समाचार (Muzaffarnagar News)
कोतवाली पुलिस ने नाबालिग युवती के साथ गलत काम करने के अभियोग में वांछित 02 अभियुक्तों को किया गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। अपर पुलिस महानिदेशक, मेरठ जोन मेरठ एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र सहारनपुर के निर्देशन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण, पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ के0मिश्रा तथा प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली नगर बृजेश मिश्रा के कुशल नेतृत्व में थाना कोतवाली नगर पुलिस द्वारा की गयी कार्यवाही। उल्लेखनीय है कि 18 अगरूत को थानाक्षेत्र कोतवाली नगर निवासी वादिया द्वारा थाना कोतवाली नगर पुलिस को लिखित तहरीर देकर अवगत कराया गया कि वादिया की नाबालिग पुत्री घर से बिना बताए कहीं चली गयी है। वादिया द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली नगर पुलिस द्वारा मु0अ0सं0 360/2026 धारा 137(2) बीएनएस पंजीकृत किया गया तथा किशोरी की शीघ्र एवं सकुशल बरामदगी हेतु टीमें गठित की गयी थीं। गठित टीम द्वारा दिनांक 21 अगस्त को किशोरी को बरामद किया गया तथा पीड़िता द्वारा बताया गया कि अभियुक्तगण नाजिम पुत्र यामीन निवासी मिमलाना रोड थाना कोतवाली नगर, मुजफ्फरनगर व 01 अन्य अज्ञात व्यक्ति द्वारा पीड़िता से गलत काम करने की घटना कारित की गयी है, तथा अभियुक्त मौ0 आदिल पुत्र मौ0 इकबाल निवासी पीर वाली गली, मिमलाना रोड थाना कोतवाली नगर, मुजफ्फरनगर द्वारा भी पीडिता के साथ गलत काम किया गया है। जिसके आधार पर अभियोग की विवेचना में कठोर धाराओं की वृद्धि की गयी तथा अभियुक्तगण की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु सार्थक प्रयास किए जा रहे थे। थाना कोतवाली नगर पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि जो लड़का अपने 02 दोस्तो के साथ नाबालिग लड़की को घुमाने के बहाने कार से लेकर गया था वह आज कहीं भागने की फिराक में काली नदी पुल के पास किसी के आने का इंतजार कर रहा है। सूचना पर थाना कोतवाली नगर पुलिस टीम तत्काल मुखबिर के बताए स्थान पर पहुंची तो देखा कि 01 व्यक्ति काली नदी पुल की तरफ आ रहा है। पुलिस टीम जैसे ही उसके पास पहुंची तो उक्त व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम द्वारा उसे रुकने के लिए कहा गया तो नहीं रुका तथा पीछे मुड़कर पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायर कर दिया। बदमाश द्वारा किए गए फायर से पुलिस टीम बाल बाल बची तथा बदमाश को फायरिंग बंद कर आत्मसमर्पण की चेतावनी दी गयी परन्तु बदमाश पर पुलिस की चेतावनी का कोई असर नहीं हुआ। पुलिस टीम द्वारा बदमाश की फायरिंग रेंज में घुरसकर आत्मरक्षार्थ सूक्ष्म जवाबी फायरिंग की गयी जिसमें वह बदमाश नाजिम पुत्र यामीन दाहिने पैर में गोली लगने से घायल हो गया। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से 01 तमंचा मय 01 जिंदा व 01 खोखा कारतूस 315 बोर बरामद किया गया है। घायल अभियुक्त को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभियुक्त की गिरफ्तारी एवं बरामदगी के सम्बन्ध में थाना कोतवाली नगर पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है। थाना कोतवाली नगर पुलिस द्वारा उपरोक्त अभियोग में वांछित अभियुक्त मौ0 आदिल को शामली बस स्टैण्ड से गिऱफ्तार किया गया है।
घायल/गिरफ्तार अभियुक्त नाजिम पुत्र यामीन निवासी मिमलाना रोड गुडलक पैलेस के पास थाना कोतवाली नगर, मुजफ्फरनगर (घायल), मौ0 आदिल पुत्र मौ0 इकबाल निवासी पीर वाली गली, मिमलाना रोड थाना कोतवाली नगर, मुजफ्फरनगर। अभियुक्तगण के विस्तृत आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है तथा अभियोग में वांछित अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम गठित है, शीघ्र गिरफ्तार सुनिश्चित की जाएगी।
प्रारम्भिक पूछताछ के दौरान घायल/गिरफ्तार अभियुक्त नाजिम उपरोक्त द्वारा बताया गया कि मैं पीड़िता को पहले से जानता था। दिनांक 17.08.26 को मैंने पीड़िता को फोन करके बुलाया और अपने 02 दोस्तों के साथ गाडी में बैठाकर हरिद्वार-मेरठ हाईवे पर एक होटल में ले गये थे जहां पर मैंने और मेरे 01 दोस्त ने पीडिता के साथ गलत काम किया। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्र0नि0 बृजेश कुमार शर्मा, उ.नि. विक्रान्त कुमार, पवन प्रताप सिंह, है. का. अंकित, का. कपिल, अमित, राजकुमार थाना कोतवाली नगर शामिल रहे।
डा. वीरपाल निर्वाल ने गोगा जहारवीर मेले का किया शुभारम्भ
भोपा। कस्बे के होली चैक पर श्री गोगा जहारवीर समिति की ओर से वार्षिक मेले का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ गोगा जहारवीर जी की म्हाड़ी पर पारंपरिक छड़ निशान अर्पित किए। सुबह से हो रही तेज बारिश भी श्रद्धालुओं की आस्था को नहीं डिगा सकी और मेले में भारी भीड़ उमड़ी। मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत प्रशासक डॉ. वीरपाल निर्वाल ने फीता काटकर किया। उन्होंने गोगा जहारवीर जी की म्हाड़ी पर छड़ निशान चढ़ाने की प्राचीन परंपरा का महत्व बताते हुए सभी क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं। बारिश के बावजूद ढोल-नगाड़ों की थाप पर पहुंचे श्रद्धालुओं ने म्हाड़ी पर शीश नवाया और अपने परिवार की सुख, शांति व समृद्धि की कामना की। मेले में श्रद्धालुओं के भारी उत्साह से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। अंत में समिति के पदाधिकारियों ने मेले को सकुशल व सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी गणमान्य लोगों का आभार व्यक्त किया।
मूसलाधार बारिश से शहर की सड़के हुए जलमग्न
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।शहर में हुई झमाझम बारिश ने नगर पालिका के जल निकासी के दावों की पोल खोलकर रख दी है। मूसलाधार बारिश के चलते शहर के प्रमुख चैराहों और कॉलोनियों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई, जिससे आम जनता और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बारिश के कारण शहर का हृदयस्थल कहे जाने वाले शिवचैक के अलावा रुड़की रोड, अंसारी रोड, साकेत कॉलोनी, ब्रह्मपुरी, रैदासपुरी, रामपुरी, जनकपुरी और रामलीला टीला सहित निचले इलाकों में कई-कई फीट पानी भर गया। सड़कों और गलियों में पानी जमा होने से पूरा इलाका जलमग्न नजर आया। सड़कों पर जलभराव के चलते यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। कई फीट तक भरे पानी में उतरकर निकलने के चक्कर में दर्जनों दोपहिया वाहन बीच रास्ते में ही बंद हो गए। इसके बाद वाहन चालक पानी के बीच से अपनी बाइक व स्कूटी को पैदल खींचकर ले जाने को मजबूर दिखे। स्थानीय निवासियों ने जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने पर आक्रोश व्यक्त किया है।
बारिश से ढही कच्चे मकान की छत, टला बड़ा हादसा
मुजफ्फरनगर। जिले में हो रही मूसलाधार बारिश अब कमजोर और कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों के लिए बड़ी मुसीबत साबित हो रही है। तहसील सदर क्षेत्र के ग्राम सैदपुर खुर्द में बारिश के प्रकोप के चलते एक विधवा महिला का कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। गनीमत यह रही कि हादसे के समय कोई मलबे की चपेट में नहीं आया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, सैदपुर खुर्द निवासी कुसुम (विधवा) का कच्चा मकान लगातार हो रही बारिश से काफी सील गया था। शनिवार को अचानक मकान की छत ढह गई, जिससे चीख-पुकार मच गई। धमाके की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तुरंत पीड़ित परिवार को सुरक्षित निकाला और मामले की सूचना तहसील प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही एसडीएम सदर शुभम श्रीवास्तव प्रशासनिक टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त मकान का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनका हाल जाना और सुरक्षा के दृष्टिगत उन्हें तुरंत सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने के निर्देश दिए। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को राहत कोष से पीड़ित परिवार को अविलंब आर्थिक सहायता प्रदान करने की प्रक्रिया पूरी करने के आदेश जारी किए हैं।
खाद्य एवं पूर्ति विभाग ने चीनी व्यापारियों के स्टाॅक को जांचा
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। नवीन मंडी परिसर में उस समय हड़कंप मच गया जब खाद्य एवं पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने अचानक कई चीनी व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। टीम की इस कार्रवाई से मंडी के दुकानदारों और व्यापारियों में खलबली मच गई। संयुक्त टीम ने मंडी स्थित चीनी की थोक दुकानों और गोदामों पर पहुंचकर चीनी के भौतिक स्टॉक की सघन जांच की। इस दौरान अधिकारियों ने व्यापारियों के खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड और स्टॉक रजिस्टर का मिलान किया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कहीं निर्धारित सीमा से अधिक चीनी का भंडारण तो नहीं किया गया है। छापेमारी की अगुवाई कर रहे अधिकारियों ने व्यापारियों को सख्त हिदायत दी कि शासन द्वारा तय मानकों का पालन अनिवार्य है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि जांच में किसी भी व्यापारी के पास निर्धारित सीमा से अधिक चीनी का अवैध स्टॉक पाया जाता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
चरथावल और बिलारासी गौशालाओं में भारी बारिश के बीच एसडीएम सदर ने व्यवस्थाएं परखी
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। जनपद में हो रही मूसलाधार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने गोवंश की सुरक्षा और देखरेख को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। इसी क्रम में उप जिलाधिकारी (एसडीएम) सदर शुभम श्रीवास्तव ने चरथावल नगर पंचायत और ग्राम बिलारासी स्थित गौशालाओं का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर ने गौशालाओं में संरक्षित गोवंश के लिए उपलब्ध भूसे, हरे चारे और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को कड़े निर्देश दिए कि प्रतिकूल मौसम के बावजूद पशुओं के खान-पान और साफ-सफाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसडीएम शुभम श्रीवास्तव ने गौशालाओं में पशु चिकित्सकों की नियमित मौजूदगी और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बीमार व कमजोर गोवंश की तत्काल पहचान कर उनका समय पर इलाज कराया जाए। इसके अलावा, बारिश के कारण परिसर में जलभराव न होने देने, चारे के सुरक्षित भंडारण और गोवंश को ठंड व पानी से बचाने के लिए पुख्ता इंतजाम करने की हिदायत दी।
बारिश से थमा जनजीवन
जानसठ। कस्बे में शनिवार सुबह हुई तेज बारिश ने जलभराव की स्थिति पैदा कर दी, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। नगर पंचायत के गली-मोहल्लों से लेकर मुख्य बाजारों तक जलभराव हो गया, जिससे लोगों का आवागमन ठप पड़ गया। सड़कों पर पानी जमा होने के कारण रास्ते दिखाई देना भी बंद हो गए। आफत बनकर बरसी इस बारिश का सबसे बुरा असर स्कूल जाने वाले बच्चों और दैनिक मजदूरी करने वाले श्रमिकों पर पड़ा। पानी भरे रास्तों से गुजरने में बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा, वहीं दिहाड़ी मजदूरों का काम छूट जाने से उनकी रोज़मर्रा की आमदनी पर सीधा असर पड़ा है। इसके अलावा, बाजारों में जलभराव के चलते व्यापारियों का कारोबार भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। बारिश का असर आसपास के इलाकों में भी देखने को मिला। मीरापुर में कई लोगों के घरों के भीतर तक बरसात का पानी प्रवेश कर गया, जिससे परिजनों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि बारिश का सिलसिला कुछ घंटे और जारी रहा, तो निचले इलाकों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
ओडिसी नृत्य कार्यक्रम का हुआ आयोजन
मुजफ्फरनगर। स्पिक मैके मुजफ्फरनगर चैप्टर के तत्वावधान में होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज, जड़ौदा में ओडिसी नृत्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय शास्त्रीय कला व संस्कृति से जोड़ना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ अंतरराष्ट्रीय ओडिसी नर्तक प्रवात कुमार सवाई, स्पिक मैके के राष्ट्रीय अध्यक्ष राधा मोहन तिवारी और प्रधानाचार्य प्रवेन्द्र दहिया ने दीप प्रज्वलित कर किया। मंच संचालन छात्रा उम्मेहानि व अवनी ने किया। मुख्य कलाकार प्रवात कुमार सवाई ने मंगलाचरण में देवी स्तुति के बाद भगवान विष्णु के दशावतार, मधुराष्टकम् और मोक्ष नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। वहीं कलाकार स्वागतिका साहू ने श्वसन्त पल्लवीश् नृत्य से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। संगत कलाकारों में मर्दल पर रोहित कुमार, गायन में ऋतिक पात्रा और बांसुरी पर विश्वजीत प्रधान ने शानदार साथ दिया। स्पिक मैके के राष्ट्रीय अध्यक्ष राधा मोहन तिवारी ने बताया कि शास्त्रीय कलाएं केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि अनुशासन, साधना और संस्कार का माध्यम हैं। ओडिसी नर्तक प्रवात कुमार सवाई ने विद्यार्थियों को नृत्य की विभिन्न हस्तमुद्राएं व बारीकियां सिखाते हुए अभ्यास भी कराया। अंत में प्रधानाचार्य प्रवेन्द्र दहिया ने सभी अतिथियों व कलाकारों का आभार व्यक्त करते हुए ऐसे आयोजनों को बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी बताया।
समीक्षा बैठक में दिये दिशा निर्देश
मुजफ्फरनगर। पुलिस अधीक्षक नगर (एसपी सिटी) सत्यनारायण प्रजापत द्वारा शनिवार को थाना नई मंडी पर नियुक्त विवेचकों का अर्दली रूम लिया गया। इस दौरान उन्होंने थाने में लंबित मुकदमों की समीक्षा की और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। अर्दली रूम के दौरान एसपी सिटी ने थानों में लंबित विवेचनाओं, वांछित अपराधियों तथा वारंटियों की स्थिति की गहनता से पड़ताल की। उन्होंने सभी विवेचकों को निर्देशित किया कि वे मुकदमों का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। साथ ही, लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के सख्त आदेश दिए। एसपी सिटी ने पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण लगाने और पेशेवर अपराधियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और आमजन को समय पर न्याय दिलाना ही मुख्य प्राथमिकता होनी चाहिए।
हीमोग्लोबिन चेकअप कैंप का हुआ आयोजन
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।भारत विकास परिषद मुजफ्फरनगर सम्राट शाखा द्वारा शिक्षा सदन कन्या इंटर कॉलेज कच्ची सड़क मुजफ्फरनगर में छात्राओं का हीमोग्लोबिन परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया जिसमें लगभग 75 छात्राओं ने अपना परीक्षण कराया इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री अकुल अग्रवाल (जिला सह सचिव) एवं शरद ऐरन) जिला मीडिया प्रभारी) रहे । संयोजक-कीमती लाल जैन ,जीवन जैन अजय गोयल ,विजय कुचछल रहे। वर्षा अधिक होने के कारण सदस्यों की संख्या कम रही लेकिन छात्राओं ने अधिक से अधिक सहभागिता करते हुए परीक्षण कराया।अध्यक्ष विनय शर्मा जी ने सभी का आभार व्यक्त किया एवं लाल पैथ से आए परीक्षण कत्र्ताओं की विषम परिस्थितियों में आने के लिए सराहना की। कार्यक्रम में श्री परम कीर्ति शरण अग्रवाल (विकास रत्न)डॉक्टर वी डी भारद्वाज, मनोज गुप्ता, अमित जैन आदि का विशेष सहयोग रहा।
आॅल मेंबर्स जनरल मीटिंग एवं कार्यशाला सम्पन्न
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (।), मुजफ्फरनगर चैप्टर द्वारा ऑल मेंबर्स जनरल मीटिंग एवं विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। बैठक में चैप्टर के सम्मानित सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम की शुरुआत राज शाह, (चेयरमैन, पब्लिक रिलेशन कमेटी) द्वारा की गई। उन्होंने सभी आमंत्रित वक्ताओं का पुष्प भेंट कर स्वागत किया। इसके पश्चात सभी सदस्यों द्वारा राष्ट्रगान किया गया।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में एडवोकेट श्री उमेश गोयल ने लेबर लॉ विषय पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए श्रम कानूनों से जुड़े विभिन्न प्रावधानों, नियोक्ताओं की जिम्मेदारियों तथा उद्योगों के लिए आवश्यक कानूनी अनुपालन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके बाद एडवोकेट अनन्या गोयल ने च्व्ैभ् ।बज ;च्तमअमदजपवद व िैमÛनंस भ्ंतंेेउमदज व िॅवउमद ंज ॅवताचसंबम ।बजद्ध पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा, नियोक्ताओं की जिम्मेदारियों, आंतरिक शिकायत समिति के गठन तथा च्व्ैभ् ।बज के अंतर्गत आवश्यक प्रक्रियाओं एवं अनुपालन के बारे में सदस्यों को जागरूक किया। कार्यक्रम के दूसरे सत्र में ष्फ छमेज भ्वतप्रवदष् की ओर से सीए सुनीता गुप्ता एवं श्री सुनील चैधरी ने प्दअमेजउमदज व्चचवतजनदपजपमे पद क्मसीप-छब्त् विषय पर प्रस्तुति दी। उन्होंने निवेश के अवसरों तथा दिल्ली, गाजियाबाद एवं नोएडा में उनकी नई आने वाली प्रॉपर्टी परियोजनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। डिवीजनल चेयरमैन श्री पवन कुमार गोयल ने इस अवसर पर वक्ताओं के महत्वपूर्ण मार्गदर्शन एवं ज्ञानवर्धक प्रस्तुतियों के लिए उनका आभार व्यक्त किया एवं बताया कि इससे उद्योग जगत से जुड़े सदस्यों को कानूनी अनुपालन के साथ-साथ निवेश के नए अवसरों को समझने में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त होगी। बैठक में मुख्य रूप से आईआईए चेयरमैन अमित जैन, पूर्व चेयरमैन विपुल भटनागर, नवीन अग्रवाल, शरद जैन, वाइस चेयरमैन मनीष भाटिया, सुशील अग्रवाल, सेक्रेट्री राहुल मित्तल, कोषाध्यक्ष सुधीर अग्रवाल,कमेटी चेयरमैन दीपक सिंघल, जॉइंट सेक्रेटरी प्राचीर अरोरा, नमन जैन, अरविंद मित्तल, एफ.सी मोघा, तुषार गुप्ता, अमन गुप्ता, राकेश ढींगरा, प्रीतुल जैन, संजीव मित्तल, राहुल अग्रवाल, आर.के. सैनी, नईम चांद, कपिल मित्तल, प्रेरक जैन, आशीष सिंगल, अनिल त्यागी, संजीव सिंघल,आदि उपस्थित रहे।
मुठभेड में दो शातिर घायल सहित चार दबोचे
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। सिखेड़ा थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और शातिर ट्रांसफार्मर चोर गिरोह के बीच मुठभेड़ हो गई। भिक्की भंडूर रोड के पास खेतों की ओर संदिग्धों की घेराबंदी करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो शातिर बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिन्हें दो अन्य साथियों के साथ दबोच लिया गया। पुलिस ने पकड़े गए चारों आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया कीमती धातु का सामान (तांबे-एल्युमिनियम के तार, कॉइल और प्लेटी रॉड), ट्रांसफार्मर काटने/खोलने के उपकरण, 315 बोर के दो अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस और खोके बरामद किए हैं। सीओ नई मंडी सुनील कुमार ने बताया कि मुठभेड़ में घायल बदमाशों की पहचान निराना निवासी सलमान और जानू उर्फ जान मोहम्मद के रूप में हुई है, जिन्हें इलाज के लिए जानसठ सीएचसी भेजा गया है। वहीं, उनके दो अन्य साथियों वासिद और खुशनसीब को भी मौके से गिरफ्तार किया गया।
कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे रात के अंधेरे में खेतों और शिक्षण संस्थानों के पास लगे विद्युत ट्रांसफार्मरों को निशाना बनाते थे। सामान चोरी करने के बाद वे उसे कबाड़ियों को बेचकर आपस में पैसा बांट लेते थे। आरोपियों के कब्जे से पांच छोटे-बड़े बोरे बरामद किए हैं। इनमें ट्रांसफार्मरों के अंदर से निकाला गया कीमती धातु संबंधी सामान बताया गया है। इसके अलावा ट्रांसफार्मर खोलने के लिए इस्तेमाल होने वाले चाबी-पाने और अन्य उपकरण मिले। पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से 315 बोर के दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद हुए हैं। पकड़े गए आरोपियों ने हाल ही में भिक्की भंडूर स्थित स्वामी कल्याण देव उच्च माध्यमिक विद्यालय, कुतुबपुर, ताजपुर, तेजलहेड़ा और खुड्डा के जंगलों से ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाओं को अंजाम देना कबूला है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार सलमान, जानू और वासिद के खिलाफ चोरी, आम्र्स एक्ट, विद्युत अधिनियम तथा पॉक्सो एक्ट जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
भारी बारिश का तांडवः भरभराकर ढही मकान की दीवार, बाल-बाल बचे लोग
जानसठ। कस्बे में लगातार हो रही बारिश आफत बनकर बरस रही है। गोमती कन्या इंटर कॉलेज के पास बारिश के कारण एक मकान की दीवार अचानक भरभराकर ढह गई। गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त मलबे की चपेट में कोई नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के मुताबिक, प्रदीप राणा के भाई के बच्चे इस मकान में रहते हैं। कई दिनों से जारी तेज बारिश की वजह से मकान की दीवारें काफी सील (कमजोर) गई थीं, जिसके चलते शनिवार को अचानक दीवार का एक बड़ा हिस्सा गिर गया। दीवार गिरते ही तेज धमाके की आवाज से आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, परिवार के सदस्य सुरक्षित हैं, लेकिन उनका भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश से क्षेत्र के पुराने व जर्जर मकानों पर भी खतरे के बादल मंडरा रहे हैं। लोगों ने भविष्य में किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रशासन से ऐसे कमजोर मकानों का तत्काल सर्वे कराने और सुरक्षा के ठोस उपाय करने की अपील की है।
बारिश से ढही कच्चे मकान की छत, बड़ा हादसा टला
मोरना। क्षेत्र के तेवड़ा गांव में शनिवार सुबह तेज बारिश के कारण एक कच्चे मकान के कमरे की छत अचानक भरभराकर गिर गई। गनीमत यह रही कि हादसा होने से चंद मिनट पहले ही कमरे में मौजूद लोग बाहर निकले थे, जिससे परिवार के सदस्य बाल-बाल बच गए। तेवड़ा निवासी अनस ने बताया कि शनिवार सुबह तेज बारिश हो रही थी। उस समय उनके पिता शाहिद और भाई अबुज़र कमरे के भीतर पशुओं के लिए कुट्टी (चारा) काट रहे थे। काम निपटाकर जैसे ही वे दोनों कमरे से बाहर निकले, वैसे ही छत ज़मीन पर आ गिरी। हादसे में किसी के हताहत न होने से परिवार ने राहत की सांस ली, लेकिन मलबे के नीचे दबने से कमरे में रखा घरेलू सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक मदद और पक्का मकान बनवाने की गुहार लगाई है।
मुठभेड में एक बदमाशघायल, 2 गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। मंसूरपुर थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और शातिर बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घेराबंदी कर उसके दो अन्य साथियों को मौके से दबोच लिया, जबकि दो बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहे। खतौली सीओ रूपाली रॉय चैधरी के अनुसार, लगभग दो महीने पहले एक सरिया फैक्ट्री से हुई लूट की वारदात में यह गिरोह शामिल था। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से करीब दो महीने पहले लूटा गया सरिया, 2,70,000 की नकदी, एक कार और अवैध तमंचा बरामद किया है। जानकारी के अनुसार, पुलिस की यह कार्रवाई देर रात हुई। घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में मोहसिन नाम का बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। मौके से पकड़े गए उसके साथियों की पहचान मुस्तफा और आरिफ के रूप में हुई है। पुलिस अब बरामद नकदी और कार का अन्य आपराधिक वारदातों से कनेक्शन खंगाल रही है। फरार हुए दोनों बदमाशों की तलाश में इलाके में कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके आपराधिक इतिहास का पता लगाया जा रहा है।
नाबालिग युवती ने फांसी लगाकर दी जान
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। कवाल ग्राम पंचायत क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही जानसठ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। घटना के बाद गांव में भी चर्चा का माहौल है। बताया गया कि लड़की मामा के यहां गयी हुई थी इसके बाद शनिवार को लड़की ने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी पर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर जानसठ पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। नाबालिग द्वारा यह कदम उठाने के पीछे वास्तविक कारण क्या रहा, इसकी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही घटना के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
बंद मकान से की चोरी
मुजफ्फरनगर। क्षेत्र के लखान गांव में चोरों ने दुस्साहस दिखाते हुए एक मकान को अपना निशाना बनाया और नकदी व कीमती सामान समेटकर फरार हो गए। वारदात का पता सुबह उस वक्त चला जब परिजन सोकर उठे और कमरे का दरवाजा खुला देखा। पीड़ित परिवार की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, लखान गांव निवासी राजू पुत्र यशपाल के घर में बीती रात अज्ञात चोरों ने धावा बोला। चोरों ने कमरे में दाखिल होकर संदूक का कुंडा तोड़ा और उसमें रखे नकदी समेत अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। सुबह जब परिजनों की आंख खुली, तो कमरे में बिखरा सामान और टूटा संदूक देखकर उनके होश उड़ गए।
लाखों रुपये की भीषण चोरी की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
सैलून में बाल कटवाने को लेकर हुई मारपीट
तितावी। थाना क्षेत्र के बघरा में बाल कटवाने की बात पर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते मारपीट तक जा पहुंचा। सैलून में देखते ही देखते दो पक्ष आमने-सामने आ गय। इस दौरान दुकान के अंदर और बाहर काफी देर तक अफरा-तफरी और हंगामे का माहौल रहा हालांकि सैलून में कुछ युवकों ने दोनों युवकों को अलग कर शांत कराया। जानकारी के अनुसार बघरा स्थित एक हेयर सैलून पर बाल कटवाने के क्रम को लेकर दो युवकों के बीच कहासुनी हो गई। बहस इतनी बढ़ी कि मामला हाथापाई तक जा पहुंचा। हालांकि, वहां मौजूद अन्य लोगों ने बीच-बचाव कराने का प्रयास किया। मारपीट की यह पूरी घटना दुकान में लगेे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना का संज्ञान लेते हुए पुलिस फुटेज के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है।
स्थान परिवर्तन के साथ 23 अगस्त को आयोजित होगा साप्ताहिक गीता पाठ एवं संकीर्तन
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। श्री कृष्ण कृपा जीओ गीता परिवार द्वारा आयोजित होने वाले साप्ताहिक गीता पाठ एवं संकीर्तन के स्थल में अपरिहार्य कारणों से बदलाव किया गया है। पूर्व में यह आयोजन 23 अगस्त 2026 (रविवार) को आचार्य सीताराम शर्मा जी के निवास (तुलसी नगर, भोपा रोड) पर प्रस्तावित था, जिसे उनके परिवार में सदस्य के अस्वस्थ होने के कारण स्थगित कर दिया गया है। समिति द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह धार्मिक कार्यक्रम अब अपने निर्धारित दिन 23 अगस्त (रविवार) को ही शाकुंतलम मंदिर परिसर, सर्कुलर रोड पर आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम एडवोकेट सनसवीर सिंह के सौजन्य से, कथा व्यास पंडित होतीलाल शर्मा जी के पावन सानिध्य तथा समाजसेवी व मंदिर संरक्षक देवराज पवार जी की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न होगा।
संकीर्तन का समय सायं 6 बजे से 7ः30 बजे तक निश्चित किया गया है। आयोजकों ने सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से समय पर पहुंचकर संकीर्तन की शोभा बढ़ाने और धर्म लाभ उठाने की अपील की है।
झांसी रानी रोड पर बारिश से नाले के किनारे की सड़क का हिस्सा टूटा
मुजफ्फरनगर। शहर के प्रमुख और व्यस्ततम झांसी रानी रोड पर भारी बारिश के चलते दुकान के किनारे की सड़क अचानक नीचे धंस गई। व्यस्त बाजार वाले इस इलाके में सड़क क्षतिग्रस्त होने से आसपास के दुकानदारों और स्थानीय व्यापारियों में चिंता व्याप्त हो गई है। व्यापारियों को डर है कि यदि बारिश जारी रही तो दुकानों के पास कटाव और बढ़ सकता है, जिससे बड़ा हादसा होने का खतरा है। घटना के बाद स्थानीय निवासियों और व्यापारिक संगठनों ने नगर पालिका व संबंधित विभाग के अधिकारियों से तुरंत मौके का मुआयना करने की मांग की है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए धंसी हुई सड़क और टूटे नाले की अविलंब मरम्मत कराई जाए।
26 यूपी गल्र्स बटालियन के कमांडिंग आॅफिसर ने एनसीसी सुविधाओं का लिया जायजा
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।। नई मंडी स्थित भागवंती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में 26 यूपी गल्र्स बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल आर.के. माही (सेना मेडलिस्ट) ने निरीक्षण किया। विद्यालय पहुंचने पर एनसीसी कैडेट्स और प्रबंधन ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। दौरे का मुख्य उद्देश्य कैडेट्स के प्रशिक्षण, उपलब्ध संसाधनों और उनके सर्वांगीण विकास से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा करना रहा। निरीक्षण के दौरान कर्नल आर.के. माही ने एएनओ कार्यालय, परेड ग्राउंड और फायरिंग रेंज की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने एनसीसी प्रशिक्षण को अधिक प्रभावी, अनुशासित और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही कैडेट्स को दी जा रही सुविधाओं में सुधार और विद्यालय में एनसीसी गतिविधियों के प्रोत्साहन की सराहना की। विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. वंदना शर्मा ने कहा कि एनसीसी विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और राष्ट्रभक्ति की भावना जगाने का सशक्त माध्यम है। वहीं, प्रबंधक शोभित सिंह ने छात्राओं के व्यक्तित्व विकास के लिए बेहतर सुविधाएं प्रदान करने की प्रतिबद्धता जताई। इस अवसर पर एएनओ सपना पुंडीर सहित विद्यालय के एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।


