनके योगदान के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. वंदना शर्मा जी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए विश्व के प्रथम चिकित्सक कहे जाने वाले भगवान धन्वंतरि, जो देवताओं के वैद्य माने जाते हैं, के विषय में जानकारी दी। उन्होंने इस दिवस को मनाए जाने के उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए छात्राओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, संक्रमण से बचाव के उपाय अपनाने तथा स्वच्छता को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा। कार्यक्रम ने छात्राओं में स्वास्थ्य जागरूकता, सेवा भावना एवं समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।

चिकित्सकों का डाक्टर्स डे पर किया गया सम्मान
मुजफ्फरनगर। डॉक्टर्स डे के अवसर पर आचार्यकुल संस्था के अध्यक्ष श्री होतीलाल शर्मा जी द्वारा जिला चिकित्सालय के सभी चिकित्सकों को सम्मानित किया गया  होतीलाल जी ने कहा कि विषम परिस्थितियों में भी जिला चिकित्सालय के चिकित्सक हमेशा कार्य करते रहते हैं दिन-रात 24 घंटे मुजफ्फरनगर का जिला चिकित्सालय जनता के प्रति समर्पित है यहां आने वाले सभी रोगियों का पूर्ण उपचार किया जाता है जिसके लिए चिकित्सालय के सभी चिकित्सक व स्टाफ धन्यवाद के पात्र हैं साथ ही साथ उन्होंने चिकित्सकों को संयमित रहने की भी सलाह दी और कहा कि मरीज के प्रति अच्छा व्यवहार ही चिकित्सकों का परम धर्म है और चिकित्सालय के चिकित्सकों के अच्छे व्यवहार के लिए उनकी सराहना की   जिला चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ संजय वर्मा, डॉ संजीव गुप्ता, डॉ योगेंद्र तिरखा, डॉ विनीत कौशिक, डॉ सचिन जैन, डॉ संदीप रंजन, डा उबेद सिद्दीकी, डॉ गरिमा अग्रवाल, डॉ विक्रम सिंह, डा फैसल सिद्दीकी, डॉ उमंग सिंघल, डा परवेज, डा रिशी पुंडीर आदि सभी चिकित्सकों का पटका पहनाकर स्वागत किया और सभी चिकित्सकों को उनके उत्कृष्ट कार्याे के लिए मेडल पहनाया गया   डॉ संजय वर्मा ने आचार्यकुल संस्था के सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया और सभी चिकित्सकों को सम्मान देने के लिए होतीलाल शर्मा जी को धन्यवाद दिया और कहा कि इस तरह के सम्मान से चिकित्सकों को अच्छा काम करने की प्रेरणा मिलती है और उनका मनोबल बढ़ता है।

अवैध मादक पदार्थ तस्कर को दबोचाMuzaffarnagar News
ककरौली। थाना ककरौली पुलिस द्वारा 02 शातिर अवैध मादक पदार्थ तस्कर अभियुक्तगण गिरफ्तार किये। कब्जे से 1.5 किलोग्राम गांजा व 24 पव्वे अवैध देशी शराब बरामद। जनपद में अवैध मादक पदार्थों का क्रय-विक्रय करने वाले अभियुक्तगण के विरुद्ध वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में चलाये जा रहे अभियान के अन्तर्गत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक के पर्यवेक्षण में क्षेत्राधिकारी भोपा लक्ष्मण वर्मा व थानाध्यक्ष ककरौली जोगिन्दर सिंह के कुशल नेतृत्व में थाना ककरौली पुलिस द्वारा दौराने पुलिस चेकिंग 02 अवैध मादक पदार्थ तस्कर अभियुक्तगण को गुर्जर चैक, ढांसरी से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तगण के कब्जे से 1.5 किलोग्राम गांजा व 24 पव्वे अवैध देशी शराब के बरामद किये गये। गिरफ्तार अभियुक्त अवैध मादक पदार्थ व शराब को ग्राम ढांसरी स्थित अपनी परचून की दुकान पर बेचते थे। अभियुक्तगण की गिरफ्तारी व बरामदगी के सम्बन्ध में थाना ककरौली पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्त मंगल पुत्र बहादुर निवासी ग्राम ढांसरी थाना ककरौली,  शुभम पुत्र बहादुर निवासी ग्राम ढांसरी थाना ककरौली, मुजफ्फरनगर। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उ0नि0 सचिन चैधरी, उ.नि. दिनेश सिंह, है. का. जोगेन्द्र सिंह, का. गौरव कुमार, साहिल राणा थाना ककरौली शामिल रहे।

नवागत औषधि निरीक्षक देशबंधु विमल का भव्य स्वागत, पवन शाक्य को सम्मानपूर्ण विदाई
कैमिस्ट एसोसिएशन की शैक्षणिक कार्यशाला में दवा व्यापार से जुड़े अहम मुद्दों पर हुआ मंथन, बेहतर समन्वय का लिया संकल्प
मुजफ्फरनगर। कैमिस्ट एसोसिएशन मुजफ्फरनगर की ओर से भोपा रोड स्थित होटल रेडिएंट इन में शैक्षणिक कार्यशाला एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में जनपद में नवागत औषधि निरीक्षक देशबंधु विमल का पुष्पगुच्छ, शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया, जबकि शामली स्थानांतरित हुए औषधि निरीक्षक पवन शाक्य को उनके निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सराहनीय कार्यकाल के लिए सम्मानित करते हुए भावभीनी विदाई दी गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद आयोजित शैक्षणिक कार्यशाला में औषधि व्यवसाय से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। दवा व्यापार के नवीन नियमों, औषधियों की गुणवत्ता, लाइसेंस प्रक्रिया, विभागीय दिशा-निर्देशों एवं औषधि विभाग तथा दवा व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर सार्थक विचार-विमर्श हुआ। इस दौरान व्यापारियों ने अपनी समस्याएं एवं सुझाव भी अधिकारियों के समक्ष रखे। कैमिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि मुजफ्फरनगर में औषधि विभाग और दवा व्यापारियों के बीच हमेशा सकारात्मक एवं सहयोगात्मक संबंध रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि औषधि निरीक्षक देशबंधु विमल के नेतृत्व में यह समन्वय और अधिक मजबूत होगा तथा दवा व्यापार में पारदर्शिता, सुगमता और जनहित को सर्वाेच्च प्राथमिकता मिलेगी। एसोसिएशन ने उन्हें हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया। वक्ताओं ने स्थानांतरित औषधि निरीक्षक पवन शाक्य के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा दवा व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और विभाग एवं व्यापारियों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ किया, जिसके लिए उन्हें लंबे समय तक याद रखा जाएगा। उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सफल कार्यकाल के लिए सभी ने शुभकामनाएं प्रेषित कीं। समारोह में जनपद की सभी तहसीलों एवं शाखाओं से कैमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष, महामंत्री और पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। जिले भर के दवा व्यापारियों की उल्लेखनीय उपस्थिति ने कार्यक्रम को भव्य स्वरूप प्रदान किया। इस अवसर पर संगठन की एकजुटता, अनुशासन और आपसी सहयोग की भावना को और अधिक मजबूत करने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम का समापन अतिथियों के सम्मान, स्मृति-चिन्ह भेंट एवं पारस्परिक संवाद के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ। आयोजन की सफलता पर कैमिस्ट एसोसिएशन ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित दवा व्यापारियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर कैमिस्ट एसोसिएशन मुजफ्फरनगर के जिला अध्यक्ष कमलजीत सिंह, जिला महामंत्री अक्षय मित्तल, कोषाध्यक्ष राजेश जुनेजा, संरक्षक योगेश मदान, चेयरमैन विजेंद्र शर्मा, चेयरमैन रामवीर सिंह, उपाध्यक्ष आशीष अग्रवाल, उपाध्यक्ष तरुण शिवाच, संगठन महामंत्री हर्ष भाटिया, वरिष्ठ उपाध्यक्ष आशीष बिंदल, महामंत्री अमित चैधरी सहित जनपद की सभी शाखाओं के अध्यक्ष, महामंत्री, जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कैमिस्ट बंधु उपस्थित रहे।

भारत विकास परिषद मेन के सहयोग से बाल चेतना शिविर का आयोजन
मुजफ्फरनगर। भारत विकास परिषद मेन के सहयोग से द आर्ट ऑफ लिविंग द्वारा निर्देशित बाल चेतना शिविर के समापन के अवसर पर आर्ट ऑफ लिविंग की पूनम गोयल द्वारा बच्चों को सांकेतिक स्वच्छता करा कर स्वच्छता के  प्रति जागरूक किया गया । आर्ट ऑफ लिविंग की वरिष्ठ शिक्षक सीमा जी.द्वारा प्लास्टिक मुक्त/पन्नी मुक्त भारत का लाभ बताया गया । बच्चों के द्वारा ही कार्यक्रम की सज्जा करा कर,कार्यक्रम को सिस्टेमेटिक करने का संस्कार भी दिया गया। सिर्फ वैक्स कलर और ड्राइंग शीट से मात्र 10 मिनट में सभी बच्चों ने अच्छे अच्छे ड्राइंग बना कर दिखाए। इस के लिए सभी बच्चों का उत्साहवर्धन किया गया।और चुने गए 11बच्चों को पुरस्कृत किया गया। आर्ट ऑफ लिविंग की वरिष्ठतम शिक्षिका वीना जी द्वाराअच्छी आदते कैसे विकसित हों उसकी भी ट्रेनिंग दी गई। कार्यक्रम के अंतिम दिन आज तीन दिन से बच्चों को शानदार प्रशिक्षण दे रहे आर्ट ऑफ लिविंग के शिक्षकों वीना जी,सीमा शर्मा,पूनम गोयल ,गुंजन शर्मा,मुकेश कुमार जी को भारत विकास परिषद मेन के द्वारा सम्मानित भी किया गया। अंत में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए परिषद अध्यक्ष एडवोकेट कान्ति राठी ने प्रवीण शर्मा और पंडित राजेश शर्मा का धन्यवाद किया जिनके सहयोग से लगभग 80बच्चे एकत्रित हुए और साफ सुथरा प्रांगण बच्चों को ट्रेनिंग देने के लिए  मिला।आर्ट ऑफ लिविंग के शिक्षकों का भी धन्यवाद किया जिन्होंने खेल खेल में बच्चों में अनेक संस्कार विकसित करने में सहयोग किया।और सभी शिक्षकों को भी प्रेरक विषयों की पुस्तके भेंट करके उनका सम्मान किया गया। एड कान्ति राठी ने बच्चों को सभी सिखाए गए संस्कार योग ध्यान प्राणायाम आदि को जीवन में उतारने का आव्हान किया। अंत में सत्संग भी हुआ और प्रसाद वितरण भी किया गया। परिषद के सभी प्रमुख बंधु हर्ष जैन,अशोक सिंघल पुरुषोत्तम सिंघल,नवनीत गुप्ता, डॉक्टर दीपक गर्ग,डॉक्टर पायल,सुनीता शाह,मनीष गर्ग,विनीत गुप्ता।आदि का भी शिविर संचालन में भरपूर सहयोग रहा।

लायन्स क्लब उन्नति ने मनाया डाॅक्टर्स डे एवम सीए डे
मुजफ्फरनगर। लायन्स क्लब मुजफ्फरनगर उन्नति ने चिकित्सक दिवस एवं  सीए दिवस मनाया। इस उपलक्ष में उन्नति के सदस्यों ने 6 डॉक्टर्स एवं 5 सीए को सम्मानित किया जिसमें एडिशनल सीएमओ डॉ दिव्या वर्मा,डॉक्टर एस सी गुप्ता,डॉक्टर मनीष गुप्ता, डॉक्टर अनीता गुप्ता, डॉक्टर कमल कुमार गुप्ता, डॉक्टर सत्यम राजवंशी, डॉक्टर स्वाति अग्रवाल को शॉल उड़ाकर एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।इसी श्रंखला में सीए दिवस भी मनाते हुए 5 चार्टर्ड अकाउंटेंट सीए अनुज अग्रवाल, सीए संजय तायल, सीए ऋतु तायल, सीए अजय अग्रवाल, सीए अपूर्वा अग्रवाल को भी सम्मानित किया गया। इस सम्मान को सभी डॉक्टर के क्लीनिक व सीए के ऑफिस पर जाकर किया गया ।   इस अवसर पर मुख्य रूप से डिस्टिक मुख्य सचिव सीए लायन अजय अग्रवाल, डिस्ट्रिक पदाधिकारी जीएलटी कॉर्डिनेटर लायन रीना अग्रवाल, मार्केटिंग चेयरमैन एवम डिप्टी डिस्ट्रिक गवर्नर अनिल कंसल, अध्यक्ष लायन अमित मित्तल, अध्यक्ष लायन मनीष जैन,लायन सचिव  दिनेश गर्ग, कोषाध्यक्ष लायन रोहित सिंघल, लायन अमित गर्ग, लायन ,आदि की सहभागिता रही।

एस० डी० कॉलेज ऑफ कॉमर्स के बी०कॉम षष्टम सेमेस्टर की परीक्षा का परीक्षाफल घोषित
मुजफ्फरनगर। माँ शाकुम्भरी विश्वविद्यालय, सहारनपुर द्वारा बी0 कॉम० षष्टम सेमेस्टर की परीक्षा का परीक्षाफल घोषित किया गया, जिसमें महाविद्यालय के बी०कॉम० षष्टम सेमेस्टर के सभी छात्र छात्र/छात्राएं सफल रहे । विद्यार्थीयों के इस प्रदर्शन पर महाविद्यालय में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थीयों को प्राचार्य डा० सचिन गोयल एवं समस्त शिक्षको द्वारा स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया गया। विद्यार्थीयों ने इस उत्कृष्ट प्रदर्शन का श्रेय अपने माता-पिता व महाविद्यालय के समस्त अध्यापकों को दिया । परीक्षाफल में रचना ने 81 प्रतिशत अंक प्राप्त करके प्रथम स्थान, सुहाना बतुल ने 79 प्रतिशत अंक प्राप्त करके द्वितीय स्थान तथा राधिका अग्रवाल ने 78 प्रतिशत अंक प्राप्त करके तृतीय स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया । प्राचार्य डा0 सचिन गोयल ने इस अवसर पर कहा कि महाविद्यालय में सभी विद्यार्थीयों को शैक्षणिक पाठ्यक्रम के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास में सहायक सभी प्रकार की तकनीकी, सामाजिक व सांस्कृतिक गतिविधियों का वातावरण भी उपलब्ध कराया जाता है जिससे की विद्यार्थी हर क्षेत्र में अपना वर्चस्व स्थापित कर सके । इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डा0 रवि अग्रवाल व सभी शिक्षकों ने विद्यार्थीयों को शुभकामनाएं दी और उनको भविष्य में भी इसी प्रकार उन्नति करने हेतु प्रेरित किया और कहा कि सफलता उन्हीं को मिलती है, जिनके जीवन का एक लक्ष्य होता है व जो उस लक्ष्य को हासिल करने के लिए सच्चा दृढ़ संकल्प लेते हैं तथा इसके लिए लगातार प्रयास करते रहते हैं इस अवसर पर वाणिज्य संकाय से डा० माधुरी अरोरा, डा० रिंकु एस० गोयल, डा० सुरेश चन्द शुक्ला, डा0 अजय महेश्वरी, डा० नवेद अख्तर, अमन वर्मा, रोहित पाल, मोहित गुप्ता, प्रियंका जैन, कनिका मलिक आदि मौजूद रहे । 

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: info@poojanews.com

News-Desk has 22157 posts and counting. See all posts by News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1 × 5 =