खबरें अब तक...

समाचार

बकाया भुगतान न होने पर बिजली विभाग ने काटी नगरपालिका की बिजली
मुजफ्फरनगर। बकाया भुगतान न होने पर बिजली विभाग ने नगर पालिका की बिजली काट दी। नगरपालिका में अंधेरा पसरा हुआ है। लाइट न होने की वजह से कामकाज लटक गया है। नगर पालिका पर एक करोड़ से भी ज्यादा का बिजली बिल बकाया है। बिजली विभाग ने नगर पालिका का कनेक्शन काट दिया गया है। बिजली अफसरों का कहना है कि जबतक बकाया बिल का भुगतान नहीं हो जाता तब तक बिजली कनेक्शन नहीं दिया जाएगा। वहीं बिजली नहीं होने से नगर पालिका के सभी कर्मचारी अधिकारी दफ्तरों से बाहर निकल गए हैं। जिस कारण जनता भी परेशान है। बिजली न होने की वजह से नगर पालिका के तमाम कामकाज ठप हो गए हैं।

अवैध भूमि कब्जे के खिलाफ 24 साल से आंदोलनरत की प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की गुहार
मुजफ्फरनगर। सरकारी भूमि घोटाले की जांच को शीघ्र सार्वजनिक करने की मांग को लेकर 24 साल से धरना पर बैठे मास्टर विजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी से हस्तक्षेप की गुहार लगाई है। जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष 24 साल से आंदोलनरत श्री सिंह ने भूमि घोटाले की जांच को शीघ्र सार्वजनिक करने और अवैध कब्जे को मुक्त कराने और भूमाफियाओं पर कार्रवाई की मांग करते हुए श्री मोदी और श्री योगी से मुलाकात का समय देने का भी अनुरोध किया है।
श्री सिंह ने बताया कि उनके गांव चौसालाना ब्लाक की 400 करोड़ रुपए मूल्य की करीब चार हजार बीघा भूमि पर भूमाफियाओं ने अवैध कब्जा किया हुआ है। उन्होंने कहा कि इस मामले की शिकायत पर आयुक्त आईजी सीबीसीआईडी और अपर जिलाधिकारी जांच में आरोप सही साबित हुए। तीन सौ बीघा भूमाफियों के चुंगल से छुड़ाई गई। राजस्व न्यायालयों में 136 मुकदमें दर्ज हुए और 81 हजार रुपये दंड स्वरुप राजकोष में जमा हुए। जांचों में विरोधाभाष और राजनीतिक दबाव के कारण 4000 बीघा जमीन की जांच अभी तक पूरी नहीं हुई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध कब्जाधारी जो भी पार्टी राज्य में सत्ता में आती है उसी का दामन थाम लेते हैं और राजनीतिक संरक्षण के कारण उन पर कार्रवाई नहीं हो पाती। इस जमीन पर करीब 140 लोग कब्जा किए हुए हैं। कब्जाधारियों में पूर्व विधायक ठाकुर जगत सिंह और उनके भाई करण सिंह और अन्य लोग शामिल हैं। इन लोगों ने राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों की मिली भगत से रिकार्ड में गरीब और खेतिहर मजदूर बनकर अवैध पट्टे कराये तथा फर्जी प्रविष्टि कराई जिसका उल्लेख जांच रिपोर्ट में भी है। यह घोटाला 1994 से प्रारंभ हुआ और 25 साल बाद भी इसका समाधान नहीं किया गया। श्री सिंह ने कहा कि अवैध कब्जे से राजकोष को प्रति वर्ष 25 लाख रुपए का नुकसान हो रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य में उनके धरने की गूंज सरकार के कानों में नहीं गूंजी लेकिन लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड में यह चार बार दर्ज होकर सबसे लंबा धरना घोषित किया जा चुका है। एशिया बुक ऑफ रिकार्ड, इंडिया बुक ऑफ रिकार्ड, वर्ल्ड बुक ऑफ इंडिया और यूनिक वर्ल्ड रिकार्ड आदि में भी धरने को सबसे लंबा अहिंसात्मक धरना घोषित किया जा चुका है।

लड़की बरामद नहीं हुई तो होगा बड़ा आंदोलन- भागीरथी सेना
मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर से नाबालिग को अगवा हुए एक माह हो गया लेकिन पुलिस के हाथ अभी भी खाली हैं।घटना भोपा थाना क्षेत्र के शुक्रताल की है। जहां नाबालिग लड़की (13 वर्ष) दुकान पर सामान लेने गई थी । उसके बाद वहां से गायब हो गई। पुलिस अभी तक लड़की का पता नहीं लगा पाई है। पीड़ित परिवार के साथ अब भागीरथी सेना की अध्यक्ष शालू सैनी आ गईं हैं। भागीरथी सेना की अध्यक्ष शालू सैनी ने आज वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र दिया और कहा लड़की बरामद नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन होगा।

सड़क हादसे में पूर्व विधायिका घायल1 6 |
मुजफ्फरनगर। पूर्व भाजपा विधायक सडक हादसे मे घायल हो गई। जिन्हे उपचार के लिए मेरठ के एक निजी अस्पताल मे भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार मुजफ्फरनगर से पूर्व विधायक श्रीमति सुशीला अग्रवाल आज दोपहर कार द्वारा दिल्ली से मुजफ्फरनगर आते वक्त खतौली बाईपास के समीप एएफसी के निकट सडक हादसे मे घायल हो गई। वरिष्ठ भाजपा नेता संजय अग्रवाल ने बताया कि सडक हादसे के दौरान पूर्व विधायक श्रीमति सुशीला अग्रवाल को गुम चोट आई हैं। जिन्हे उपचार के लिए मेरठ के आनन्द हॉस्पिटल मे भर्ती कराया गया है। उनके परिजन तथा कुछ पार्टी पदाधिकारी भी मेरठ पहुंच गए।

 

जिलाधिकारी ने मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण का औचक निरीक्षण कर अधिकारियों के कसे पेंच2 3 |
रिश्वतखोरी, कमीशनखोरी नही होगी बर्दाश्त, शिकायत मिलने पर सीधे जेल भेजा जायेगाः जिलाधिकारी
मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी अजय शंकर पाण्डेय ने आज मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण का औचक निरीक्षण करने के उपरान्त प्राधिकरण के अधिकारियों व कर्मचारियें के साथ बैठक करते हुए कडे व स्पष्ट निर्देश दिये कि प्राधिकरण में किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार बर्दाश्त नही किया जायेगा। उन्होने कहा कि अधिकारी प्राधिकरण की व अपनी छवि को सुधार ले। किसी भी हालत में प्राधिकरण का नाम बदनाम नही होना चाहिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों व कर्मचारियों के कडे निर्देश दिये कि किसी भी प्रकार की रिश्वतखोरी व कमीशखोरी बर्दाश्त नही हेगी। शिकायत मिलने पर सम्बन्धित के विरूद्व कडी कार्यवाही करते हुए जेल भेजा जायेगा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह पहली और अन्तिम चेतावनी है, भ्रष्टाचार या नक्शे पास करने या अन्य किसी कार्य करने में रिश्वत लेने की अगर शिकायत आई तो सम्बन्धित की खैर नही। उन्होने कहा कि अपने आचरण मे आज से ही परिर्तन ले आये और यह परिवर्तन जनपदवासियों को दिखना चाहिए। उन्हे लगना चाहिए कि प्राधिकरण में हमारा कार्य बिना किसी सुविधा शुल्क के हो रहा है। उन्होने कहा कि प्राधिकरण की छवि को सुधारना है। उन्होने कहा कि जो निर्देश दिये जा रहे है उनका कडाई से अनुपालन किया जाये। अधिकारी कर्मचारी पूरी पारदर्शिता व ईमानदारी से अपना कार्य करे। उन्होने कहा कि अपने पद व संस्था जिसमें कार्य कर रहे है उसकी गरिमा को बनाये रखे उसका सम्मान करे। उन्होने कहा कि कार्या में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाशत नही होगी। इस बात को सभी अधिकारी कर्मचारी अच्छी तरह समझ ले। उन्होने कहा कि सस्था में कार्य करने से उन्हे जो सम्मान मिला है उसके प्रति वफादार रहे। उसकी गरिमा को बनाये रखे।
जिलाधिकारी ने कहा कि जो भी निर्माण कार्य कराये जाये उनमें गुणवत्ता से कोई समझौता नही होना चाहिए। उन्होने कहा कि अगर निर्माण कार्या में किसी भी प्रकार की अनियमिता की शिकायत मिलती है तो तत्काल उसकी जांच कराई जायेगी। और दोषी के विरूद्व कडी कार्यवाही अमल में लाई जायेगी। निर्माण कार्यो की गुणवत्ता को लेकर कोई शिकायत नही आनी चाहिए। उन्होने निर्देश दिये कि गलत कार्य बिल्कुल बर्दाश्त नही होगे। उन्होने अधिकारियें व कर्मचारियें के निर्दश दिये कि अपने अपने पटल का स्वय निरीक्षण कर ले। और उसकी रिपेर्ट तैयार कर ले। उनहोने कहा कि समीक्षा बैठक में रिपोर्ट चैक की जायेगी। उन्होने कहा कि जो निर्देश दिये गये है उसका अनुपालन व परिणाम आज से ही देखने को मिलना चाहिए। जिलाधिकारी ने सचिव विकास प्राधिकरण को निर्देश दिये कि ठेकेदारें के साथ भी एक बैठक का आयेजन किया जाये, सभी पंजीकृत ठेकेदारों को बुलाया जाये। उन्होने निर्देश दिये कि प्राधिकरण अपने आय संसाधनों को सुदृढ करे। उन्हेने निर्देश दिये कि प्राधिकरण का लेंडबैंक बढाया जाये, मानचित्र प्रक्रिया को सरल बनाया जाये और शमन शुल्क से आय बढायी जाये। उन्होने कहा कि अवैध बिल्डिंग का ध्वस्तीकरण कराया जाये। प्राधिकरण की आय बढाने में प्रयास किये जाये, नक्शा पास करने में देरी न की जाये। बैठक में सचिव विकास प्राधिकरण महेन्द्र प्रसाद, अधीक्षण अभियंता, सहित प्राधिकरण के अधिकारी, अभियंता व कर्मचारी उपस्थित रहे।

बदमाशों ने की कार सवारों से लूट, पुलिस जांच में जुटी
पुरकाजी। बदमाशो ने कार सवार परिजनो को आतंकित कर उनके पास मौजूद नकदी व गहने आदि लूट लिए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंच कर मामले की छानबीन शुरू की।
जानकारी के अनुसार गाजियाबाद निवासी एक परिवार कार द्वारा हरिद्वार घूमकर वापिस अपने घर गाजियाबाद वापिस लौट रहे थे कि कार सवार ये लोग जैसे ही पुरकाजी थाना क्षेत्र के हाईवे स्थित राम रसोई होटल के समीप पहुंचे कि इसी बीच चार-पांच अज्ञात बदमाशो ने कार सवारो को आतंकित उनसे अंगूठी व कुछ नकदी लूट ली और मौके से फरार हो गए। लूट की सूचना पर मौके पर पहुंचे एसपी सिटी सतपाल अंतिल,क्राईम ब्रान्च टीम व पुरकाजी पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंच मौका मुआयना किया तथा लूट के शिकार परिजनो से इस सम्बन्ध मे जानकारी हासिल कर जल्द ही घटना के खुलासे का आश्वासन दिया। एसपी सिटी सतपाल अंतिल ने मौके पर मौजूद अधिनस्थो को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अलग-अलग स्थानों से दो शातिर गिरफ्तार4 2 |
मुज़फ्फरनगर। एसएसपी सुधीर कुमार सिंह के निर्देशों के चलते विभिन्न मामलों में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए जनपदभर में चल रहे अभियान विशेष के तहत थाना सिविल लाइन क्षेत्र के अंतर्गत गेटवे चौकी इंचार्ज राधेश्याम यादव ने शांति व्यवस्था के मद्देनजर की गयी गश्त व चैकिंग के दौरान अलग-अलग स्थानों से दो शातिर अपराधियों को तमंचा, कारतूस व बाइक आदि के साथ गिरफ्तार कर लिया।
मुखबिर की सूचना पर चेकिंग के दौरान गुलजार पुत्र खुर्शेद निवासी सुजड़ू के पास से एक तमंचा व जिन्दा कारतूस भी बरामद किया ओर दूसरी सफलता में अपनी शानदार परफॉर्मेंस देते हुए मुखबिर सूचना पर बीती रात चेकिंग के दौरान अर्जुन पुत्र सुरेश निवासी वहलना को गिरफ्तार कर अर्जुन से एक चोरी की मोटरसाइकिल एक तमंचा व जिंदा कारतूस बरामद कर जेल की हवा खिलाई।

प्रतियोगिता का हुआ आयोजन
मुजफ्फरनगर। श्रीराम कॉलेज के वाणिज्य संकाय में भारतीय संस्कृति एवं राष्ट्रीय गौरव विषय पर आयोजित तीन दिवसीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में आयुर्वेद टीम विजयी रही। शुभारंभ निदेशक डा. आदित्य गौतम ने दीप प्रज्वलित कर किया। प्रतियोगिता पांच भागों में बांटा गया था। भारतीय संस्कृति, भारतीय शिक्षा, भारतीय दर्शन, भारतीय ज्योतिष और वेद। रेनू, शोएब और आकांक्षी की टीम आयुर्वेद प्रथम स्थान पर, लवली, सानिया व मोहम्मद सारिक की टीम अथर्ववेद द्वितीय स्थान पर तथा डिंपल सोम, वैशाली व मोहम्मद सुहेल की टीम यजुर्वेद तृतीय स्थान पर रही। कॉलेज निदेशक ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं विद्यार्थियों की बौद्धिक एवं शैक्षिक क्षमता में वृद्घि करती हैं। डा. विजय कुमार शर्मा, डॉ. पूनम शर्मा, डॉ. रविंद्र कुमार, डॉ. जूही गौतम, नियति पंडित, शिवानी बंसल, रमिका वर्मा, शिरीन हुसैन, संजय शर्मा, मुकेश कुमार आदि मौजूद रहे।

रूड़की रोड पर टूटी सड़कों से निकलना हुआ दुर्भर
मुजफ्फरनगर। नगर की प्रमुख रुड़की रोड से गुजरना है तो जरा संभल कर चलें। जहां तहां से टूटी सड़क की नाला निर्माण कार्य ने और दुर्दशा कर दी है। जलभराव और गड्ढों के कारण सड़क पर चलना दूभर हो गया है। दुकानों के आगे कीचड़ पसरा हुआ है। महीने भर से भी ज्यादा बीत जाने के बावजूद काम पूरा नहीं हो सका है। अहिल्याबाई चौक से मीनाक्षी चौक तक लगभग एक किलोमीटर की दूरी तक रुड़की रोड बदहाल हो चुकी है। नावल्टी चौक से नाला निर्माण का कार्य करीब डेढ़ महीने पहले शुरू हुआ था, लेकिन अभी तक यह पूरा नहीं हो सका है। जगह-जगहपाइप लाइन लीकेज और नाला निर्माण के लिए हुई खोदाई से पूरी तरह टूट गई है। नाला निर्माण के कारण पानी सड़क पर भरा रहता है। दुकानों के आगे कीचड़ पसर गई है। यातायात की दिक्कतों के साथ ही दुकानदारों का कारोबार भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि लंबे समय से उन्हें समस्याओं से दो-चार होना पड़ रहा है। उम्मीद थी कि जल्द ही नाला निर्माण पूरा हो जाएगा, लेकिन हालात बिगड़ते जा रहे हैं। वहीं अन्य व्यापारियों का कहना है कि कारोबार पूरी तरह ठप हो गया है। दुकान के आगे कीचड़ गंदा पानी भरा रहता है। ऐसे में ग्राहक कैसे आएंगे। उन्होंने जल्द ही नाला निर्माण कार्य पूर्ण कराने की मांग की है।

मामूली विवाद में मारपीट कर किया घायल
मुजफ्फरनगर। थाना मंसूरपुर क्षेत्र के सोंटा गांव का है जहां पीड़ित व्यक्ति बिल्लू उर्फ लोकेश सुबह के समय जंगल में घूमने गए हुए थे, जहां गांव के ही दबंग लोग है इन दबंग लोगो ने मामूली कहासुनी पर बिल्लू नामक युवक के साथ मारीट कर उसे घायल कर दिया। मारपीट व शोर शराबे की आवाज पर आसपास से कई ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गये। बताया जाता है कि मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने इस संबंध में मिली तहरीर के आधार पर मामले की छानबीन व भागदौड शुरू कर दी।

चालान काटे
जानसठ। पुलिस ने खतौली तिराहे पर चेकिंग अभियान चलाकर २४ से अधिक वाहनों के चालान काटे। एसआई संजय सिंह ने बताया कि दुपहिया वाहनों की चेकिंग गई। बिना हेलमेट लगाए वाहनों पर सख्ती बरतते हुए उन्हें चालान काट कर ही छोड़ा गया। दोबारा बिना हेलमेट के पाए जाने पर वाहन सीज करने की चेतावनी दी गई।

मोटर चोरी
जानसठ। दो गांव से चोरों ने ट्यूबवेल से विद्युत मोटर चोरी कर लिए। मोटर चोरी होने से किसानों में रोष है। गांव सादपुर निवासी चांदवीर, सोनू तथा गांव अहमदगढ़ निवासी सोमित, वीरसिंह, लाल सिंह आदि किसानों के बिजली के मोटर चोरी कर लिए गए। पीड़ित किसानों ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इंस्पेक्टर संतोष कुमार त्यागी ने किसानों शीघ्र चोरी की घटना का खुलासा करने का आश्वासन दिया।

व्यापारियों ने की ई-रिक्शाओ की आवाजाही पर रोक की मांग8 3 |
मुजफ्फरनगर। लोहिया बाजार के व्यापारियो ने एसपी टै्रफिक से मिल कर लोहिया बाजार मे ई रिक्शाओ के आवागमन पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। एसपी टै्रफिक बजरंग बली से मिल कर उन्हे सौपे गए ज्ञापन मे अवगत कराया कि करीब डेढ माह से प्रशासन ने भगतसिह रोड पर ई रिक्शाओ के आवागमन पर रोक लगा दी है। जिस कारण अब ज्यादातर ई-रिक्शा नगरके प्राचीन, लघु एवं व्यस्तम मार्ग से होकर गुजर रही हैं।
लोहिया बाजार मार्ग पहले से ही सबसे पुराना कम चौडी सडक एवं अति व्यस्त मार्ग होने के कारण पैदल चलने वालो को भी काफी परेशानी का सामना करना पडता है। अब ई-रिक्शाओ के आवागमन के कारण बाजार मे बराबर कहासुनी,छुटमुट लडाई झगडे होते रहते हैं। ऐसी स्थिती को देखते हुए गांव व कस्बो से आने वाले ग्राहक भी अपने को असुरक्षित समझते हुए माल क्रय करने की अपेक्षा किसी भी सूरत मे बाजार से निकल भागने का प्रयास करता है। जिसे कारण इस क्षेत्र का सभी कारोबार धीरे धीरे चौपट होने की कगार पर पहुंच गया हे। ई-रिक्शाओ के आवागमन के कारण इस क्षेत्र से व्यापारियो के लिए एक गंभीर समस्या उत्पन्न हो गयी है। जिसका समाधान होना अविलम्ब नितान्त आवश्यक है। ज्ञापन सौपने वालो मे नितिन बंसल, परीक्षित मित्तल, अमित गोयल बोबी,रमेश कुमार आदि मौजूद रहे।

News Desk

निष्पक्ष NEWS,जो मुख्यतः मेन स्ट्रीम MEDIA का हिस्सा नहीं बन पाती हैं।

News Desk has 5915 posts and counting. See all posts by News Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

seventeen − four =