खबरें अब तक...

समाचार (Muzaffarnagar News)

गौ आश्रय स्थल का किया निरीक्षण
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) जनपद में संचालित गौआश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने और गोवंशों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी के उद्देश्य से पशुपालन विभाग लगातार निरीक्षण अभियान चला रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को मीरापुर स्थित कान्हा गोशाला का पशु चिकित्सा अधिकारी ने निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेंद्र गुप्ता के निर्देशन में पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार ने कान्हा गोशाला, मीरापुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गोवंशों के स्वास्थ्य, चारे की उपलब्धता, स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था तथा देखभाल संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तार से जांच की गई। निरीक्षण के दौरान गोशाला में मौजूद सभी गोवंश स्वस्थ पाए गए। पशु चिकित्सा अधिकारी ने गोवंशों के स्वास्थ्य का परीक्षण करते हुए उनकी नियमित देखभाल और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण जारी रखने के निर्देश दिए।
 उन्होंने कहा कि गोवंशों के स्वास्थ्य के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए और यदि किसी पशु में बीमारी के लक्षण दिखाई दें तो तत्काल उसका उपचार कराया जाए। निरीक्षण के दौरान गोशाला में गोवंशों के लिए पर्याप्त मात्रा में भूसा, हरा चारा तथा स्वच्छ पेयजल उपलब्ध मिला। पशु चिकित्सा अधिकारी ने उपलब्ध व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि गोवंशों को नियमित रूप से हरा चारा, खल, चोकर तथा पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जाए, ताकि उनका स्वास्थ्य बेहतर बना रहे।

 

अपनी दादी को यात्रा पर लेकर कलयुग का श्रवणMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)पवित्र श्रावण माह में चल रही कांवड़ यात्रा-2026 में आस्था, सेवा और सनातन संस्कृति का एक अद्भुत दृश्य देखने को मिला।  शहर के प्रसिद्ध शिव चैक पर एक ऐसी कांवड़ पहुंची, जिसे देखकर हर कोई भावविभोर हो उठा। हापुड़ के रहने वाले शिवभक्त प्रशांत राणा आधुनिक युग के ‘श्रवण कुमार’ बनकर अपनी 80 वर्षीय दादी शारदा देवी को कांवड़ में बैठाकर हरिद्वार से गंगाजल ला रहे हैं। शिव चैक पर जैसे ही यह अनोखी श्रवण कांवड़ पहुंची, वहां मौजूद श्रद्धालुओं का तांता लग गया। लोग इस अनूठे दृश्य को अपने कैमरों और मोबाइल में कैद करते नजर आए।  यात्रा के दौरान कांवड़ का संतुलन बनाए रखना सबसे बड़ी चुनौती थी। प्रशांत राणा ने बताया कि उनकी दादी का वजन लगभग 45 किलोग्राम है। कांवड़ का संतुलन न बिगड़े, इसके लिए उन्होंने दूसरे पलड़े में भी ठीक 45 किलोग्राम वजन का गंगाजल, कलश और अन्य पूजा सामग्री रखी है। कुल 90 किलोग्राम से अधिक का भार उठाकर वे बेहद उत्साह और भक्तिभाव के साथ अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। अपनी इस कठिन यात्रा के बारे में बात करते हुए प्रशांत ने भावुक होकर कहा मेरी महादेव से कोई निजी मनोकामना या मांग नहीं है। मेरा एकमात्र उद्देश्य अपनी दादी को हरिद्वार में मां गंगा के पवित्र दर्शन कराना और उन्हें कांवड़ यात्रा का अहसास कराना था। भगवान शिव से बस यही प्रार्थना है कि वे मेरी दादी को लंबी उम्र और उत्तम स्वास्थ्य प्रदान करें। प्रशांत ने बताया कि उनके साथ कुल 22 शिवभक्तों की टोली चल रही है, लेकिन पूरी टोली में उनकी श्रवण कांवड सबसे अलग और विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। पोते के इस अगाध प्रेम और समर्पण से गद्गद दादी शारदा देवी ने कहा कि आज के दौर में युवाओं के लिए अपने बुजुर्गों की सेवा करना ही सबसे बड़ी पूजा है। उन्होंने कहा कि माता-पिता और बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद ही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है, और प्रशांत ने जो सम्मान उन्हें दिया है, वह भारतीय संस्कृति की वास्तविक मिसाल है। रास्ते भर श्रद्धालुओं ने प्रशांत के इस सेवा भाव की जमकर सराहना की और उन्हें आधुनिक युग का सच्चा श्रवण कुमार बताया।

 

शिवभक्त कांवडियों की उमड़ी भीड
मुजफ्फरनगर। पवित्र श्रावण मास के प्रारंभ होते ही कांवड़ मार्गों पर आस्था और भक्ति का अद्भुत जनसैलाब उमड़ पड़ा है। हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्यों की ओर बढ़ रहे शिवभक्तों की संख्या में दिन-प्रतिदिन लगातार भारी इजाफा देखने को मिल रहा है।
कांवड़ियों के कदम जैसे-जैसे आगे बढ़ रहे हैं, वैसे-वैसे पूरा माहौल शिवमय होता जा रहा है।
हरिद्वार-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग और गंगनहर पटरी मार्ग पर हर तरफ केवल भगवा रंग और भोलेनाथ के भक्त ही नजर आ रहे हैं। जैसे-जैसे श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है, कांवड़ मार्गों पर ष्बम-बम भोलेष् और हर-हर महादेव के गगनभेदी जयघोष गूंजने लगे हैं। थका देने वाली लंबी पैदल यात्रा के बावजूद शिवभक्तों के चेहरे पर थकान का नामोनिशान नहीं है; उनका उत्साह और भक्तिभाव देखते ही बन रहा है। डीजे और साउंड सिस्टम पर बजते शिव भजनों की धुन पर नाचते-गाते कांवड़िए पूरे मार्ग को भक्ति के रंग में सरोबार कर रहे हैं। कांवड़ियों की संख्या में हुई इस बढ़ोतरी से मार्गों पर लगे कांवड़ सेवा शिविरों में भी चहल-पहल बढ़ गई है। स्थानीय नागरिक, विभिन्न सामाजिक संगठन और जनप्रतिनिधि शिवभक्तों की सेवा में पूरी तन्मयता से जुटे हुए हैं। कांवड़ियों के लिए भोजन, शुद्ध पेयजल, विश्राम और पैरों की मालिश (मेडिकल सेवा) जैसी सुविधाएं 24 घंटे उपलब्ध कराई जा रही हैं। कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अमला भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। कांवड़ मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और बड़े वाहनों का रूट डायवर्जन लागू कर दिया गया है, ताकि शिवभक्तों की यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे।

 

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अधिकारियों को किया रामपुरी जलनिकासी समस्या पर तलब
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) उत्तर प्रदेश सरकार के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने मोहल्ला रामपुरी क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही जलनिकासी एवं जलभराव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मेरठ रोड स्थित लोक निर्माण विभाग गेस्ट हाउस में संबंधित विभागों के अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की। बैठक के दौरान मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अधिकारियों से क्षेत्र की वर्तमान स्थिति, जलनिकासी व्यवस्था, उपलब्ध भूमि एवं प्रस्तावित कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि समस्या के समाधान में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित करें। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर भूमि का परीक्षण किया जाए तथा जलनिकासी के लिए आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रिया को तेजी से पूर्ण करते हुए स्थायी समाधान की कार्ययोजना तैयार कर कार्य प्रारंभ कराया जाए। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में जलभराव से नागरिकों को होने वाली असुविधा किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है और जनहित से जुड़े कार्य सर्वाेच्च प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रत्येक नागरिक को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। जनप्रतिनिधि और प्रशासन के समन्वित प्रयासों से क्षेत्र की प्रत्येक जनसमस्या का समयबद्ध एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक में नगर पालिका परिषद की चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अभिषेक सिंह, जल निगम के अधिशासी अभियंता अबु जेद, अधिशासी अभियंता संजीव कुमार, उपजिलाधिकारी सदर शुभम श्रीवास्तव, तहसीलदार राधेश्याम गौड़, नायब तहसीलदार हरेंद्र पाल, लेखपाल शाहबुद्दीनपुर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

पुलिस लाइन के अभिलेख एसएसपी ने परखेः कार्यप्रणाली और पारदर्शिता के निर्देश
मुजफ्फरनगर। अनुशासन एवं कार्यप्रणाली सुदृढ़ करने हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरनगर द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन में लिया गया अर्दली रूम। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर श्री संजय कुमार वर्मा द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन में अर्दली रूम का आयोजन किया गया। अर्दली रूम के दौरान पुलिस लाईन स्थित विभिन्न शाखाओं के अभिलेखों का गहन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय अभिलेखों के रख-रखाव, अद्यतन स्थिति एवं कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा संबंधित शाखा प्रभारी एवं कर्मचारियों को अभिलेखों को सुव्यवस्थित, अद्यतन एवं नियमों के अनुरूप रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्ध निस्तारण एवं विभागीय नियमों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। महोदय द्वारा सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने, कार्यालयी कार्यों में लापरवाही न बरतने तथा जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इस दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ मिश्रा, प्रतिसार निरीक्षक उदल सिंह सहित पुलिस के अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण मौजूद रहें।

 

7 सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को दी गई भावभीनी विदाईMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)उत्तर प्रदेश पुलिस को अपनी दीर्घकालिक सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हुए पुलिसकर्मियों के लिए शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन सभागार कक्ष में एक भावभीनी विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ ने सेवानिवृत्त हो रहे पुलिसकर्मियों को पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया और अपने सेवाकाल के दौरान उनके द्वारा निष्ठापूर्वक किए गए कार्यों की सराहना की। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को स्मृति चिन्ह व उपहार भेंट करते हुए उनके आगामी सुखमय, स्वस्थ एवं समृद्ध जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस विदाई समारोह के दौरान प्रतिसार निरीक्षक ऊदल सिंह सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी, कर्मचारीगण तथा सेवानिवृत्त हुए पुलिसकर्मियों के परिजन उपस्थित रहे। सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मी में उप निरीक्षक नागरिक पुलिस अनिल बाबू – थाना खतौली (अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त), उप निरीक्षक नागरिक पुलिस पूरन सिंह – रिजर्व पुलिस लाइन (अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त), उप निरीक्षक नागरिक पुलिस प्रेम सिंह परिहार – थाना तितावी (अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त) , उप निरीक्षक नागरिक पुलिस रवि कुमार – थाना चरथावल (अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त), उप निरीक्षक सशस्त्र पुलिस राजेन्द्र सिंह – रिजर्व पुलिस लाइन (अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त), उप निरीक्षक नागरिक पुलिस रोहताश सिंह – थाना छपार (ऐच्छिक सेवानिवृत्ति), उप निरीक्षक नागरिक पुलिस विनोद कुमार – थाना खतौली (ऐच्छिक सेवानिवृत्ति)।

 

कांवड़ यात्रा को दुर्घटनामुक्त बनाने एक्शन में अफसर
डीएम-एसएसपी ने सड़कों पर की पैदल गश्त, होटलों में चेक की भोजन की गुणवत्ता
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर द्वारा कांवड़ यात्रा को सुरक्षित एवं दुर्घटनामुक्त सम्पन्न कराने हेतु कांवड़ मार्ग पर व्यवस्थाओं का किया स्थलीय निरीक्षण, होटलों में खाद्य गुणवत्ता को किया चेक, स्पीड बोट से नहर क्षेत्र में जलस्तर एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा।  जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर श्री उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर श्री संजय कुमार वर्मा द्वारा थाना खतौली क्षेत्र में कांवड़ यात्रा-2026 के दृष्टिगत कांवड़ मार्ग का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों द्वारा कांवड़ मार्ग पर पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन, डायवर्जन व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया गया। संबंधित अधिकारियों एवं पुलिस बल को निर्देशित किया गया कि कांवड़ियों की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने हेतु सभी व्यवस्थाएं सतत प्रभावी रखी जाएं तथा किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल उसका निराकरण कराया जाए। इस दौरान जिलाधिकारी महोदय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा मार्ग पर स्थापित विभिन्न कांवड़ शिविरों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा, पेयजल, विश्राम एवं अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही कांवड़ मार्ग पर स्थित होटल एवं भोजनालयों का निरीक्षण करते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं साफ-सफाई की व्यवस्था का अवलोकन किया गया। होटल संचालकों को निर्देशित किया गया कि श्रद्धालुओं को केवल स्वच्छ, ताजा एवं उच्च गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थ ही उपलब्ध कराए जाएं तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी महोदय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा जल पुलिस की इन्फ्लेटेबल मोटर बोट के माध्यम से नहर क्षेत्र का भ्रमण कर जलस्तर, घाटों की सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, जल पुलिस की तैनाती एवं रेस्क्यू तैयारियों का निरीक्षण किया गया। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जल क्षेत्र में निरंतर सतर्क निगरानी बनाए रखें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रभावी रेस्क्यू कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। अंत में जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम, व्यवस्थित एवं दुर्घटनामुक्त सम्पन्न कराने हेतु सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा, यातायात, जल सुरक्षा, स्वच्छता एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं की सतत निगरानी रखी जाए तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे कांवड़ यात्रा सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हो सके।

 

नगर पंचायत अलर्टः सीसीटीवी कैमरो से होगी निगरानी
शाहपुर। पवित्र सावन माह की कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुचारू और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शाहपुर नगर पंचायत पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गई है। शिवभक्तों की सुरक्षा और कस्बे में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से नगर पंचायत अध्यक्ष हाजी अकरम कुरैशी के निर्देशों पर पूरे कस्बे और कांवड़ मार्ग को सीसीटीवी कैमरों से लैस कर दिया गया है। नगर पंचायत अध्यक्ष हाजी अकरम कुरैशी ने जानकारी देते हुए बताया कि कांवड़ मार्ग सहित कस्बे के सभी प्रमुख चैराहों व संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे चालू कर दिए गए हैं। पुलिस प्रशासन और नगर पंचायत की संयुक्त टीम इन कैमरों के जरिए पूरे क्षेत्र की 24 घंटे निगरानी करेगी। कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा के लिए नगर पंचायत कार्यालय में अध्यक्ष हाजी अकरम कुरैशी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कस्बे के सभी सभासदों ने भाग लिया। बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि शाहपुर क्षेत्र से होकर गुजरने वाले शिवभक्तों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। नगर पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि इस वर्ष शिवभक्तों के लिए पिछले वर्षों की तुलना में अधिक बेहतर और आधुनिक इंतजाम किए जा रहे हैं। कांवड़ मार्ग पर निरंतर सफाई व्यवस्था के लिए विशेष टीमों की तैनाती। कांवड़ मार्ग पर सुदृढ़ पथ-प्रकाश (लाइटिंग) और शुद्ध पेयजल के पुख्ता इंतजाम।  प्राथमिक चिकित्सा सहायता केंद्र और आपातकालीन सेवाएं दुरुस्त।
नगर पंचायत के कर्मचारी दिन-रात मुस्तैदी से तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। अध्यक्ष ने कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि कांवड़ियों की सेवा, सुविधा और सुरक्षा में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

कांवड सेवा शिविर का मंत्री ने किया उद्घाटन
मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा-2026 के पावन अवसर पर शिवभक्तों की सेवा और सुविधा के लिए रुड़की रोड स्थित आनंद भवन शिव मंदिर में 33वें विशाल शिव कांवड़ सेवा शिविर का विधिवत शुभारंभ हुआ। उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचकर फीता काटकर शिविर का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर राज्यमंत्री ने पूरे शिविर परिसर का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और आयोजकों के सेवा भाव की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और अटूट आस्था का महापर्व है। उन्होंने कहा दूर-दराज से आने वाले शिवभक्तों की निस्वार्थ भाव से सेवा करना ईश्वर की आराधना के समान है। ऐसे विशाल शिविरों का संचालन समाज में समरसता और सेवा भावना को मजबूत करता है। उद्घाटन के बाद राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने पूरे शिविर का निरीक्षण किया और सेवा कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने आयोजकों की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से संचालित ऐसे सेवा शिविर कांवड़ यात्रा की पहचान हैं। उन्होंने कहा कि लाखों शिवभक्तों की सेवा करना सामाजिक दायित्व के साथ-साथ आध्यात्मिक पुण्य का कार्य भी है। कार्यक्रम के दौरान शिविर संचालन समिति के पदाधिकारियों ने कांवड़ यात्रा के बीच बिजली कटौती की समस्या उठाई। कुछ लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारियों के प्रति नाराजगी भी जताई। इस पर राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने सभी से संयम बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी दिन-रात मेहनत कर कांवड़ मेले को सकुशल संपन्न कराने में जुटे हैं। कभी-कभी तकनीकी कारणों से बाधाएं आ जाती हैं, लेकिन ऐसे समय में धैर्य और सहयोग की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के प्रति असंयमित भाषा का प्रयोग नहीं किया जाना चाहिए। उद्घाटन समारोह में पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान के भाई विवेक बालियान, शिवसेना प्रदेश अध्यक्ष ललित मोहन शर्मा, जिलाध्यक्ष बिट्टू सिखेड़ा, क्रांति सेना की महिला अध्यक्ष पूनम चैधरी सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में शिवभक्त उपस्थित रहे।

 

24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति की मांगMuzaffarnagar News
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)श्रावण मास में कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों शिवभक्तों की सुविधा को देखते हुए भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय सचिव एवं चेयरमैन पुरकाजी जहीर फारूकी ने कांवड़ मार्ग पर 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित किए जाने की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने जनपद मुजफ्फरनगर के सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर तथा मुख्य अभियंता विद्युत विनोद कुमार गुप्ता को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए कांवड़ मार्ग पर बिजली व्यवस्था को तत्काल सुदृढ़ करने की मांग की। ज्ञापन में जहीर फारूकी ने कहा कि उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड सीमा से शुरू होकर भूराहेड़ी, पुरकाजी, फलौदा, बरला, छपार सहित मुजफ्फरनगर शहर तक पूरे कांवड़ मार्ग पर हजारों की संख्या में शिवभक्तों के लिए सेवा शिविर, भंडारे, चिकित्सा शिविर और विश्राम स्थल संचालित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में दिन-रात श्रद्धालुओं की सेवा की जा रही है, जिसके लिए लगातार विद्युत आपूर्ति आवश्यक है। जहीर फारूकी ने अधिकारियों का ध्यान आकर्षित करते हुए बताया कि रात के समय कांवड़ मार्ग और शिविरों में बिजली गुल होने से दुर्घटनाओं और अव्यवस्था का अंदेशा बना रहता है।
विशेषकर गंगनहर पटरी और हाईवे से गुजरने वाले शिवभक्तों की सुरक्षा के लिए पथ-प्रकाश (स्ट्रीट लाइट) का निरंतर जलते रहना बेहद जरूरी है। ज्ञापन के माध्यम से यह मांग भी उठाई गई कि कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले सभी ढीले और लटके हुए बिजली के तारों को तत्काल कसवाया जाए तथा जर्जर पोल बदले जाएं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। इसके साथ ही शिविरों में लो-वोल्टेज की समस्या को दूर करने के लिए अतिरक्ट ट्रांसफार्मरों की व्यवस्था करने की भी अपील की गई। सिटी मजिस्ट्रेट और विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता ने ज्ञापन लेकर मामले को गंभीरता से लिया और जल्द से जल्द विद्युत व्यवस्था सुदृढ़ करने व 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।

 

चला सफाई अभियान
मोरना। सावन के पवित्र महीने में कांवड़ यात्रा को स्वच्छ, सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए स्थानीय प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को मोरना-लक्सर कांवड़ मार्ग पर प्रशासन द्वारा एक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया, ताकि शिवभक्तों को अपनी यात्रा के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो। यह वृहद सफाई अभियान खंड विकास अधिकारी (ठक्व्) प्रमोद कुमार वर्मा के कुशल नेतृत्व में संचालित किया गया। अभियान के तहत कांवड़ मार्ग के दोनों ओर मुख्य सड़कों और फुटपाथों की व्यापक स्तर पर सफाई कराई गई। मामले की जानकारी देते हुए ग्राम विकास अधिकारी योगेश सहरावत ने बताया कि कांवड़ियों को स्वच्छ और दुर्गंधमुक्त वातावरण देने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जा रहा है।  मोरना, छछरौली और वज़ीराबाद मार्ग पर लंबे समय से जमा कूड़े के ढेरों को हटाया गया।  कूड़े के बड़े ढेरों और गंदगी को हटाने के लिए जेसीबी मशीनों की मदद ली गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कांवड़ मार्ग की सफाई केवल एक दिन की कवायद नहीं है, बल्कि पूरी यात्रा के दौरान इस व्यवस्था पर नियमित रूप से निगरानी रखी जाएगी। कांवड़ मार्ग को पूर्णतः स्वच्छ और व्यवस्थित रखना ही प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि देश भर से आने वाले शिवभक्त मुजफ्फरनगर से एक सुखद अनुभव लेकर लौटें।

 

शिव महापुराण कथा के चैथे दिन गूंजी भगवान शिव की महिमा
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News) श्री कृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार के सचिव अतुल कुमार गर्ग ने बताया कि श्री दुर्गा मंदिर, नुमाइश कैंप में 27 जौलाई से 02 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन सांय 04 बजे से 06 बजे तक होने वाली श्री शिव महापुराण कथा के चैथे दिन कथा व्यास आचार्य होती लाल शर्मा ने भगवान शिव की महिमा, उनके विभिन्न स्वरूपों का विस्तार से उल्लेख किया तथा अतुल गर्ग ने  कहा कि सत्य का ज्ञान प्राप्त करने के लिए तत्वदर्शी गुरु के पास जाना आवश्यक है। कथा श्रवण मे पंडित बृजेश दूबे,अतुल गर्ग,रामबीर सिंह,राजेश वर्मा,सोनिया सिंह, नंदिनी, सारिका,नूतन, आरती,अजय पाहूजा,  विपिन गुप्ता, सुनीता अरोड़ा, , रंजू झा,सीता राम, विनोद चैहान, दीपाली, राकेश तनेजा, रजनी, उषा, शुभम, संजीव वर्मा, पूनम, संगीता, उमा, नवीन,चंद्र कांता, ज्योति, अशोक गुप्ता, एड संदीप दास आदि बड़ी संख्या मे सहयोगी संस्थाओ आचार्य कुल, बाल कृष्ण सेवा संस्थान, गुडविल सोसाइटी, श्री कृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार के सदस्य आदि बड़ी संख्या मे श्रद्धालु जन उपस्थित रहे। प्रसाद वितरण के उपरांत चैथे दिन की कथा को विश्राम दिया गया।

 

 ईमानदारी की मिसाल पेश करने वाले व्यापारी को व्यापार मंडल ने किया सम्मानित
मुजफ्फरनगर। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की इकाई नई मंडी उद्योग व्यापार मंडल के व्यापारी स्टाइल पॉइंट के मालिक मोहन जलोत्रा बिंदल बाजार ने ईमानदारी की मिसाल प्रस्तुत की  जिसमें उनके द्वारा बाजार में पाया सोने का एक कंगन ग्राहक को वापस किया जिसकी कीमत लगभग 200000 थी व्यापारी की ईमानदारी पर व्यापार मंडल के पदाधिकारीयो द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया वरिष्ठ प्रांतीय उपाध्यक्ष संजय मित्तल ने अपने संबोधन में व्यापारी का धन्यवाद करते हुए का कि आपने जो इमानदारी की मिसाल पेश की है उससे पूरे व्यापारी वर्ग का मस्तक ऊंचा हुआ है तथा व्यापारी को सम्मान देते हुए नई मंडी व्यापार मंडल की इकाई में मंत्री का पद दिया गया जिसका सभी ने स्वागत किया स्वागत करने वालों में मोहनलाल मित्तल, मुदित जैन,  नीरज गांधी, अचिन सागर, आशुतोष गुप्ता, नवीन बिंदल, संजीव बत्रा, गुरजीत सिंह चावला, शैंकी, दिनेश गर्ग, सुरेंद्रनाथ मित्तल, धर्मेंद्र जैन, अनुराग सिंगल, सुभाष मित्तल, अमित राय जैन, पवन, संजय बंसल, रिंपी, दिनेश बंसल, सुमित मित्तल, राजीव शेट्टी, विनय मित्तल,आदिव्यापारी उपस्थित रहे

 

स्कूटी व बाइक की भिडन
मुजफ्फरनगर। दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे-58 स्थित बरला पुलिस चैकी क्षेत्र में शुक्रवार को एक सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक स्कूटी और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में स्कूटी चालक को हल्की-फुल्की चोटें आई हैं।  घटना की जानकारी मिलते ही बरला चैकी पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से स्थिति को संभाला और घायल स्कूटी सवार को प्राथमिक राहत पहुँचाई। हादसा बड़ा नहीं था और दोनों पक्षों को मामूली नुकसान हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराई। समझौता होने के बाद दोनों पक्ष अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए। टक्कर के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर वाहनों की गति धीमी हो गई थी, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहनों को सड़क किनारे कराया और यातायात व्यवस्था को तुरंत सुचारू कर दिया।

 

’जन चेतना कार्यक्रम हुआ आयोजित
मुजफ्फरनगर। भारत विकास परिषद मुजफ्फरनगर ‘मेन’ द्वारा संस्कृति सप्ताह कार्यक्रम के अंतर्गत यातायात जानकारी हेतु जन चेतना शिविर का सफल आयोजन एस.डी. इण्टर कॉलेज (निकट रोडवेज, मुजफ्फरनगर) में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एस.डी.इ. कॉलेज के प्रधानाचार्य  आदित्य प्रकाश सक्सेना, शिशुकांत गर्ग, प्रांतीय मार्गदर्शक सुभाष चन्द्र गुप्ता, क्षेत्रीय संयोजक (पर्यावरण) श्री जगदीश पालीवाल एवं प्रा.प्र. सं. स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिविर  विष्णु स्वरूप अग्रवाल की उपस्थिति में हुआ। घ्कार्यक्रम के मुख्य वक्ता  पुष्पेंद्र सिंह चैहान (एसआई यातायात पुलिस) ने उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट व सीटबेल्ट लगाने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। इसके साथ ही जावेद अली, शालू एवं नीरज कुमार ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए यातायात नियमों की महत्ता पर प्रकाश डाला। घ्इस अवसर पर परिषद के अध्यक्ष कान्ति राठी, संरक्षक अशोक सिंघल, कोषाध्यक्ष पुरुषोत्तम सिंघल, कार्यक्रम व्यवस्थापक राहुल कुशवाहा उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में कार्यक्रम संयोजक मनीष गर्ग, डॉ. दीपक कुमार गर्ग, डॉ. राहुल कुशवाहा,  मनोज शर्मा, डॉ. रीतू रानी, डॉ. रश्मि विनायक, रेशू गुप्ता तथा राजकुमार गुप्ता, अरविंद कुमार, डॉ. राजबल सैनी का विशेष सहयोग एवं योगदान रहा।

 

सांझक के प्राचीन शिव-पार्वती धाम में विशाल कांवड़ सेवा शिविर का शुभारंभ, 11 अगस्त तक शिवभक्तों की होगी सेवा
शाहपुर। शाहपुर क्षेत्र के प्रसिद्ध व प्राचीन शिव-पार्वती धाम सांझक मंदिर धर्मशाला में वार्षिक कांवड़ सेवा शिविर का भव्य शुभारंभ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान से आयोजित हवन-पूजन के साथ शिविर की शुरुआत की गई, जिससे पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा। शिविर का औपचारिक उद्घाटन सुखतीर्थ आश्रम के स्वामी ओम आनंद महाराज के प्रतिनिधि एवं सुखतीर्थ ट्रस्ट के संचालक ओम दत्त आर्य ने फीता काटकर किया। यह सेवा शिविर आगामी 11 अगस्त तक अनवरत चलेगा, जिसमें हरिद्वार से जल लेकर लौटने वाले हजारों शिवभक्तों के विश्राम, भोजन और स्वास्थ्य की निस्वार्थ सेवा की जाएगी।
समारोह के मुख्य अतिथि ओम दत्त आर्य ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए सांझक मंदिर की पौराणिक महिमा पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इस पावन स्थल पर स्वयं प्रकट भगवान शिव और माता पार्वती की प्रतिमा विराजमान है, जिनके दर्शन मात्र से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। माता-पिता ही बच्चे के पहले गुरु होते हैं। व्यक्ति का व्यवहार और उसकी वाणी ही उसके संस्कारों को दर्शाती है। आज के दौर में हर घर में रामायण, श्रीमद्भगवद्गीता, वेद और पुराण होने चाहिए ताकि हमारी नई पीढ़ी को सनातन संस्कृति का वास्तविक ज्ञान मिल सके। कांवड़ यात्रा की पवित्रता और मर्यादा बनाए रखने के लिए मुख्य अतिथि ने आयोजकों और मंदिर समिति से विशेष आग्रह किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिविर परिसर में अशोभनीय या फूहड़ गानों का बजाना पूरी तरह से वर्जित होना चाहिए। शिविर में केवल भक्ति भाव से ओत-प्रोत, मर्यादा और सनातन परंपरा को दर्शाने वाले भजनों का ही प्रसारण किया जाए ताकि धार्मिक वातावरण बना रहे। इस अवसर पर मंदिर समिति के पदाधिकारी, स्थानीय ग्रामीण और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

 

एसडीएम ने कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण कियाः बागपत बाॅर्डर पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया
बुढ़ाना। उपजिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार सिंह ने आगामी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीएम ने बुढ़ाना क्षेत्र से बागपत बॉर्डर स्थित भड़ल चैकी तक पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनके साथ नायब तहसीलदार भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक इंतजामों की बारीकी से जांच की गई।  एसडीएम ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों तथा ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। सत्येंद्र कुमार सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ मार्ग पर हर समय सतर्कता बनाए रखें। किसी भी समस्या की सूचना मिलते ही तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी। बुढ़ाना प्रशासन कांवड़ यात्रा को लेकर पूरी तरह सक्रिय है और श्रद्धालुओं को सुरक्षित तथा सुगम यात्रा का वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार निगरानी कर रहा है।

 

 तुषार शर्मा विश्वविद्यालय में गोल्ड मेडल के लिए चयनित होने पर एसवीएम काॅलेज में हुआ भव्य सम्मान
मुजफ्फरनगर। एस.वी.एम. योगा एंड हेल्थ साइंसेज़ कॉलेज, जानसठ रोड, मुज़फ्फरनगर के बी.वाक. (योगिक साइंस) के छात्र तुषार शर्मा का नाम विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में स्वर्ण पदक हेतु चयनित हुआ था, यह छात्र के साथ-साथ महाविद्यालय के लिए भी गर्व का विषय हैं। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर महाविद्यालय परिसर में आयोजित एक सम्मान समारोह में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अरविन्द कुमार सिंह ने तुषार शर्मा को स्मृति-चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. अरविन्द कुमार सिंह ने छात्र को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल तुषार शर्मा के अथक परिश्रम और समर्पण का परिणाम है, बल्कि महाविद्यालय के लिए भी गौरव का विषय है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि तुषार भविष्य में भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से महाविद्यालय एवं विश्वविद्यालय का नाम रोशन करेंगे। तुषार शर्मा ने इस सम्मान के लिए महाविद्यालय प्रबंधन, प्राचार्य एवं समस्त शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षकों के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग से ही यह सफलता प्राप्त हुई है। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे तथा सभी ने तुषार शर्मा को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। महाविद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि तुषार शर्मा की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत सिद्ध होगी।

 

तेज रफ्तार बाइक से बच्ची घायलMuzaffarnagar News
चरथावल। कस्बे में गुरुवार देर रात एक तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से दो वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। बच्ची को मुजफ्फरनगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका आईसीयू में उपचार चल रहा है। गत रात्रि मोहल्ला तगायान मुस्लिम में हुई। मोहम्मद आसिफ की दो वर्षीय पुत्री मरियम अपने घर के सामने मौजूद थी, तभी एक तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक रिहायशी गली में काफी तेज गति से चलाई जा रही थी। हादसे के बाद परिजन बच्ची को तत्काल रुड़की रोड स्थित हेल्थ पैराडाइज हॉस्पिटल ले गए। चिकित्सकों ने बताया कि बच्ची के सिर में दो गंभीर चोटें आई हैं, साथ ही छाती में चोट और पैर में कई फ्रैक्चर भी हैं। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और आईसीयू में उसका इलाज जारी है।

 

एसपी क्राइम ने की समीक्षा बैठक
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)पुलिस अधीक्षक अपराध, मुजफ्फरनगर द्वारा कांवड़ यात्रा-2026 के दृष्टिगत  कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का लिया गया जायजा, ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण, सुरक्षित, दुर्घटनामुक्त एवं निर्विघ्न सम्पन्न कराए जाने हेतु जनपद पुलिस द्वारा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध श्रीमति इन्दु सिद्धार्थ द्वारा वहलना कट, रामपुर तिराहा आदि स्थानों पर कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कांवड़ मार्ग पर बैरिकेडिंग, यातायात डायवर्जन, पुलिस पिकेट, सीसीटीवी निगरानी, भीड़ नियंत्रण एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान  ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ब्रीफ करते हुए निर्देशित किया गया कि कांवड़ यात्रियों के साथ सौहार्दपूर्ण एवं विनम्र व्यवहार बनाए रखें, सतर्कता एवं सजगता के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा आपात स्थिति की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों एवं कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराएं। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, आमजन एवं कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने तथा सभी व्यवस्थाओं पर निरंतर प्रभावी निगरानी बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

 

News

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: info@poojanews.com

News-Desk has 22420 posts and counting. See all posts by News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

nineteen − two =