वैश्विक

डॉ. राम मनोहर लोहिया संस्थान के डाक्टरों और स्टाफ पर अमेठी की महिला से मारपीट और रेप का आरोप

डॉ. राम मनोहर लोहिया संस्थान में काम करने डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों पर अमेठी की रहने वाली एक महिला से रेप का आरोप लगा है। अमेठी की रहने वाली महिला की मौत शनिवार रात को ही हो चुकी है।मृतका की बेटी ने आरोप लगाया है कि डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के कर्मियों ने उसकी मां के साथ मारपीट की और दुष्कर्म किया।

मृतका की बेटी ने इसकी शिकायत केंद्रीय मंत्री और अमेठी से सांसद स्मृति ईरानी से भी की है। स्मृति ईरानी के निर्देश पर अमेठी के डीएम ने मामले की जांच के लिए टीम गठित कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अमेठी की रहने वाली एक महिला को 6 जून को तबीयत ख़राब होने पर जिला अस्पताल गौरीगंज में भर्ती कराया गया था। महिला की हालत ज्यादा बिगड़ने पर गौरीगंज के डॉक्टरों ने उसे लखनऊ के डॉ राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। महिला की बेटी का आरोप है कि लखनऊ के अस्पताल में भर्ती किए जाने के बाद पहले उसकी मां को इमरजेंसी वार्ड में रखा गया फिर उसे चौथी मंजिल पर बने वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। भर्ती होने के बाद उसकी मां को किसी से भी मिलने नहीं दिया जाता था।

महिला की बेटी ने कहा कि बाद में जब बहुत विनती करने के बाद उसे अपनी मां से मिलने की अनुमति मिली तो उसकी मां की हालत बहुत ही गंभीर थी। युवती ने आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी मां ने उसे अपने साथ हुई आपबीती सुनाई। युवती के अनुसार उसकी मां ने बताया कि अस्पताल के डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों ने उसके साथ मारपीट की और उसके साथ रेप किया।

युवती ने कहा कि बाद में बीते शुक्रवार को उसकी मां को बेहोशी की हालत में ही लखनऊ के अस्पताल से डिस्चार्ज कराकर जिला अस्पताल गौरीगंज में भर्ती कराया गया। बाद में शनिवार को महिला की तबीयत ज्यादा बिगड़ने के बाद उसे दोबारा से लखनऊ से रेफर किया गया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। गौरीगंज अस्पताल प्रशासन के मुताबिक महिला ब्लैक फंगस से पीड़ित थी और वहां इलाज संभव नहीं होने की वजह से उसे लखनऊ रेफर किया गया था। 

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार युवती ने अपनी मां के साथ हुई रेप की शिकायत पुलिस से भी की थी लेकिन पुलिस ने इस मामले में शिकायत दर्ज करने से मना कर दिया था। जिसके बाद युवती ने अमेठी दौरे पर आईं केंद्रीय मंत्री और सांसद स्मृति ईरानी से इसकी शिकायत की।

स्मृति ईरानी ने अमेठी के जिलाधिकारी अरूण कुमार से इस मामले को जांच करने और रिपोर्ट सौंपने को कहा है। ईरानी के निर्देश पर जिलाधिकारी ने गौरीगंज के उपजिलाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक और एसीएमओ को शामिल कर एक जांच समिति बनाई है।

वहीं लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया संस्थान के प्रशासन ने ऐसे किसी आरोपों से इंकार किया है। साथ ही अस्पताल प्रशासन ने कहा है कि हमारे पास किसी महिला के साथ हुए कथित दुष्कर्म की जानकारी नहीं मिली है। शिकायत मिलते ही मामले की जांच जरूर की जाएगी।

 

News Desk

निष्पक्ष NEWS,जो मुख्यतः मेन स्ट्रीम MEDIA का हिस्सा नहीं बन पाती हैं।

News Desk has 5915 posts and counting. See all posts by News Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

eleven − three =