समाचार
कई को अवैध शस्त्र सहित गिरफ्तार किया
मुजफ्फरनगर। पुलिस ने अलग अलग स्थानों से कई को अवैध शस्त्र सहित गिरफ्तार किया। थाना खतौली पर नियुक्त उ0नि0 सुदेश राज द्वारा अभियुक्त अब्दुल समद पुत्र मुन्ना उर्फ जख्मी नि0 सददीकनगर राणा के मकान में किरायेदार कस्बा व थाना खतौली मु0नगर को बुढाना रोड से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के कब्जे से 01 तमंचा मय 01 जिन्दा कारतूस 315 बोर बरामद किया गया। इसके अलावा थाना मीरापुर पर नियुक्त उ0नि0 रविन्द्र सिंह द्वारा अभियुक्त मौ0 नाजिम पुत्र नासिर नि0 मौ0 शरबपुरा कस्बा व थाना मीरापुर मु0नगर को टूटी पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के कब्जे से 01 नाजायज छुरी को बरामद किया गया। वहीं थाना भोपा पर नियुक्त उ0नि0 गणेश कुमार शर्मा द्वारा वॉछित अभियुक्त गगन कुमार पुत्र नरेन्द्र नि0 ग्राम बरूकी थाना भोपा मु0नगर, अमित त्यागी पुत्र सुधीर त्यागी नि0 गादला थाना भोपा मु0नगर को अभि0गण के मस्कन से गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा थाना भोपा पर नियुक्त उ0नि0 सुधीर कुमार द्वारा अभियुक्त वाजिद पुत्र वेशकार नि0 कश्यवान कस्बा व थाना शाहपुर मु0नगर, आदिल पुत्र शाहिद कुरैशी नि0 मोरना थाना भोपा मु0नगर को जंगल ग्राम मोरना से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के कब्जे से 01 तमंचा मय 01 खोखा कारतूस 01 जिन्दा कारतूस 315 बोर, 01 चाकू नाजायज, 01 रास गाय एवं काटने के उपकरण को बरामद किया।
थाना रतनपुरी पर नियुक्त उ0नि0 जोगेन्द्र पाल सिंह द्वारा गौवध अधि0 एवं 3/11 पशु कु्ररता अधि0 में वॉछित अभियुक्त नासिर पुत्र अली मौहम्मद नि0 ग्राम नगला थाना रतनपुरी मु0नगर को ग्राम नंगला से गिरफ्तार किया गया। वहीं थाना बुढाना पर नियुक्त उ0नि0 अनिल कुमार तौमर द्वारा वारण्टी अभियुक्त राशिद पुत्र शरीफ नि0 ग्राम रसूलपुर दभ्ेडी थाना बुढाना मु0नगर को अभि0 के मस्कन से गिरफ्तार किया।
बीजेपी प्रत्याशी डॉ. वीरपाल निर्वाल जिला पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव जीते
मुजफ्फरनगर। जिला पंचायत अध्यक्ष पद मुजफ्फरनगर पर आज भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी डा. वीरपाल सिंह निर्वाल की एक तरफा दमदार जीत हो गयी। चार वोट डालने के बाद विपक्ष के चुनाव के बहिष्कार और हंगामे के बाद ही डा. वीरपाल निर्वाल एक तरफा जीत की ओर आ गये थे। दोपहर तीन बजे तक डा. वीरपाल निर्वाल के पक्ष में 30 वोट पड़े। वहीं संयुक्त विपक्ष के प्रत्याशी व केंद्रीय मंत्री डा. संजीव बालियान के तहेरे भाई सतेंद्र बालियान के पक्ष में केवल चार ही वोट पड पाये। ऐसा माना जा रहा था कि भाजपा इस जीत के लिए कई दिनों से आश्वस्त थी यही कारण था कि मतदान स्थल पर 12 बजे के आसपास भाजपा के नेता 27 जिला पंचायत सदस्यों को एक साथ गाड़ी में बैठाकर लाये। यह शक्ति प्रदर्शन ही अपने आप में डा. वीरपाल निर्वाल की जीत को तय कर गया था। हालांकि विपक्ष के संयुक्त प्रत्याशी सतेंद्र बालियान सबसे पहले अपने साथ जिला पंचायत सदस्य तहसीन बानो के लेकर आये और उसके बाद संयुक्त विपक्ष की केवल चार ही वोट पडी। विपक्ष ने चुनाव में धांधली और हंगामे का आरोप लगाते हुए प्रकाश चौक पर जैसे ही प्रदर्शन किया और चुनाव बहिष्कार का ऐलान किया इसके बाद माना जा रहा था कि डा. वीरपाल निर्वाल बेहद मजबूत स्थिति में आ गये है और संयुक्त विपक्ष के आरोपों में अब वोट की स्थिति के हिसाब से कोई खास दम नहीं है हालांकि देर शाम तक विपक्ष विभिन्न प्रकार के आरोप इस चुनाव को लेकर लगाता रहा लेकिन जब तीन बजे के बाद चुनाव वोटों की गिनती हुई तो उसमे कुल 34 वोट पडे जिसमें से 30 वोट भाजपा प्रत्याशी डा. वीरपाल निर्वाल को मिले और 4 वोट विपक्ष के प्रत्याशी सतेंद्र बालियान कुटबी को मिले। इस चुनाव में भाजपा के डा. संजीव बालियान सहित तमाम जनप्रतिनिधियों की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी हुई थी। भाजपा के मजबूत मैनेजमेंट और विपक्ष के बिखराव और बार बार बदलती रणनीतियों ने विपक्ष की मजबूत स्थिति होते हुए भी विपक्ष को आज चुनाव में खाली हाथ ही कर दिया। जिस तरह से विपक्ष की मजबूत स्थिति सदस्यों के लिहाज से थी और भारतीय किसान यूनियन का मजबूत साथ था वो आज चुनाव के दिन कहीं भी दिखाई नहीं पडा। सबसे बडी बात तो यह थी कि जिला पंचायत चुनाव में इस बार 17 मुस्लिम सदस्यों की वोट थी। जिनको विपक्ष एकजुट नहीं कर पाया। 23 का आंकडा ऊपर करने में विपक्ष को अधिक जोर लगाने की जरूरत नहीं थी लेकिन रणनीति में बार-बार खोट होने से यह चुनाव विपक्ष के लिए बिखरता चला गया। जिस कारण भाजपा के नेता विपक्ष की रणनीतियों में सेंधमारी कर अपने चुनाव को मजबूत कर ले गये और दिन प्रतिदिन यह मजबूती इतनी आ गयी कि आज डा. वीरपाल निर्वाल के सिर शानदार जीत का सेहरा जिला पंचायत अध्यक्ष के रूप में बंध गया। भाजपा की पार्टी की साख के साथ ही तमाम जनप्रतिनिधियों की साख इस चुनाव से इस कदर जुडी हुई थी कि भाजपा ने झोली फैलाकर पंचायत सदस्यों की वोटों को इकट्ठा किया। कई बार कई वोटों को लेकर भाजपा पर विभिन्न हिंदू संगठनों ने आरोप भी लगाये लेकिन भाजपा के लिए यह केवल और केवल जीत दिलाने वाला चुनाव रह गया था जिसमें वह कामयाब भी हुई। सबसे बड़ी बात यह हुई कि सपा जिस जिला पंचायत सदस्य के लिए धरना प्रदर्शन कर रही थी आखिर वो ही भाजपा खेमे में जा बैठा था। यह भाजपा की रणनीतिक मैनेजमेंट की जीत थी जिसे विपक्ष के तमाम आरोपों के बाद भी नकारा नहीं जा सकता क्योंकि चुनाव केवल और केवल इस दौर में मैनेजमेंट का रह जाता है और यहां मैनेजमेंट के सामने भावनाएं और इच्छा शक्ति भी जवाब देने लगती है। वहीं डा. वीरपाल निर्वाल की जीत के बाद भाजपा खेमे में बेहद खुशी है और वो इस जीत को जिले की राजनीति में एक नया जैकपोट मानकर चल रहे है। डा. वीरपाल निर्वाल भी अपने क्षेत्र में विभिन्न प्रकार के लगातार कई चुनाव हारने के बाद इस बार जिला पंचायत सदस्य बने थे और इस बार वो बेहद किस्मत के धनी रहे कि जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी उन्हे मिली है जो जिले की राजनीति में डा. वीरपाल निर्वाल को बेहतर ढंग से स्थापित करने के साथ ही उनका कद भी बडा करने के साथ भारी भरकम बना रही है। हालांकि भाजपा में वो बहुत पुराने नेता है लेकिन जिला पंचायत अध्यक्ष बनने के बाद उनकी प्रतिष्ठा और कद में चार चांद लग गये है। साथ ही वो जिले के प्रथम नागरिक बन गये है। वहीं जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे ने जब उनको जीत का प्रमाण पत्र दिया तो डा. वीरपाल निर्वाल और उनके समर्थकों में अलग ही खुशी देखी गयी।
विपक्ष के जिला पंचायत सदस्यों ने चुनाव का बहिष्कार करने का किया ऐलान
मुजफ्फरनगर। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के प्रतिष्ठापूर्ण चुनाव को लेकर एक और जहां जिला पुलिस प्रशासन द्वारा आज मतदान को लेकर विभिन्न व्यवस्थाए की गई। वहीं दूसरी और आज अपरान्ह 11 बजे कचहरी स्थित जिला पंचायत सभागार मे कडी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान कार्य हुआ। जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव मे विपक्षी दलों के संयुक्त प्रत्याशी सतेन्द्र बालियान व सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी,रालोद जिलाध्यक्ष अजित राठी,भाकियू जिलाध्यक्ष धीरज लाटियान, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुबोध शर्मा,आसपा जिलाध्यक्ष जगदीश पाल व पूर्व सांसद हरेन्द्र मलिक,पूर्व विधायक राजपाल सिह बालियान, पूर्व विधायक अनिल कुमार,साजिद हसन, आसपा नेता सईदुज्जमा आदि सभी नेताओं ने जिला पंचायत सदस्यो की मौजूदगी मे भाजपा व प्रशासन पर चुनाव मे मनमानी का आरोप लगाते हुए चुनाव के बहिष्कार की घोषणा की। इस दौरान विप़क्षी नेताओ ने आरोप लगाया कि चुनाव मे लापरवाही का आलम है। जिसके चलते विपक्ष ने चुनाव के बहिष्कार की घोषणा की है। आज जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान के दिन समूचे विपक्ष ने भाजपा पर सत्तापक्ष का असर व प्रशासन को भी अपने असर मे रखने का आरोप लगाते हुए चुनाव का बहिष्कार किया तथा विरोध स्वरूप भाकियू,रालोद आदि के सैकडो कार्यकर्ताओं ने प्रकाश चौक पर एकत्रित होकर प्रदेश सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया इस दौरान विपक्षियों की मौके पर मौजूद अधिकारिया के साथ तीखी झडपें भी हुई। महावीर चौक तथा प्रकाश चौक पर विपक्ष द्वारा लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा करने की जानकारी मिलते ही सिटी मजिस्टै्रट अभिषेक कुमार सिह,एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय,सीओ सिटी कुलदीप कुमार मौके पर पहुंचे तथा हंगामा कर रहे लोगो को समझाने का प्रयास किया। रालोद जिलाध्यक्ष अजित राठी का आरोप था कि रालोद की और से जिला पंचायत सदस्य विकास शर्मा को मतदान के लिए कचहरी लाया जा रहा था। आरोप है कि महावीर चौक व उसके आसपास तैनात पुलिस फोर्स द्वारा उनकी गाडियो के काफिले को रोकने का प्रयास किया गया। जिससे क्षुब्ध भाकियू कार्यकर्ताओ ने भाकियू नेता धर्मेन्द्र मलिक के नेतृत्व मे एकत्रित हो प्रशासन से मांग की कि जब अन्य दलो के जिला पंचायत सदस्य अपने साथियो व गाडियो के साथ कचहरी जा रहे हैं तो फिर उन्हे भी जाने से ना रोका जाए। भाकियू द्वारा विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलते ही सिओ सिटी कुलदीप कुमार मौके पर पहुंचे तथा भाकियू नेता धर्मेन्द्र मलिक व उनके साथियो से वार्ता कर मामला शान्त कराने का प्रयास किया। लेकिन इसके बावजूद अपनी जिद पर अडे रहे तथा महावीर चौक से प्रकाश चौक की और कूच कर गए। जहां पर मौजूद पुलिस फोर्स द्वारा उन्हे बैरिकेटिंग पर ही रोक दिया गया। जिससे एक बार फिर से हंगामा खडा हो गया। गुस्साये भाकियू कार्यकर्ताओ ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी व विरोध प्रदर्शन कर कचहरी परिसर मे जाने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस फोर्स द्वारा उन्हे वहीं रोक दिया गया। इस दौरान भाकियू कार्यकर्ताओ को एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय, सिटी मजिस्टै्रट अभिषेक कुमार सिह, सीओ सिटी कुलदीप कुमार ने हंगामा कर रहे भाकियू कार्यकर्ताओ को समझाने का प्रयास किया। प्रकाश चौक पर काफी देर तक चले हंगामे के बाद भाकियू कार्यकर्ता तथा अन्य विपक्षी महावीर चौक स्थित भाकियू कार्यालय पर एकत्रित हो गए। जिसके पश्चात भाकियू कार्यकर्ता सरकूलर रोड स्थित भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौ.राकेश टिकैत के आवास पर पहुंचे तथा इस सम्बन्ध मे बैठक की। वहीं दूसरी और आज जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव मे अव्यवस्था का आरोप लगाते हुए महावीर चौक स्थित समाजवादी पार्टी जिला कार्यालय पर विपक्ष की और से सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी की अध्यक्षता मे एक चुनाव के बहिष्कार की घोषणा के पश्चात एक अहम बैठक हुई। जिसमें पूर्व सांसद हरेन्द्र मलिक,विपक्ष के प्रत्याशी सतेन्द्र बालियान, कांग्रेस जिलाध्यक्ष पं.सुबोध शर्मा, पूर्व विधायक अनिल कुमार,सईदुज्जमां,सचिन अग्रवाल,सपा नेता साजिद हसन आदि मौजूद रहे। इसी क्रम मे सरकूलर रोड स्थित रालोद कार्यालय पर भी जिलाध्यक्ष अजित राठी,पूर्व विधायक राजपाल सिह बालियान की मौजूदगी मे पार्टी कार्यकर्ताओ की एक बैठक हुई। जिसमें चुनाव को लेकर चर्चा की गई।
प्रयत्न द्वारा आयोजित सम्मान समारोह
मुजफ्फरनगर। भाजपा नेता विपुल भटनागर के आईआईए अध्यक्ष बनने पर सामाजिक संस्था प्रयत्न द्वारा आयोजित सम्मान समारोह मे बुके भेंट कर स्वागत किया। तथा उम्मीद व्यक्त की कि श्री भटनागर की अध्यक्षता मे जनपद के उद्योगों को बढावा मिलेगा तथा उद्यमो से जुडी विभिन्न समस्याओं का समाधान होगा। नवनिर्वाचित आईआईए अध्यक्ष विपुल भटनागर का कहना है कि वे साथी उद्यमियो के सहयोग से एवं उन सभी के सुझावों के आधार पर संगठन एवं व्यापार हित मे रूपरेखा बनायेंगे। विपुल भटनागर ने सभी उद्यमियो के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
कला कार्यशाला का आयोजन
मुजफ्फरनगर। चित्रकला कार्यशाला के पाँचवें दिन विख्यात चित्रकार दुर्जन राणा ने विद्यार्थियों को व्यक्तिचित्र का लाईव डेमोंस्ट्रेशन देते हुए, व्यक्तिचित्र की बारीकियां सिखाई एवं अनेक महत्वपूर्ण बातें बताई। कार्यक्रम का आयोजन ऑनलाईन माध्यम से जूम ऐप पर आयोजित किया जा रहा है। जिसको यूट्यूब व फेसबुक पर लाईव प्रसारित किया जा रहा है। नौ दिवसीय कला उत्सव में आज पाँचवे दिन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री सीताराम कश्यप जी (अध्यक्ष, राज्य ललित कला अकादमी, लखनऊ), विशिष्ट अतिथि डॉ० शशि शर्मा (प्राचार्या, डी० ए० वी० पीजी कॉलेज, मुजफ्फरनगर) व कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ० एम० के० बंसल (सचिव प्रबन्ध समिति (डी० ए० वी० पीजी कॉलेज, मुजफ्फरनगर) रहे।
कार्यक्रम की प्रस्तावना डॉ० वन्दना वर्मा, अतिथियों का परिचय और मंच का संचालन डॉ रजनीश गौतम व डॉ० अमित कुमार के द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री सीताराम कश्यप जी ने कहा की यह जो ९ दिनों की कला कार्यशाला का आयोजन किया गया है यह बहुत ही सराहनीय है, प्रशंसनीय है। इससे कलाकारों को और छात्र-छात्राओं को बहुत ही लाभ होगा और सभी लोग इससे लाभान्वित होकर अपने चरम तक पहुंचेंगे। कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि डॉ शशि शर्मा ने कहा कि यह बहुत ही गौरव का विषय है कि आज चार महाविद्यालय और चार संस्थाएं मिलकर यह भव्य आयोजन कर रही हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ० एम० के० बंसल ने कहा कि इन चारों में महाविद्यालयों और संस्थाओं के द्वारा जो यह भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है यह मील का एक पत्थर साबित होगा। आप पूरे कार्यक्रम को देखने के बाद मंत्रमुग्ध हो जायेगें। कार्यक्रम में सभी अतिथियों, कलाकरो, दर्शको तथा आयोजक मण्डल का धन्यवाद ज्ञापन डॉ० वन्दना वर्मा ने किया जिसमें आपने सभी का आभार प्रकट किया और शुभकामनाये दी। कार्यक्रम को सफल बनाने में संयोजक डॉ० निशा गुप्ता व डॉ० वेदपाल सिंह, डॉ० ऋचा जैन, नीरज मौर्य, श्रीमति कनीज हुसैन, श्रीमति अर्चना, श्रीमति ज्योति, विपाशा गर्ग, विंशु मित्तल, अंकिता साहू, गुंजन सिंधी, निधी सिंहवाल, कुलदीप सैनी, नेहा गुप्ता, गौरव शर्मा, रीना शर्मा, विपुल छाबडा व कृष्ण कुमार आदि का सहयोग रहा।
वृक्षारोपण के कार्यक्रम का आयोजित किया
मुजफ्फरनगर। पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के अंतर्गत पिछले कई दिनों से निरंतर मुज़फ्फरनगर शहर को हरा भरा करने के उद्देशय से एस.एस दास चैरिटेबल ट्रस्ट,आचार्य कुल, समन्वय स्तम्भ, इनरव्हील क्लब इत्यादि संस्थाओ के सहयोग से वृक्षारोपण के कार्यक्रम का आयोजित किये जा रहे है। इसी क्रम में आर्य समाज रोड पर आर्य समाज मंदिर प्रांगण में पेड़ पौधे लगाए गए। उक्त गतिविधियों में वृक्षारोपण के साथ-साथ गड्ढे खुदाई कार्य शाह सतनाम ग्रीन एस.वेलफेयर फॉर्स के किशोर तथा रविंद्र द्वारा किया जा रहा है पौधे की व्यवस्था आचार्य कुल के प्रांतीय अध्यक्ष होतीलाल शर्मा द्वारा की गयी। इस कार्यक्रम सफल आयोजन में में मुख्य रूप से पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के जिला स्वयंसेवी संस्थान प्रमुख अंकुर गुप्ता, जिला प्रचार प्रमुख रविकांत अग्रवाल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के जिला संयोजक अमित गुप्ता, एस. एस. दास चेरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमेन संदीप दास, आचार्य कुल अध्यक्ष से होतीलाल शर्मा, राखी गोयल तथा स्वच्छ भारत मिशन के जिला कार्यक्रम प्रबंधक सरदार बलजीत सिंह का मुख्य योगदान रहा। उक्त कार्यक्रम की अगली कड़ी में पर्यावरण संरक्षण गतिविधि द्वारा वृक्षारोपण का कार्य पुलिस अधीक्षक (अपराध) कार्यालय परिसर में किया गया जहाँ पर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश कुमार के मार्गनिर्देशन में उनके कार्यालय परिसर में नीम, पीपल, बड़, नीम्बू, बेल, कदम इत्यादि के छायादार वृक्ष लगाए गए यहाँ एस.पी.क्राइम दुर्गेश द्वारा स्वयं पेड़ लगाकर सभी उपस्थित समाजसेवियों का उत्साहवर्धन किया गया उन्होंने पर्यावरण गतिविधि के अंतर्गत चल रहे इस वृक्षारोपण अभियान की अति प्रशंसा की। यहाँ पर स्वच्छ भारत मिशन के जिला कार्यक्रम प्रबंधक बलजीत सिंह, पर्यावरण गतिविधि से अंकुर, रविकांत अग्रवाल, राजीव ,अमित गुप्ता, संदीप दास उपस्थिए थे। एसएस दास चैरिटेबल मेमोरियल ट्रस्ट के संदीप दास के द्वारा सभी विभागों के अंतर्गत औषधि वाटिका तैयार किए जाने का प्रयास निरंतर जाहै। वृक्षारोपण के साथ-साथ वृक्ष का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है इसलिए पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के जिला संयोजक अमित ने सभी संस्थाओं एवं नागरिकों से इस मुहिम में जुड़ने का अनुरोध किया है ताकि मुजफ्फरनगर को सबसे ग्रीन सिटी बनाने में सफलता प्राप्त की जा सके। स्वच्छ भारत मिशन के जिला कार्यक्रम प्रबंधक बलजीत सिंह ने कहा कि सभी संस्थाओं के सहयोग से पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के साथ मिलकर किया जा रहा वृक्षारोपण का यह कार्य निरंतर जारहेगा एवं उचित स्थान पर औषधि वाटिका का निर्माण भी किया जाएगा। पर्यावरण के इस महान कार्य में सभी संस्थाओं से जुड़ने की अपील की गई है सभी के जन्मदिन,पुण्यतिथि,विवाह दिवस आदि के मौके पर वृक्षारोपण कर यादगार बनाएं इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से पौधों के संरक्षण के लिए चौन बनाकर मौके पर उपस्थित सभी ने शपथ ली कि हम प्रकृति का संरक्षण करेंगे।
वृक्षारोपण किया
मुजफ्फरनगर। गांधी कॉलोनी निवासी युवक इंद्रजीत धवन ने अपने जन्मदिन पर वृक्षारोपण कर अनोखा संदेश दिया।
यूं तो वृक्षारोपण कोई नई बात नहीं लेकिन जिस प्रकार इंद्रजीत ने गांधी कॉलोनी के बाजार में व्यापारियों को राजी करके बाजार में ही दुकानों के सामने वृक्षारोपण करवाया वह अपने आप में काफी सराहनीय कदम है। इंद्रजीत धवन पर्यावरण प्रेमी होने के साथ-साथ नियमित रूप से रक्तदान भी करते हैं अभी तक समर्पित युवा समिति एवं अन्य संस्थाओं के साथ मिलकर इंद्रजीत २० बार रक्तदान कर चुके है। इं द्रजीत ने बताया के जन्मदिन पर वृक्षारोपण करने का सुझाव समर्पित युवा समिति के संस्थापक सदस्य संजीव अरोड़ा ने दिया तो तुरंत ही आसपास के दुकानदारों से बात की, वृक्षारोपण का लाभ बताने पर सभी ने तुरंत हामी भर दी व तुरंत वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर अशोक कुमार, आकुल कुमार , परमजीत सिंह, सोनू पाल, टोनी, धर्मपाल, महेंद्र मलिक, शुभम मालिक, विपिन कुमार आदि का सहयोग रहा।
विधायक ने वृक्षारोपण किया
मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना विधानसभा क्षेत्र के अंदर बुढ़ाना विधायक उमेश मलिक एसडीएम अजय अम्बष्ट ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वृक्षारोपण कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए बुढ़ाना विधानसभा क्षेत्र के अंदर कई जगहों पर वृक्षारोपण किया और क्षेत्र वासियों से अपील की कि सभी लोग वृक्षारोपण करें और जीवन बचाएं।
चिलचिलाती गर्मी ने किया जीना मुहाल
मुजफ्फरनगर। चिलचिलाती गर्मी के कारण लोगों का बुरा हाल हो रहा है। बाजारों में वीरानी छाई हुई है। पूरे दिन व्यापारी ग्राहक के इंतजार में बैठे रहते है। लोग गर्मी के कारण लोग बाहर निकलने से बच रहे हैं। पारे के बढ़ने के साथ ही लोगों की परेशानी भी बढ़ने लगी है। प्रचंड गर्मी के कारण व वीकेंड लाकडाउन के कारण लोग परेशान हो रहे हैं। गर्मी के कारण बाजारों में वीरानी छाई हुई है।लगातार तेज धूप और लू के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल कर दिया है। लगातार ४० डिग्री सेल्सियस के करीब चल रहे पारे के चलते उमस से जूझ रहे लोगों के लिए बार-बार गुल हो रही बिजली भी परेशानी का सबब बन गई है। लगातार पांच दिन से हो रही जबरदस्त गर्मी के चलते हर घर में पंखे, कूलर व एसी चलने की समयसीमा बढ़ गई है। इसका सीधा असर बिजली के ट्रांसफार्मरों पर पड़ने से ये ओवरलोड हो रहे हैं। इस कारण इन्हें फुंकने से बचाने के लिए विद्युत निगम द्वारा लगातार बारी-बारी से ट्रांसफार्मरों से बिजली आपूर्ति बंद कर इन्हें फुंकने से बचाया जा रहा है। लगातार लाइनें ट्रिप होने से संबंधित ग्रिड की मरम्मत भी करनी पड़ रही है, जिससे बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित हो रही है। विद्युत निगम के एक्सईएन ओपी मिश्रा का कहना है कि लगातार तेज गर्मी से बिजली की मांग बढ़ी है। इसके चलते ट्रांसफार्मर ओवरलोड हो रहे हैं, जिन्हें फुंकने से बचाने के लिए इन्हें थोड़ी-थोड़ी देर में बंद करना जरूरी हो गया है। बारिश होने के बाद ही बिजली आपूर्ति की स्थिति में सुधार हो पाएगा।
पौधारोपण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
मुजफ्फरनगर। मीरापुर में वन महोत्सव के अन्तर्गत गांव कासमपुर खोला में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें नायाब तहसीलदार व वन क्षेत्राधिकारी ने ग्रामीणों को पौधों को संरक्षित करने तथा प्रकृति से प्रेम करने के प्रति जागरूक किया।
कासमपुर खोला में उजली माता मंदिर के निकट पौधारोपण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जानसठ नायाब तहसीलदार जसमेंदर सिंह व वन क्षेत्राधिकारी मोहन कुमार बहुखंडी रहे। कार्यक्रम का संचालन कर रहे शिक्षक मदनपाल सिंह ने ग्रामीणों को जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष १९६० में धरा को हरी भरी बनाए रखने के उद्देश्य से वन महोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया था। ग्राम प्रधान पंकज कपासिया ने कहा कि कोरोना काल में हम आक्सीजन के महत्व को भली प्रकार से समझ चुके हैं। हमें प्रकृति को बचाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करना चाहिए। ज्ञानस्थली पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य दीपक धीमान ने कहा कि हमें पौधारोपण के साथ साथ वन्य जीव को भी संरक्षित करना चाहिए। अध्यक्षता पीताम्बर सेठ ने की। वन महोत्सव सप्ताह के अन्तर्गत यहां पर २१ पौधे रोपित किए गए। दीपक धीमान, जिला पंचायत सदस्य भीष्म सिंह, राम सिंह, ओमेन्द्र सिंह, प्रधान दुष्यंत कुमार, राज सिंह, सतबीर, सोनू, अरूण शर्मा, सुनील, हरबीर, विदेश शर्मा, नीरज, गजेपाल मौजूद रहे।
बोर्ड मीटिंग में प्रस्ताव पास
मुजफ्फरनगर। शहर के १० वार्डों में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के कार्य को बोर्ड की प्रत्याशा में चेयरपर्सन द्वारा स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस पर बोर्ड मीटिंग में मंजूरी के लिए प्रस्ताव लाया जा रहा है।
प्रस्ताव संख्या ४४३ के अनुसार शहर के ५० वार्डों को पांच जोन में विभाजित करते हुए डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन और यूजर चार्ज वसूलने के कार्य को बोर्ड बैठक में मंजूरी मिलेगी। इसमें १३ अप्रैल को दूसरी बार निविदा आमंत्रित की गई थी, लेकिन जोन एक के अंतर्गत १० वार्डों, वार्ड संख्या २५, ११, २४, ३२, ३४, १९, ०३, ०७, २९ और ९ में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन और यूजर चार्ज वसूलने के कार्य के लिए तीन निविदा प्राप्त हुई। इसके लिए मैसर्स राजेश कुमार कान्ट्रेक्टर को वित्तीय वर्ष २०२१-२२ में जोन एक के दस वार्डों में कार्य का ठेका २० अप्रैल को चेयरपर्सन द्वारा स्वीकृत किया गया है। इसका अनुमोदन बोर्ड मीटिंग में किया जाएगा। शेष ४० वार्डों के लिए फिर से निविदा आमंत्रित की जाएगी।
भारतीय मानव अधिकार संरक्षण संघ की मासिक बैठक सम्पन्न
मुजफ्फरनगर। भारतीय मानव अधिकार संरक्षण संघ की मासिक बैठक शनिवार को उत्तरी सरवट गेट पुरानी घास मंडी मुजफ्फरनगर में जिला अध्यक्ष तेज सिंह सैनी की अध्यक्षता में संपन्न हुई संचालन जिला महासचिव रिजवान अहमद ने किया।
बैठक में भारतीय मानव अधिकार संरक्षण संघ के सदस्यों ने पहल की और संकल्प लिया कि इस कोरोना महामारी ने लोगों की जान व माल की क्षति की है जिसमे मुख्य रूप से आर्थिक रूप से पिछड़े परिवारों के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हुई है ऐसे परिवार के बच्चों को पढ़ाई में सहायता करने के लिए संघ, सामाजिक एवं प्रशासनिक स्तर पर सहयोग के लिए अनुरोध करता हैं। बैठक में उपस्थित सभी सदस्य एवं पदाधिकारियों ने संकल्प लिया कि संघ का प्रत्येक सदस्य अपने सामर्थ्य अनुसार ऐसे बच्चों की सहायता करेंगे एवं अन्य लोगों को भी इस कार्य के लिए प्रेरित करेंगे।
बैठक में मुख्य रूप से श्रीमती मिथिलेश गोयल राष्ट्रीय महासचिव, एडवोकेट नरेंद्र मित्तल, हरीश गुप्ता, अरुण शुक्ला जी, तेज सिंह सैनी, रिजवान अहमद, नौशाद मलिक, रविंद्र त्यागी, नावेद आलम, शबरेज आलम, डा राहिब आलम, गुल नसीब आरा, शाश्वत गोयल, प्रमोद कुमार सिंघल और के पी सिंह आदि उपस्थित रहे।
श्रीराम ग्रुप आफ कॉलेजेज में एमबीए के शत प्रतिशत रिजल्ट से हर्ष
मुजफ्फरनगर। श्रीराम ग्रुप आफ कॉलेजेज के एम0बी0ए0 प्रथम वर्ष के सभी विद्यार्थियों ने अच्छे अंको मे उत्तीर्ण होकर महाविद्यालय की कामयाबी में एक बार फिर चार चांद लगाया। एम0बी0ए0 तृतीय सेमेस्टर में रिया गोयल ने सबसे अधिक 78.75 प्रतिशत अंक प्राप्त करके प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली पूजा वर्मा ने 75.42 प्रतिशत व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली शगुन शर्मा ने 73.33 प्रतिशत अंक प्राप्त किये।
प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली रिया गोयल ने अपनी सफलता पर ईश्वर को धन्यवाद देते हुए कहा कि सफलता का श्रेय गुरूजनों एवं माता-पिता को जाता है। उन्होंने कहा कि गुरूजनों द्वारा दिये गये मार्ग दर्शन एवं ज्ञान के फलस्वरूप जीवन में यह स्वर्णिम दिन आया है। वहीं उन्होंने कहा कि अध्यापकों द्वारा समय-समय पर दिये गये टिप्स परीक्षा में मद्दगार साबित हुए है तथा माता-पिता का सहयोग एवं प्रेरणा महत्वपूर्ण रही है। द्वितीय स्थान पर रही पूजा वर्मा ने कहा कि उन्हें महाविद्यालय के अनुशासन और प्रवक्ताओं द्वारा दिये गये टिप्स और महाविद्यालय के शैक्षिक वातावरण के फलस्वरूप ही यह सफलता प्राप्त हुई है। तृतीय स्थान पर शगुन शर्मा ने कहा कि पुस्तकालय में सभी विषयों पर अनेक पुस्तकें उपलब्ध हैं, जिन्होंने हमें अध्ययन में बहुत मद्द की। सभी ने अपनी कामयाबी का श्रेय अपनी मेहनत, लगन तथा महाविद्यालय के अच्छे वातावरण को दिया।
श्रीराम ग्रुप आफ कालिजेज के चेयरमैन डा0 एस0सी0 कुलश्रेष्ठ ने एम0बी0ए0 के सभी विद्यार्थियों एवं अध्यापकों की सफलता पर बधाई दी तथा कहा कि हमें अपने विद्यार्थियों एवं अध्यापकों पर गर्व है जो लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे है तथा कॉलेज का नाम रोशन कर रहे है। उन्होनें सभी विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि उन्हें आगे भी अपने जीवन में इसी प्रकार की सफलतायें अर्जित करते हुये अपने कॉलेज और अपने माता पिता का नाम रोशन करते रहना चाहिये।
विभागीय डीन पंकज कुमार ने भी अध्यापकों को उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को मिली सफलता पर बधाई देते हुए कहा कि किसी भी विभाग में विद्यार्थियों की सफलता एवं उज्जवल भविष्य अध्यापकों पर निर्भर करता है।
विभागाध्यक्ष डा0 अशफाक अली ने कहा कि विभाग के सभी अध्यापकों की मेहनत से पिरोये हुये परीक्षाफल को देखकर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विभाग में पिछले सालों से भी ज्यादा सेमिनार, वेबीनार, ऑन लाइन व्याख्यानों के आयोजन का फल आज हमारे छात्रों के बेहतर प्रदर्शन के रूप में दिखाई दे रहा है। उन्होनें विद्यार्थियों से आशा व्यक्त करते हुए कहा कि सभी विद्यार्थी अपने में बेहतर मैनेजर के गुण विकसित कर भविष्य में देश और समाज निर्माण में अपनी सेवाएँ प्रदान करेगें।
विभाग के प्रवक्ताओं राजीव रावल, श्रुति मित्तल, मौ0 दानिश व साक्षी चौधरी, शरद चौधरी एवं आकृति गोयल ने छात्रों को बधाई देते हुये उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

