समाचार (Muzaffarnagar News)
छात्राओं ने पालिका अध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी एवं स्वच्छता मित्रों को बांधी राखी
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। शासन के आदेशानुसार, नगर पालिका परिषद मुज़फ़्फ़रनगर एवं ‘आईटीसी मिशन सुनहरा कल’ के संयुक्त सहयोग से रक्षाबंधन के पावन पर्व के उपलक्ष्य में बंधन स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पालिका परिसर स्थित सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप एवं अधिशासी अधिकारी पवन कुमार ने की। कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीनाक्षी स्वरूप ने शहर को स्वच्छ रखने वाले स्वच्छता मित्रों को रक्षासूत्र (राखी) बांधकर उनके प्रति सम्मान, स्नेह और आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जैन कन्या इंटर कॉलेज, गॉड ब्लेस एकेडमी, सनातन धर्म कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज एवं न्यू हॉरिजन पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने भी पालिका अध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी सहित समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों को राखी बांधकर पर्व की शुभकामनाएं दीं और स्वच्छता का संदेश दिया। इस अवसर पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनू चैधरी, सीएसएफआई योगेश कुमार, क्च्ड सुशील कुमार, एसएफआई प्लाक्षा मैनवाल, वैशाली सोती, एसबीएम लिपिक रुचि शर्मा, आईटीसी मिशन सुनहरा कल से दीपक सैनी, सफाई नायक कुमार गौरव व मनोज कुमार, जेएस एनवायरो सर्विसेज प्रा. लि. से नीतीश चैधरी एवं उनकी टीम उपस्थित रही। इसके साथ ही स्वच्छता चैंपियन श्रीमती मिथलेश सिंह, विभिन्न विद्यालयों की अध्यापिकाएं, छात्राएं एवं पालिका के अनेक कर्मचारी मौजूद रहे।
भव्यता से मनाएगा महाराज अजमीढ़ जन्मोत्सव
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। ऑल इंडिया स्वर्णकार समाज संगठन जनपद शाखा मुजफ्फरनगर की एक विशेष सभा कृष्णापुरी में मास्टर राजीव वर्मा जी के आवास पर हुई, जिसकी अध्यक्षता जनपद अध्यक्ष नरेश कुमार वर्मा ने की एवं संचालन इंजीनियर उमेश चंद वर्मा द्वारा किया गया। इस सभा में स्वर्णकार समाज के आदि पुरुष महाराज अजमीढ़ जी की जयंती शरद पूर्णिमा के अवसर पर भव्य तरीके से मनाने का संकल्प लिया गया। मीडिया प्रभारी कंवरपाल वर्मा जी के संयोजन में एक समिति गठित की गई, जिसकी देखरेख में यह उत्सव मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्वर्णकार समाज के आदि पुरुष महाराज अजमीढ़ जी के स्मारक स्थल निर्माण एवं इसके सौंदर्यकरण और विकास का कार्य भी अति शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर ऑल इंडिया स्वर्णकार समाज संगठन द्वारा समाज के गणमान्य लोगों को सम्मानित भी किया जाएगा। कोषाध्यक्ष श्री सुभाष चंद्र वर्मा ने कहा कि यह स्थल क्षेत्र के स्वर्णकार समाज के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगा। इस सभा में समाज के अनेक गणमान्य व्यक्ति नरेश कुमार वर्मा, सुभाष चंद्र वर्मा, मदनपाल वर्मा, मीडिया प्रभारी एवं वरिष्ठ भाजपा नेता कंवरपाल वर्मा, लोकेश कुमार, राजीव वर्मा, अमित वर्मा, राधेश्याम वर्मा (पत्रकार), संजय वर्मा, उमेश चंद्र वर्मा (प्रवक्ता), रमेश चंद्र वर्मा, शिवकुमार वर्मा आदि वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे।
हादसे में एक गंभीर घायल
मुज़फ़्फ़रनगर। चरथावल-थानाभवन मार्ग स्थित बिरालसी गाँव के पास बुधवार रात दो मोटरसाइकिलों की ज़ोरदार आमने-सामने टक्कर हो गई। इस सड़क हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने ज़िला अस्पताल रेफर कर दिया है। घायल की पहचान शामली ज़िले के कैराना (मोहल्ला आलकलां) निवासी मतलूब मिस्त्री के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वे नगला राई निवासी वरिष्ठ समाजसेवी हाजी मतलूब राईन के साढ़ू हैं। मतलूब मिस्त्री अपनी पत्नी के साथ नगला राई में संजीदा के हार्ट ऑपरेशन के बाद उनका कुशलक्षेम जानने जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक बिरालसी स्थित ईंट भट्ठे के समीप पहुँची, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार दूसरी बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौक़े पर राहगीरों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस तुरंत मौक़े पर पहुँची और घायल मतलूब मिस्त्री को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चरथावल पहुँचाया। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उनकी नाज़ुक हालत को देखते हुए ज़िला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने मौक़े का मुआयना कर दुर्घटना की जाँच शुरू कर दी है।
महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चैहान ने किया ज़िला महिला चिकित्सालय का निरीक्षण
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चैहान ने आज मुज़फ़्फ़रनगर स्थित महिला ज़िला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर की स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं और भर्ती महिला मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का बारीकी से जायज़ा लिया। अस्पताल की व्यवस्थाओं को परखने के साथ ही महिला आयोग की अध्यक्ष ने अस्पताल में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम में भी शिरकत की। इस दौरान उन्होंने नवजात बच्चियों के जन्म पर खुशी जाहिर करते हुए उनके सम्मान में केक काटा और माताओं को बधाई दी। इस अवसर पर बबीता सिंह चैहान ने नवजात बच्चियों की सुरक्षा व देखभाल के लिए माताओं को विशेष बेबी किट वितरित कीं। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को सख्त निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाली किसी भी गर्भवती महिला अथवा मरीज को इलाज में कोई असुविधा न हो और शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से हर महिला तक पहुँचे।
स्नेह और सम्मान की डीएम-एसपी कार्यालय पहुंचकर बांधी राखी
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।रक्षाबंधन के पावन पर्व पर श्री गिरधारी लाल जैन मेमोरियल पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने प्रेम, सम्मान और सामाजिक सौहार्द की अनूठी मिसाल पेश करते हुए डीएम एवं एसपी कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों एवं कार्यालय स्टाफ के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया। समस्त विद्यालय के बच्चों एवं स्टाफ की ओर से विद्यालय के विद्यार्थियों ने डीएम सर एवं एसपी सर को रुद्राक्ष से निर्मित राखी बांधी और उन्हें मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर बच्चों ने अपने हाथों से तैयार किए गए सुंदर शुभकामना कार्ड, रक्षाबंधन संदेशों वाले स्क्रोलर तथा अपनी सुंदर एवं गुड हैंडराइटिंग के सैंपल भी भेंट किए। इस अवसर पर विद्यालय की ओर से शुभि (कक्षा 8-सी), फरिया सुहैल (कक्षा 8-सी), वान्या त्यागी (कक्षा 8-सी), परी मलिक (कक्षा 8-सी), श्रुति शर्मा (कक्षा 8-ए) एवं अनुष्का (कक्षा 8-बी) तथा स्टाफ सदस्य नीतू सिंगल एवं विनीत शर्मा उपस्थित रहे। बच्चों ने डीएम कार्यालय एवं एसपी कार्यालय के स्टाफ सदस्यों को भी राखी बांधी और मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन की खुशियां साझा कीं। बच्चों के इस आत्मीय एवं संस्कारपूर्ण प्रयास ने सभी का मन मोह लिया। अधिकारियों एवं कार्यालय स्टाफ ने बच्चों के इस सुंदर प्रयास की सराहना करते हुए उन्हें स्नेह एवं आशीर्वाद दिया। बच्चों द्वारा अपने हाथों से बनाए गए कार्ड, रक्षाबंधन संदेशों वाले स्क्रोलर और गुड हैंडराइटिंग के नमूनों ने इस अवसर को और भी विशेष बना दिया। विद्यालय की ओर से बताया गया कि इस पहल का उद्देश्य बच्चों में प्रेम, सम्मान, कृतज्ञता, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना है। रक्षाबंधन जैसे पावन पर्व को समाज की सुरक्षा एवं व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ मनाना बच्चों के लिए एक सार्थक एवं प्रेरणादायक अनुभव रहा। श्री गिरधारी लाल जैन मेमोरियल पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों की यह पहल रक्षाबंधन के वास्तविक संदेशकृप्रेम, विश्वास, सम्मान और भाईचारेकृको खूबसूरती से अभिव्यक्त करती नजर आई।
पोस्टर व कार्ड मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। स्थानीय सेंट जेवियर्स ग्लोबल स्कूल में रक्षाबंधन के पावन पर्व के उपलक्ष्य में भाई-बहन का प्यारा रिश्ताश् थीम पर एक विशेष पोस्टर और कार्ड मेकिंग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण यह रहा कि छात्र-छात्राओं को सुंदर कार्ड और पोस्टर बनाने के साथ-साथ अपने भाई-बहन के बारे में तीन खास बातें भी लिखनी थीं, जिसे सभी बच्चों ने बेहद भावुक और रचनात्मक अंदाज़ में प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता के प्राथमिक वर्ग में कक्षा 1 से आयना आज़म, कक्षा 2 से रुद्रांश राठी, कक्षा 3 से आराध्या राठी व शौर्यवीर, कक्षा 4 से नायरा तथा कक्षा 5 से ऋषिका राठी ने अपने वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पर क्रमशः समनजोत सिंह व शुजा अली (कक्षा 1), दक्षिता भारद्वाज व शब्बार रज़ा (कक्षा 2), पूर्वी व अवियांश (कक्षा 3), लीज़ा (कक्षा 4) और विराज बालियान व व्योम अहलूवालिया (कक्षा 5) रहे। तृतीय स्थान धन्वी, काव्या चैधरी व वीर यादव (कक्षा 1), श्री, आराध्या व गौरी (कक्षा 2), अंश अग्रवाल, मयंक व जिया अली (कक्षा 3), वाणी वत्स व अमृत शर्मा (कक्षा 4) तथा आन्या राठी, अनामिका व वाशु (कक्षा 5) ने हासिल किया।
उच्च प्राथमिक वर्ग में कक्षा 6। से आयत, कक्षा 6ठ से अंशिका जावला, कक्षा 7 से मनप्रीत तथा कक्षा 8 से गुंजन ने प्रथम स्थान झटका। वहीं अनन्या (6।), वर्णित (6ठ), कार्तिक चैधरी (7) और अलीशा (8) ने द्वितीय स्थान पाया। इसके अलावा कनक व सानिया (6।), काव्या (6ठ), मनस्वी, गार्गी व अगम (7) तथा मानव्या (8) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन एवं प्रधानाचार्य ने सभी विजेता छात्र-छात्राओं को बधाई दी और कहा कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों में रचनात्मकता के साथ-साथ आपसी प्रेम, पारिवारिक मूल्यों और भारतीय संस्कृति के प्रति गहरा जुड़ाव पैदा होता है।

आईआईए एग्जीक्यूटिव मीटिंग का हुआ आयोजन
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) मुजफ्फरनगर चैप्टर की एग्जीक्यूटिव मीटिंग होटल स्वर्ण इन एंड सुइट्स, मुजफ्फरनगर में आयोजित की गई। बैठक का संचालन चैप्टर चेयरमैन अमित जैन एवं सेक्रेटरी राहुल मित्तल ने किया। बैठक में मुख्य रूप से सीएक्यूएम की कंस्ट्रक्शन एंड डिमोलिशन गाइडलाइंस पर चर्चा हुई। आईआईए सेक्रेटरी राहुल मित्तल ने सदस्यों को सरल तरीके से बताया कि इन गाइडलाइंस का पालन करते हुए निर्माण कार्य कैसे किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि निर्माण स्थल पर ग्रीन नेट लगाना, निर्माण सामग्री और मलबे को अच्छी तरह ढककर रखना तथा धूल को फैलने से रोकने के लिए जरूरी सावधानियां रखनी चाहिए। इसके अलावा आने वाले फैमिली दीपावली समारोह को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। समारोह को बेहतर और सफल बनाने के लिए सदस्यों से सुझाव लिए गए। बैठक के अंत में डिविजनल चेयरमैन पवन कुमार गोयल जी ने सभी सदस्यों का धन्यवाद करते हुए वोट ऑफ थैंक्स दिया। उन्होंने सभी सदस्यों को बताया कि आईआईए की 35वीं एजीएम 1 सितंबर 2026 को ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने जा रही है। उन्होंने सभी सदस्यों से अधिक से अधिक संख्या में एजीएम में शामिल होने का आह्वान किया। बैठक में सदस्यों ने विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए और संगठन की आगामी गतिविधियों में सहयोग देने का आश्वासन दिया। बैठक में मुख्य रूप से आईआईए पूर्व चेयरमैन नवीन अग्रवाल, कुश पुरी, मनोज अरोरा, शरद जैन, वाइस चेयरमैन मनीष भाटिया, दीपक सिंगल, जॉइंट सेक्रेटरी उमेश गोयल, प्राचीर अरोरा, कोषाध्यक्ष सुधीर अग्रवाल सहकोषाध्यक्ष नमन जैन, अरविंद मित्तल,अनमोल अग्रवाल, राज शाह, एफ.सी मोघा, शमित अग्रवाल, सीए संजय संगल,सीए अतुल अग्रवाल,सीए प्रगति कुमार, तुषार गुप्ता एडवोकेट, पंकज मोहन गर्ग, संदीप जैन, अनमोल गर्ग, प्रेरक जैन, डॉ यशपाल सिंह, कपिल मित्तल, अनुज कुच्छल, मनीष जैन, नईम चांद, कनव अग्रवाल, स्पर्श अग्रवाल, विनोद जलोत्रा, आदि उपस्थित रहे।
इंसानियत की अनूठी मिसाल, घायल बेजुबान की कराई डॉक्टरी सेवा
रोहाना। पुलिस की वर्दी न सिर्फ कानून-व्यवस्था कायम रखने के लिए जानी जाती है, बल्कि कभी-कभी खाकी के पीछे छुपा संवेदनशील मन इंसानियत की ऐसी मिसाल पेश कर देता है जो समाज के लिए प्रेरणा बन जाती है। ऐसा ही एक सराहनीय कार्य रोहाना चैकी पर तैनात कांस्टेबल विशाल द्वारा देखने को मिला, जिसकी पूरे क्षेत्र में जमकर प्रशंसा हो रही है। जानकारी के अनुसार, सड़क पर अचानक एक बेजुबान कुत्ता चलती मोटरसाइकिल के सामने आ गया, जिससे बाइक सवार दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही रोहाना चैकी से कांस्टेबल विशाल तुरंत घटनास्थल पर पहुँचे। उन्होंने सड़क पर घायल पड़े बाइक सवार को सम्भालने के साथ-साथ गंभीर रूप से घायल बेजुबान कुत्ते को भी नज़रअंदाज़ नहीं किया। कांस्टेबल विशाल ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए एम्बुलेंस की मदद ली और घायल बेजुबान को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय निवासियों ने पुलिसकर्मी की इस दयालुता और संवेदनशीलता को देखकर उनकी मुक्तकंठ से सराहना की।
पुलिसकर्मियों को बांधा रक्षासूत्र
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।रक्षाबंधन के पावन पर्व पर रामपुर तिराहा पुलिस चैकी पर पुलिस और आमजन के बीच स्नेह, सम्मान और सुरक्षा का अनूठा दृश्य देखने को मिला। लिटिल एंजेल्स पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने चैकी पहुंचकर चैकी प्रभारी सुभाष चंद एवं समस्त पुलिस कर्मियों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर पर्व की खुशियां साझा कीं। छात्राओं द्वारा बांधी गई राखी के बदले पुलिसकर्मियों ने बेटियों की सुरक्षा और सम्मान का संकल्प दोहराया। इस आत्मीय भाव से अभिभूत होकर चैकी प्रभारी सुभाष चंद ने छात्राओं को उपहार भेंट किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि बेटियाँ समाज की अनमोल धरोहर हैं और उनकी सुरक्षा करना पुलिस की पहली प्राथमिकता है। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को शिक्षा, व्यक्तिगत सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। चैकी प्रभारी ने बेटियों से अपील की कि वे अपने परिजनों को दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करें, क्योंकि हेलमेट चालान से बचने के लिए नहीं बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए ज़रूरी है। कार्यक्रम के अंत में पुलिस स्टाफ ने छात्राओं को निडर रहकर पढ़ाई करने और किसी भी आपात स्थिति में बेझिझक पुलिस की मदद लेने के लिए आश्वस्त किया। छात्राओं की इस पहल ने पुलिस और जनता के बीच विश्वास और भाईचारे की एक नई मिसाल पेश की है, जिसकी क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
ग्रेन चैंबर पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने बाँधा रक्षासूत्रा
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। रक्षाबंधन के पावन पर्व के अवसर पर ग्रेन चैंबर पब्लिक स्कूल की नन्हीं-मुन्नी छात्राओं ने एस.एस.पी. कार्यालय पहुँचकर प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को तिलक लगाकर रक्षासूत्र बाँधा और उनसे रक्षा का वचन लिया। विद्यालय की छात्राएँ दृष्टि अग्रवाल, जीविधा जैन, रिद्धिमा मिश्रा, जिया, हर्षा एवं सुशी अयांसा धीमान ने नगर मजिस्ट्रेट श्री पंकज प्रकाश राठौर, जिलाधिकारी श्री उमेश मिश्रा, डीएसपी सिटी श्री सुभाष चन्द्र एवं संयुक्त निदेशक अभियोजन श्री श्यामधर द्विवेदी को राखी बाँधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएँ दीं। छात्राओं के उत्साह और स्नेह को देखकर प्रशासनिक अधिकारियों ने उनकी खूब सराहना की। अधिकारियों ने बच्चियों को स्नेहपूर्वक आशीर्वाद एवं शुभकामनाएँ देते हुए उन्हें उपहार भेंट किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान एस.एस.पी. कार्यालय में मौजूद पुलिस अधिकारियों एवं जवानों के चेहरों पर भी खुशी और उत्साह साफ दिखाई दिया। इसी क्रम में विद्यालय परिसर में भी रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। छात्र-छात्राओं ने वेस्ट मटेरियल का रचनात्मक उपयोग करते हुए आकर्षक एवं सुंदर राखियाँ तैयार कीं। बच्चों द्वारा बनाई गई इन राखियों ने सभी का मन मोह लिया और उनमें रचनात्मकता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देखने को मिला। विद्यालय की हेडमिस्ट्रेस श्रीमती ममता चैहान ने प्रशासनिक अधिकारियों, अभिभावकों तथा सभी छात्र-छात्राओं को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए छात्र-छात्राओं की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
फिजिकल फिटनेस टेस्ट संपन्न
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। एस.डी. कॉलेज, मुजफ्फरनगर में माँ शाकुम्भरी विश्वविद्यालय, सहारनपुर से संबद्ध बी.पी.ई.एस. (बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोट्र्स), बी.पी.एड. (बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन) एवं बी.एससी. फिजिकल एजुकेशन (बैचलर ऑफ साइंस इन फिजिकल एजुकेशन) पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों का फिजिकल फिटनेस टेस्ट आयोजित किया गया। इस फिटनेस टेस्ट में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता का परीक्षण निर्धारित मानकों एवं विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार किया गया। प्रवेश प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए विश्वविद्यालय द्वारा गठित समिति के सदस्यों एवं सहयोगी स्टाफ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर प्रो. सुधीर पुंडीर (चेयरमैन, स्पोट्र्स काउंसिल, माँ शाकुम्भरी विश्वविद्यालय, सहारनपुर), प्रो. संदीप गुप्ता (स्पोट्र्स ऑफिसर एवं सचिव, स्पोट्र्स काउंसिल), प्रो. संजय कुमार (एडमिशन कोऑर्डिनेटर, माँ शाकुम्भरी विश्वविद्यालय) तथा डॉ. अंशुल शर्मा (कोऑर्डिनेटर फिटनेस टेस्ट एवं असिस्टेंट प्रोफेसर, एस.डी. कॉलेज, मुजफ्फरनगर) उपस्थित रहे। इस अवसर पर समिति के आंतरिक सदस्यों डॉ. गौरव बालियान, श्री धीरेंद्र कुमार, प्रो. हरवीर सिंह चैधरी, प्रो. प्रवीण अहमद, डॉ. दीक्षा, डॉ. चंद्रमणि, डॉ. नागेंद्र, डॉ. संदीप एवं डॉ. नितिन ने भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। बाह्य विशेषज्ञ सदस्यों में प्रो. सिंकु कुमार सिंह (जॉइंट सेक्रेटरी – स्पोट्र्स, ए.आई.यू.), डॉ. अजय मलिक (विभागाध्यक्ष, फिजिकल एजुकेशन, गुरुकुल कांगड़ी यूनिवर्सिटी, हरिद्वार) तथा डॉ. विक्रम सिंह (विभागाध्यक्ष, फिजिकल एजुकेशन, जे.एन.यू., नई दिल्ली) शामिल रहे। प्रवेश प्रक्रिया में सहयोग के लिए राहुल मिश्रा, अंजुल, सुनील कुमार, मनीष कुमार, आशुतोष कुमार, रोहित पुंडीर, अनुज कुमार, विकास कुमार एवं श्री रवि कुमार ने सपोर्टिंग स्टाफ के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। फिटनेस टेस्ट के दौरान अभ्यर्थियों में खेल एवं शारीरिक शिक्षा के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिला। प्रवेश प्रक्रिया के अगले चरणों को भी विश्वविद्यालय के निर्धारित नियमों के अनुसार संपन्न कराया जाएगा। एस.डी. कॉलेज, मुजफ्फरनगर में आयोजित इस प्रक्रिया का उद्देश्य योग्य अभ्यर्थियों का निष्पक्ष एवं पारदर्शी चयन सुनिश्चित करना है।
रक्षाबंधन पर्व हर्षाेल्लास के साथ मनाया
मुजफ्फरनगर। लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में रक्षा बंधन का पर्व बड़े हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। छात्राओं ने नन्हें मुन्ने बच्चों की कलाई पर राखी बांधकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य शिव शंकर शर्मा एवं वरिष्ठ शिक्षक महेश कुमार ने माँ शारदे के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर किया। तत्पश्चात रक्षाबंधन के पावन अवसर पर मुख्य वक्ता नीलम शर्मा ने रक्षाबंधन पर्व की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह पर्व श्रावण मास की पूर्णिमा के दिन मनाया जाता है। इस पर्व के विषय में अनेक कथाएं प्रचलित हैं। उन्होंने बताया कि यह पर्व भाई-बहन के परस्पर प्रेम व स्नेह के अटूट बंधन का पर्व है। विद्यालय प्रधानाचार्य शिव शंकर शर्मा ने समस्त विद्यालय परिवार को रक्षाबंधन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं प्रदान करते हुए कहा कि हमें समस्त नारी जाति की रक्षा करने का प्रण लेना चाहिए। उन्होंने छात्रों को आपस में प्रेम व सदभाव बनाएं रखने तथा सम्पूर्ण नारी जाति का सम्मान करने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं एवं शिक्षिका बहनों ने प्रधानाचार्य शिव शंकर शर्मा को भी राखी बांधकर उनसे रक्षा का वचन लिया। प्राइमरी विंग की नन्ही बालिकाओं ने नन्हे-मुन्ने बच्चों की कलाई पर रक्षा-सूत्र बांधकर एवं तिलक लगाकर रक्षाबंधन पर्व मनाया। इसके अतिरिक्त संस्कृत दिवस पर हिंदी प्रवक्ता सोनिया गोयल ने संस्कृत भाषा के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि संस्कृत भारत की सबसे प्राचीन भाषा है। हम सभी को संस्कृत भाषा सम्मान करना चाहिए तथा इसे अपने दैनिक जीवन में भी अपनाना चाहिए। कार्यक्रम का संचालन महेश कुमार ने किया। इस अवसर पर समस्त छात्र-छात्राएं एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।
वाद विवाद प्रतियोगिता आयोजित
मुज़फ़्फ़रनगर। जैन कन्या इंटर कॉलेज, पटेल नगर में ‘भारत विकास परिषद मुज़फ़्फ़रनगर सम्राट शाखा’ के तत्वावधान में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के लिए एक अंतर-विद्यालय वाद-विवाद प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय जनरेशन-ज़ेड वर्तमान में वरदान है या अभिशाप रखा गया, जिस पर विद्यार्थियों ने पक्ष एवं विपक्ष में खुलकर अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रांतीय प्रभारी मनीष गर्ग एवं प्रांतीय प्रभारी नीना गोयल ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई। कार्यक्रम को सफल बनाने में संयोजक सौरभ गुप्ता, सचिन सिंघल, रजनीश गोयल, नितिन सिंघल, सुभाष गोयल एवं सौरभ मित्तल का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर समाजसेवी परम कीर्ति शरण अग्रवाल ने विद्यालय के तीन जरूरतमंद एवं निर्धन बच्चों की पूरे एक वर्ष की फीस देने की घोषणा कर सभी की सराहना बटोरी। आर्य कन्या इंटर कॉलेज की स्वाति ने प्रथम स्थान तथा जैन कन्या इंटर कॉलेज की स्वाति ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। एस.डी. कॉलेज झांसी की रानी की छात्रा तन्वी जैन प्रथम स्थान पर रहीं, जबकि जैन कन्या इंटर कॉलेज की छात्रा मानवी गौतम ने द्वितीय स्थान हासिल किया। इस अवसर पर प्रांतीय गतिविधि संयोजक (संपर्क) सुनील गर्ग, मनोज गुप्ता, अवधेश गुप्ता, अमित कुमार जैन, सुमन त्यागी, अजय गोयल, संजीव गोयल, इंजीनियर पी.के. गुप्ता, डॉ. बी. भारद्वाज, कीमतीलाल जैन, नितिन जैन, अशोक सिंघल, शशी सिंघल सहित अनेक गणमान्य सदस्य एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
नाबालिग किशोरी के अपहरण व दुष्कर्म मामले में गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। जनपद के थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में गत 18 अगस्त 2026 को एक नाबालिग किशोरी के अपहरण और दुष्कर्म की सनसनीखेज घटना सामने आई थी। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले ही मुठभेड़ में एक घायल समेत 04 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था और अपहृता को सकुशल बरामद कर लिया था। इसी कड़ी में आज दिनांक 27 अगस्त 2026 को कोतवाली नगर पुलिस ने वांछित चल रहे एक अन्य मुख्य अभियुक्त इरशाद अली उर्फ डॉ. सम्राट को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के संबंध में थाना कोतवाली नगर में मु0अ0सं0- 360/2026, धारा 137(2), 64(1), 70(1) बीएनएस, 3/4 व 5जी/6 पोक्सो अधिनियम तथा 3(2)(ट) एससी/एसटी एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था। उच्चाधिकारियों के कड़े निर्देशों पर पुलिस टीमों का गठन किया गया था, जिन्होंने महज दो दिनों के भीतर पीड़िता को सकुशल बरामद कर उसके चिकित्सकीय परीक्षण और बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी की थी। गिरफ्तार अभियुक्त इरशाद अली खान उर्फ डॉ. सम्राट पुत्र सद्दीक अहमद, निवासी- लद्दावाला। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गंभीर मामले में साक्ष्यों के आधार पर बेहद गुणवत्तापूर्ण विवेचना की जा रही है। अभियुक्तों के आपराधिक कृत्यों और संगठित अपराध को देखते हुए उनके विरुद्ध भविष्य में श्गैंगस्टर एक्टश् के तहत जब्तीकरण और कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी ताकि अपराधियों में कानून का खौफ बना रहे।
रक्षाबंधन पर खतौली कोतवाली पहुँचीं छात्राओं ने बांधी राखी
खतौली। रक्षाबंधन के पावन पर्व के उपलक्ष्य में सरस्वती विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय एवं ‘एकल अभियान ग्राम संगठन (महिला विभाग)’ के संयुक्त तत्वावधान में एक भावुक और आत्मीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय की छात्राओं, आचार्याओं और महिला संगठन की सदस्यों ने खतौली कोतवाली पहुंचकर पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधा। कोतवाली परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने क्राइम इंस्पेक्टर कमल किशोर सहित उपस्थित समस्त पुलिसकर्मियों को राखी बांधी और मिठाई खिलाकर उनके स्वस्थ, दीर्घायु जीवन व तरक्की की प्रार्थना की। खाकीधारियों ने भी सभी बहनों को उपहार व मिठाई भेंट करते हुए उनकी सुरक्षा का वचन दिया और रक्षाबंधन पर्व की बधाई दी। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अंकित कुमार ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के भीतर सामाजिक जिम्मेदारी, राष्ट्रसेवा, संस्कार और समाज के प्रहरियों के प्रति सम्मान का भाव जागृत करना था। इस अवसर पर विद्यालय एवं संगठन परिवार से श्रीमती विमल, सुनीता, रुचि, मोनिका, अवंतिका, आंचल सहित कई शिक्षिकाएं और गणमान्य लोग मौजूद रहे। पुलिस विभाग ने नन्हे-मुन्ने बच्चों की इस संस्कारपूर्ण पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलटा ट्रक
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। जनपद के चरथावल थाना क्षेत्र अंतर्गत सैदपुर कला मार्ग पर बड़ा हादसा होने से टल गया। यहाँ एक तेज़ रफ़्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के वक्त चालक ने समय रहते समझदारी दिखाई और ट्रक से छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली। जानकारी के अनुसार, ट्रक सैदपुर कला मार्ग से होकर गुज़र रहा था। इसी दौरान चालक का वाहन से संतुलन बिगड़ गया और ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। गनीमत यह रही कि चालक ने ऐन वक्त पर बाहर कूदकर खुद को सुरक्षित कर लिया, जिससे उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ग्रामीणों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी और चालक का हालचाल जाना। सड़क पर ट्रक पलटने के कारण काफी देर तक आवागमन प्रभावित रहा, जिसे बाद में क्रेन की मदद से हटवाकर यातायात सुचारू कराया गया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह मार्ग काफी व्यस्त रहता है, ऐसे में कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी। चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने मौक़े का मुआयना कर हादसे के कारणों की जाँच शुरू कर दी है।
घोड़ों की रेस पर सट्टा लगा रहे 12 जुआरी गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)।जनपद के खतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत फुलत रोड पर घोड़ों की रेस पर हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे 12 आरोपियों को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से सट्टे की 53,200 रुपये की नकदी, 2 घोड़े, 2 गाड़ियां, 6 मोबाइल फोन और घोड़ों को हांकने वाली कमची (छड़ी) बरामद की हैं। जानकारी के अनुसार, 26 अगस्त को उप-निरीक्षक अनिल तोमर पुलिस टीम के साथ भैंसी कट के पास गश्त और चेकिंग पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि फुलत रोड पर नहर के आगे पेड़ों के नीचे कुछ लोग घोड़ों की रेस पर जुआ खेलने की तैयारी कर रहे हैं और रेस के लिए घोड़ों को छड़ियों से पीटा जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए खतौली थाने से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। पुलिस ने रणनीति बनाते हुए पहले सादे कपड़ों में सिपाहियों को मौके पर भेजा। लोकेशन की पुष्टि होते ही पुलिस टीम ने चारों तरफ से घेराबंदी कर दबिश दी और रेस शुरू होने से पहले ही 12 जुआरियों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान कलीम, मजहर, जीशान, जाहिद, दिलजान, हाशिम, आसिफ, शमशाद, बारू, आजाद, ताहिर और इरशाद के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी मुज़फ़्फ़रनगर के विभिन्न थाना क्षेत्रों के अलावा हरिद्वार (मंगलौर) और बुलंदशहर (गुलावठी) के रहने वाले हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
महिलाओं के सम्मान और सुविधा के लिए सराहनीय पहलः डा. श्वेता कौशिक
मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के लिए शुरू की गई निःशुल्क बस यात्रा सुविधा का जनपद मुज़फ़्फ़रनगर में जोरदार स्वागत और सराहना की जा रही है। भारतीय जनता पार्टी, मुज़फ़्फ़रनगर की जिला उपाध्यक्ष डॉ. श्वेता कौशिक ने प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी का हृदय से आभार प्रकट करते हुए इस पहल को नारी सशक्तिकरण और सुरक्षा की दिशा में एक अनुकरणीय कदम बताया है। डॉ. श्वेता कौशिक ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश की माताओं और बहनों के लिए सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की व्यवस्था करना यह स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सुविधा के प्रति बेहद संवेदनशील और गंभीर है। उन्होंने जनपद मुज़फ़्फ़रनगर की समस्त मातृशक्ति एवं बहनों की ओर से मुख्यमंत्री जी का कोटि-कोटि धन्यवाद किया। उन्होंने आगे कहा कि त्योहार के दौरान बहनें अपने भाइयों और परिवारों तक सुरक्षित और सहजता से पहुँच सकें, इसके लिए लिया गया यह निर्णय अत्यंत अभिनंदनीय है। योगी सरकार का यह कदम न केवल महिलाओं की आर्थिक सहायता करता है, बल्कि उन्हें एक सुरक्षित वातावरण में यात्रा करने का अहसास भी कराता है। बहनों के सम्मान और उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही योगी सरकार का मुज़फ़्फ़रनगर भाजपा परिवार सहृदय आभार व्यक्त करता है।


