वैश्विक

नौकरी जाने से नाराज कम्पाउंडर ने अस्पताल जाकर डॉक्टर की मांग में भरा सिंदूर, ले लिया वीडियो और फोटो

समस्तीपुर। कहते हैं कि एकतरफा प्यार को पाने और किसी से बदला लेने के लिए लोग किसी भी हद तक चले जाते हैं. ऐसा ही हुआ है बिहार के समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय में, जहां एक निजी अस्पताल की नौकरी से निकाले जाने से खफा एक कम्पाउंडर ने डॉक्टर से ही बदला लेने की ठान ली.

नौकरी जाने के बाद अस्पताल पहुंचा कम्पाउंडर महिला डॉक्टर के चैंबर में घुसा और इससे पहले कि डॉक्टर को कुछ समझ आता, उसने मांग में सिंदूर भर दिया. कम्पाउंडर ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो और फोटो भी ले लिया।

कम्पाउंडर ने ये तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दीं जिसके बाद महिला डॉक्टर ने उसके खिलाफ दलसिंहसराय थाने में शिकायत दर्ज करा दी है. पीड़ित डॉक्टर दलसिंहसराय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी भी हैं. वो दलसिंहसराय में ही एक निजी अस्पताल भी चलाती हैं जिसमें बम्बइया गांव निवासी लालबाबू महतो का पुत्र सुमित कुमार कम्पाउंडर के रूप में काम करता था.
कुछ दिन पहले कम्पाउंडर के आचरण को लेकर महिला डॉक्टर ने उसे अपने हॉस्पिटल से निकाल दिया था।इससे नाराज कंपाउंडर बदला लेने की फिराक में लग गया था. अचानक एक दिन जब महिला डॉक्टर हॉस्पिटल में अपने चैंबर में थी तभी सुमित पहुंचा और चैंबर में घुसकर दरवाजा बंद कर दिया.
फिर कम्पाउंडर ने जबरन पहले महिला डॉक्टर की मांग में सिंदूर भरा और उसके बाद खुद के साथ सिंदूर भरने की वीडियो और फोटो शूट किया. कम्पाउंडर सुमित इतने पर ही नहीं रुका. उसने डॉक्टर की मांग में सिंदूर भरने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दीं. डॉक्टर के साथ हुई घटना की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगीं

दलसिंहसराय की महिला डॉक्टर की मांग में सिंदूर डालने की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जब डॉक्टर के पास जानने वालों के फोन कॉल्स आने लगे तो डॉक्टर ने पुलिस से शिकायत की. दलसिंहसराय थाने में दी गई तहरीर में डॉक्टर ने पूरा घटनाक्रम बताया है. पुलिस ने डॉक्टर की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है.

मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी गांव छोड़कर फरार बताया जा रहा है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीर को लेकर डॉक्टर ने मामला दर्ज होने की बात कही और जानकारी दी कि पूछताछ के लिए पुलिस उनके अस्पताल भी पहुंची थी।

समस्तीपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मानवजीत सिंह ढिल्लो कहते हैं कि दलसिंहसराय पीएचसी की प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी निजी अस्पताल भी चलाती हैं. उनकी ओर से शिकायत मिली थी.

शिकायत में कहा गया है कि आरोपी को दो महीने पहले किसी कारण से नौकरी से निकाल दिया गया था. महिला डॉक्टर का कहना है कि अचानक से मेरे चैंबर में घुसा और मांग में सिंदूर भर उसकी फोटो लेकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है. एसपी ने कहा कि आवेदन के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है.आरोपी की गिरफ्तारी का भी आदेश दिया गया है. उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

News-Desk

News Desk एक समर्पित टीम है, जिसका उद्देश्य उन खबरों को सामने लाना है जो मुख्यधारा के मीडिया में अक्सर नजरअंदाज हो जाती हैं। हम निष्पक्षता, सटीकता, और पारदर्शिता के साथ समाचारों को प्रस्तुत करते हैं, ताकि पाठकों को हर महत्वपूर्ण विषय पर सटीक जानकारी मिल सके। आपके विश्वास के साथ, हम खबरों को बिना किसी पूर्वाग्रह के आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। किसी भी सवाल या जानकारी के लिए, हमें संपर्क करें: [email protected]

News-Desk has 20960 posts and counting. See all posts by News-Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

one × one =