समाचार
वांछितो सहित कई को तमंचा व चाकू सहित किया गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। थाना कोतवली नगर पर नियुक्त उ0नि0 जितेन्द्र सिंह द्वारा वारंटी अभियुक्त दाराब पुत्र सखावत निवासी मौहल्ला कुगॅर पट्टी थाना कोतवाली नगर जनपद मुजफ्फरनगर को अभियुक्त के मसकन से गिरफ्तार किया।
वहीं थाना सिखेडा पर नियुक्त व0उ0नि0 प्रेमपाल सिंह यादव द्वारा वॉछित अभियुक्त जुल्फकार उर्फ जुल्लू पुत्र नूरहसन निवासी ग्राम निराना थाना सिखेडा जनपद मुजफ्फरनगर को ग्राम निराना गेट से गिरफ्तार किया गया।
वहीं थाना जानसठ पर नियुक्त उ0नि0 अमरपाल शर्मा द्वारा 01 जिलाबदर अभियुक्त दिलशाद पुत्र इरशाद निवासी ग्राम तिसंग थाना जानसठ जनपद मुजफ्फरनगर को सैदीपुर राजू मोड से गिरफ्तार किया। अभियुक्त के कब्जे से 01 तमंचा मय 01 जिन्दा कारतूस 315 बोर बरामद किया गया।
मुजफ्फरनगर। थाना कोतवाली नगर पर नियुक्त उ0नि0 सतीश शर्मा द्वारा अभियुक्त अब्दुल्ला पुत्र इस्लाम निवासी गली नम्बर 12 मल्लूपुरा थाना क्षेत्र कोतवाली नगर जनपद मुजफ्फरनगर को शेरपुर से शाहबुद्ीनपुर मार्ग से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के कब्जे से 01 नाजायज चाकू बरामद किया।
25 हजार की धोखाधडी की
मुजफ्फरनगर। साइबर हेल्प सेन्टर टीम द्वारा आवेदक मनोज कुमार पुत्र शीशराम निवासी मौहल्ला हरिजन चौक ग्राम भोकरहेड़ी थाना भोपा जनपद मुजफ्फरनगर द्वारा साइबर हेल्प सेन्टर को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा आवेदक का परिचित बनकर के माध्यम से उसके साथ २५,००० रूपये की धोखाधडी कर ली गयी थी । जिस पर तत्काल कार्यवाही करते हुए साइबर हेल्प सेन्टर द्वारा बैंक को कैशफ्री रमी गेम एप से ली गयी सर्विसिस को निरस्त कराया गया तथा सम्पूर्ण धनराशि आवेदक के खाते में वापस करायी गयी। जिस पर आवेदक द्वारा साइबर क्राइम टीम को तत्काल कार्यवाही करते हुए उसकी धनराशि को वापस कराने हेतु धन्यवाद दिया गया है। जनपदीय साइबर सैल टीम द्वारा साइबर ठगी करने वाले अभियुक्तों के विरुद्ध लगातार कार्यवाही की जा रही है।
नये प्राचार्य डा. पीके श्रीवास्तव ने कार्यभार सम्भाला
मुजफ्फरनगर। स्थानीय सनातन धर्म महाविद्यालय में नये प्राचार्य डा. पीके श्रीवास्तव ने कार्यभार सम्भाल लिया है। कालेज में निजाम बदलते ही प्रशासनिक बदलाव व सख्ती का भी असल दिखने लगा है।
इसी क्रम में सैल्फ फाइनेंस डिपार्टमेंट के शिक्षकों, छात्र-छात्राओं के लिए अटैन्डेन्स रजिस्टर अब लेखा विभाग में रखवा दिया गया है। अब हर रोज आते जाते समय सैल्फ फाइनेंस डिपाटमेंट के शिक्षकों, कर्मचारियों व छात्र छात्राओं को अपनी उपस्थिति वहीं पर दर्ज करनी होगी। पूर्व में यह कार्य विभाग में चल रहा था। जिसके बारे में शिकायते मिलने पर व्यवस्था में बदलाव किया गया है।
नये प्राचार्य डा. पीके श्रीवास्तव ने बताया कि महाविद्य़ालय में फिलहाल 8 अगस्त तक विश्वविद्यालय की परीक्षाएं चल रही है साथ ही शिक्षकों व शिक्षणेत्तर कर्मचारियों से समय पर विद्यालय पर उपस्थित रहकर शेक्षणिक वातावरण अच्छा बनाने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि वे जब तक प्राचार्य के पद पर है उपलब्ध संसाधनों से ही बेहतर परिणाम प्राप्त करने का प्रयास करेंगे। वर्ष 1986 में एसडी डिग्री कालेज के कामर्स डिपार्टमेंट से जुड़े डा. पीके श्रीवास्तव की शैक्षणिक गतिविधियों एवं अन्य रचनात्मक कार्यो पर काफी अच्छी पकड रही है।
व्यापारियों की चरमराई अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए आर्थिक राहत पैकेज की मांग
मुजफ्फरनगर। पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियो ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजे गए ज्ञापन मे कोरोना महामारी के कारण लगे लॉकडाउन से प्रदेश के प्रदेश के व्यापारियों की चरमराई अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए आर्थिक राहत पैकेज जारी करने की मांग की। पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमित गर्ग तथा प्रदेश वरिष्इ प्रचार मंत्री अनिल कंसल के नेतृत्व मे डीएम कार्यालय पहुंचे व्यापारियो ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सम्बोधित ज्ञापन मे अवगत कराया कि कोरोना महामारी के कारण बाजारो मे छाई मंदी के कारण व्यापारी वर्ग बहुत संकट के दौर से गुजर रहा है। ज्ञापन मे मांग की गई कि व्यापारियो का चार माह का बैंको का ब्याज तथा चार माह की ई.एम.आई.माफ हो। 60 वर्ष से उपर की आयु के व्यापारी की तत्काल प्रभाव से पेंशन योजना लागू हो। कोरोना महामारी के कारण मृत व्यापारियो के परिजन को जो जी.एस.टी.में पंजीकृत है-कोरोना से हुई मृत्यु को दुर्घटना मानते हुए-दस लाख का तथा ऐसे व्यापारियो के परिजनो को जो व्यापारी जी.एस.टी. में पंजीकृत हैं को पांच लाख की आर्थिक सहायता देनी स्वीकृत की जाये।
ज्ञापन मे अवगत कराया गया कि व्यापारियों की उपरोक्त उचित मांगो को सहानुभूति पूर्वक विचार कर पूरी करने की कृपा करें। ज्ञापन सौपने वालो मे मुख्य रूप से अमित गग प्रदेश उपाध्यक्ष, अनिल कंसल वरिष्ठ प्रचार मंत्री, जयवीर सिंह प्रदेश युवा महामंत्री, हर्षवर्धन जैन संगठन मंत्री, राधेश्याम विश्वकर्मा,रामकुमार तायल जिलाध्यक्ष, नरेन्द्र मित्तल, कमल किशोर गोयल, नरेश सिंघल, प्रवीण जैन, विमल गुप्ता आदि मौजूद रहे।
व्यापारियों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा
मुजफ्फरनगर। खतौली में पश्चिमी उप्र संयुक्त व्यापार मंडल ने कोरोना महामारी में लाकडाउन के चलते व्यापार टूटने से बचाने और अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए आर्थिक राहत पैकेज जारी करने की मांग की है। व्यापार मंडल ने इस बाबत एसडीएम को मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन दिया।
पश्चिमी उप्र संयुक्त व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष पवन अग्रवाल, नगराध्यक्ष महेश गुप्ता, महामंत्री नासिर सिद्दीकी, सुरेश आर्य, जगदीश मटरेजा, मोहनलाल, इंद्रपाल गोयल व अशोक शर्मा गुरुवार को तहसील पहुंचे। उन्होंने एसडीएम इंद्रकांत द्विवेदी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम एक ज्ञापन दिया, जिसमें अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए आर्थिक राहत पैकेज जारी करने की मांग की गई। जिसमें कहा कि कोरोना महामारी के दौर में लाकडाउन लगने से व्यापार टूट गया। व्यापारियों की अर्थव्यवस्था डगमगा गई। व्यापारी और कर्मचारी बेरोजगार हो गए। बिजली का बिल, बैंकों का ब्याज, ईएमआइ, कर्मचारियों के मानदेय, दुकानों का किराया, जीएसटी सहित अन्य टैक्स जमा करने का दबाव निरंतर बढ़ रहा हैं। ऐसे में व्यापारियों के लिए आर्थिक राहत पैकेज की घोषणा की जानी चाहिए।
पांच दिवसीय निशुल्क प्राकृतिक चिकित्सा शिविर संपन्न
जानसठ। हंस प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र पर पांच दिवसीय निशुल्क प्राकृतिक चिकित्सा शिविर संपन्न हुआ। प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र-शामली के डा. सतीश कुमार गर्ग ने शिविर के बारे में विस्तार से वर्णन किया। बताया कि रोगी कैसे स्वयं स्वस्थ हो सकता है। प्राकृतिक चिकित्सा में हर मर्ज का इलाज है। यह आम इलाज से सस्ता व रोग को जड़ से खत्म करने वाला होता है। डा. जीएस पालजी ने आए हुए अतिथियों का स्वागत किया। शिविर में सहयोगी चिकित्सकों का सम्मान प्रशस्ति-पत्र देकर किया गया। कैंप में आए रोगियों को अंकुरित मूंग, नारियल, अनारदाना, आदि देते हुए उनको खाने से किन किन बीमारियों से निजात मिलती है, यह भी बताया गया। मास्टर इरशाद, यूसुफ, डा. अनिल कुमार, नरेश पाल, राम सिंह, ऋषि पाल व दीपक कुमार उपस्थित रहे।
सीआरपीसी की कार्यवाही की
मुजफ्फरनगर। वर्ष २०२१ में त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव के दौरान थाना क्षेत्र कोतवाली नगर के गांव सूजडू के मौहल्ला कुगर पट्टी के रहने वाले दाराव पुत्र शखावत द्वारा दौराने चुनाव मारपीट व झगडा कर थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग की गयी, जिस पर थाना कोतवाली नगर पुलिस द्वारा अभियुक्त दाराव उपरोक्त के विरुद्ध १०७/११६ सीआरपीसी की कार्यवाही की गयी , तदउपरान्त दाराव द्वारा उपरोक्त कृत्यों की पुनरावृत्ति पर कोतवाली नगर पुलिस द्वारा अभियुक्त दाराव उपरोक्त के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग भी पंजीकृत किया गया तथा अभियुक्त पर १०७/११६(३) सीआरपीसी की कार्यवाही भी की गयी। दाराव उपरोक्त द्वारा १०७/११६(३) सीआरपीसी की कार्यवाही के उल्लंघन पर थाना कोतवाली नगर पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध १२२सीआरपीसी की कार्यवाही करते हुए अभियुक्त पर ०१ लाख रुपए का जुर्माना किया गया जिसमें आज दिनांक १५.०७.२०२१ को अभियुक्त दाराव उपरोक्त द्वारा धारा १२२सीआरपीसी का अनुपालन करते हुए जुर्माने की धनराशि ०१ लाख रुपये जमा की गयी है।
गंगा बैराज से मिले दो सगे भाईयों के शव
मुजफ्फरनगर। बीती १० जुलाई, शनिवार को शिवपुरी, ऋषिकेश में डूबे आदित्य देव पुत्र स्वर्गीय ज्ञान प्रकाश जांगिड़ निवासी २०४७, संतोष विहार, गली नम्बर-१, सरकुलर रोड, मुजफ्फरनगर का शव आज बिजनौर के गंगा बैराज पर मिल गया। आदित्य देव के परिजन और पुलिस मौके पर है, गौरतलब है कि जिला परिषद बाजार से मैसर्स केशव ड्रग्स के आदित्य देव तथा ब्रज फार्मा के स्वामी दीपक शर्मा और राजीव शर्मा अपने अन्य दो मित्रों के साथ ऋषिकेश में नहाने गये थे। सगे भाइयों दीपक एवं राजीव शर्मा का शव उसी दिन ऋषिकेश गंगा से मिल गया था।
कावड यात्रा शुरू कराने की मांग
मुजफ्फरनगर। उत्तराखंड सरकार द्वारा कावड यात्रा मेला पर प्रतिबंध लगा दिए जाने से उतर प्रदेश के हिंदू संगठन व धर्मप्रेमी लोग आक्रोशित हैं और कावड यात्रा शुरू कराने की मांग पर अडे हैं। इसी कारण उत्तर प्रदेश सरकार ने गंगा बैराज, ब्रजघाट व मुरादनगर गंगनहर से जल उठाने की अनुमति दी है। इस धार्मिक आस्था के आयोजन को लेकर आज हिन्दू महासंघ के संरक्षक मनीष चौधरी के नेतृत्व में हिंदू महासंघ के सभी घटक दलों के साथ डीएम ऑफिस पर एक ज्ञापन दिया गया। सिटी मजिस्ट्रेट अभिषेक सिंह को ज्ञापन सौंपा गया है, जिसमें मुख्य रूप से मांग की गई है कि करोडों शिवभक्त श्रद्धालु अपनी अपनी मन्नतों को पूर्ण करने हेतू कावड यात्रा का प्रण लेते हैं। इस वर्ष उत्तराखंड सरकार ने कावड यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया है, जिससे करोडों हिंदुओं की आस्था को ठेस पहुंची है, जबकि यूपी सरकार कावड यात्रा शुरू करने के लिए तैयार है। समाजसेवी मनीष चौधरी ने कहा कि इस वर्ष सभी शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल नहीं भर सकेंगे, तो तीर्थनगरी शुक्रताल से गंगा जल भरने की व्यवस्था कराई जाए। शुकतीर्थ महाभारत कालीन स्थल हैं, जहां पर ५ हजार साल पहले अर्जुन के परीक्षित महाराज को शाप मुक्त करने के लिए शुकदेव महाराज ने श्रीमद् भागवत कथा सुनाई थी। शुकतीर्थ से कावड यात्रा प्रारंभ करने से उतर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली के शिवभक्त अपनी मन्नत पूरी कर सकते हैं। सहारनपुर, मेरठ, मुरादाबाद मंडल का विकास होगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के युवाओं को रोजगार प्राप्त होगा। शिवभक्तों को कम समय में जल मिलेगा और शुक्रताल का विकास होगा। इस अवसर पर मुख्य रूप से समाजसेवी मनीष चौधरी, केपी चौधरी, सुरेंद्र मित्तल, ब्रजबिहारी अत्री, विक्की चावला, राजकुमार कालरा, ओमप्रकाश मिश्रा, मनीष चौधरी उर्फ गोलू, कुणाल उर्फ लक्की चौधरी, पं. रामानुज दूबे, ठा. अनूप सिंह एडवोकेट, पंडित अमित तिवारी, अशोक गुप्ता, अनुरुप सिंघल आदि मौजूद रहे।
जरूरतमंदों को मासिक राशन वितरण किया
मुजफ्फरनगर। श्री वर्धमान जैन भवन,नई मन्डी मे पी.एल.मनमोहन जैन,पब्लिक चैरिटेबिल ट्रस्ट के तत्वाधान मे निराश्रितों एवं जरूरतमंदों को मासिक राशन वितरण किया गया। समाजसेवी मनमोहन जैन एवं परिवार के सदस्यों राजीव जैन,कार्तिक जैन द्वारा 31 वें राशन वितरण कार्यक्रम के तहत निराश्रितों को खादय सामग्री वितरित की गई। इस दौरान कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। राशन वितरण के दौरान कोविड-19 नियमों का पालन किया गया। राशन सामग्री लेने आए सभी महिलाओं ने सोशल डिस्टेंसिग एवं मास्क आदि का प्रयोग किया।
पर्यावरण के प्रति जागरूक किया
मुजफ्फरनगर। ग्राम बुडीना कलां में उत्तराखंड के पारंपरिक लोक पर हरेला जोकि प्रकृति का संतुलन बनाए रखने और पर्यावरण के अंतरसंबंधों का अनूठा पर्व है वृक्षारोपण कर बड़ी धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर लोगों को जागरूक करते हुए हैं ग्राम बुडीना कलाँ निवासी राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान दिल्ली में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत डॉ कपिल शर्मा ने बताया कि हवा, पानी, मिट्टी, जंगल और जानवर यह पांच जीवन के मूलभूत आधार है और कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य व पर्यावरण चार ऐसे क्षेत्र हैं जिनके आधार पर किसी भी देश की आर्थिक व सामाजिक स्थिति का आकलन किया जा सकता है लेकिन दुर्भाग्य से हवा,पानी, मिट्टी बुरी तरीके से दूषित हो चुकी है जंगलों का कटान तेजी से हो रहा है और जीव-जंतुओं की अनेको प्रजातियां विलुप्त हो चुकी है जिससे कि मनुष्य के अस्तित्व पर खतरा मंडरा रहा है। उत्तराखंड का लोक पर्व हरेला हमारे पूर्वजों की पर्यावरण के प्रति दूरगामी सोच का परिणाम है जोकि पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाला पर्व है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के ब्रज प्रांत के प्रांत प्रचारक पर्यावरण प्रेमी डॉक्टर हरीश रौतेला जी की मुहिम के कारण आज हरेला उत्तराखंड समेत पूरे भारतवर्ष के साथ-साथ विश्व के अनेक देशों जैसे अमेरिका, इंग्लैंड,ऑस्ट्रिया, जर्मनी, सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया,न्यूजीलैंड, दुबई जैसे देशों में भी प्रवासी भारतीय द्वारा धूमधाम से मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में औद्योगिकीकरण नगरीकरण व बढ़ती जनसंख्या के कारण जिस प्रकार पृथ्वी के तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है और परिणामस्वरुप ग्लेशियर बहुत तेजी से पिघल रहे हैं यह चिंता का विषय है। अनेकों पर्यावरण संबंधित समस्याएं जैसे ग्लोबल वार्मिंग, जलवायु परिवर्तन,ओजोन परत छिद्र,अम्ल वर्षा आदि मनुष्य द्वारा जनित समस्या है जिनको वृक्षारोपण कर काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। वृक्ष देश की समृद्धि और उन्नति का प्रतीक है पेड़ ऑक्सीजन देने के साथ-साथ वायुमंडल में कार्बन डाइऑक्साइड कभी अवशोषण करते हैं जो कि मुख्य अतिथि कैसे हैं और वैश्विक तापन और जलवायु परिवर्तन के लिए जिम्मेदार हैं। वघ्क्ष वायुमंडल से विभिन्न प्रकार के प्रदूषक जैसे धूल मिट्टी के कण, जहरीली गैसे आदि का भी अवशोषण करते हैं। फलदार वृक्ष ग्रामीण इलाकों में आए का अच्छा स्रोत हैं और अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करते हैं।उन्होंने लोगो को बताया कि हरेला जैसे त्यौहार न केवल पर्यावरण संरक्षण के लिए जरूरी है बल्कि आर्थिक व समृद्धि का भी आधार बनते हैं, हरेले पर ज्यादा से ज्यादा फलदार वृक्ष लगाकर हम अपनी आर्थिक स्थिति को भी मजबूत कर सकते हैं और जीव-जंतुओं को जीने का अधिकार दे सकते हैं। हमे पर्यावरण के सभी घटकों सूक्ष्मजीवों से लेकर बड़े जीव जन्तुओ पेड़ पौधों सभी को संरक्षित करना होगा और सतत विकास की परिकल्पना को चरितार्थ कर प्रत्यके जीवजंतु के साथ सामंजस्य बैठाकर विकास के पथ पर आगे बढ़ना होगा।
ये पृथ्वी हमारी माता है और इसपर निवास करने वाले सभी जीव जन्तुओ का भी इस पर उतना ही अधिकार है जितना कि मनुष्यो का ऐसे विचार हमेशा दिमाग में रखकर यथासंभव पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सार्थक प्रयास करते रहना चाहिए।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान अजय मलिक ने लोगों से आह्वान किया कि गाँव को साफ स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए सब अपना सहयोग दे व अपनी आने वाली पीढ़ियों को एक साफ, स्वच्छ, सुंदर व प्रदूषणमुक्त वातावरण में जीने का अधिकार दे।
सभ्यता फाउंडेशन के अध्यक्ष पुष्पेंदर आर्य ने उपस्थित लोगों से आग्रह किया कि शुभ अवसरों पर एक दूसरे को पेड़ उपहार में दे व पर्यावरण संरक्षण की मुहिम में अपना योगदान दे। इस अवसर पर मुख्य रूप से पंडित अशोक शर्मा पंडित सुभाष शर्मा सोमपाल मलिक पंडित राम रामकिशन शर्मा शिवम शर्मा नितिन पंडित गौरव शर्मा हार्दिक शर्मा सत्यपाल शर्मा कपिल चौधरी पुष्पेंदर आर्य संजीव शर्मा बंटी पंडित जी आदि लोग मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
ईद-उल-अजहा को लेकर डीएम व एसएसपी ने मुस्लिम धर्मगुरूओ के साथ की बैठक
मुजफ्फरनगर। जनपद में कांवड की तैयारियों में जुटे जिला प्रशासन के द्वारा ईदुल अजहा की व्यवस्थाओं और सुरक्षा को लेकर भी सचेत हैं। डीएम और एसएसपी ने आज मुस्लिम धर्मगुरूओं व समाजसेवी संगठनों के पदाधिकारियों के साथ मीटिंग करते हुए विस्तार से चर्चा की। इस दौरान प्रशासन से ईद पर बिजली-पानी और साफ सफाई की व्यवस्था को दुरुस्त कराने की मांग की गयी।
आज कलेक्ट्रेट स्थित चौ. चरण सिंह सभाकक्ष में २१ जुलाई को मनाई जाने वाले ईदुल अजहा के त्यौहार को लेकर मुस्लिम धर्मगुरूओं के साथ डीएम सेल्वा कुमारी जे. और एसएसपी अभिषेक यादव द्वारा समस्या और व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की। इस मीटिंग में प्रशासन द्वारा समाजसेवी संगठनों के पदाधिकारियों और मुस्लिम जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया था। मीटिंग में सभी ने अपनी अपनी बातों को पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों के सामने रखा। मीटिंग के दौरान मुख्य रूप से ईद के दिन बिजली और पानी के साथ ही साफ सफाई की व्यवस्था को दुरुस्त किये जाने की मांग उठाई गयी। शहरी क्षेत्र में पिछले दिनों कई क्षेत्रों में पानी की किल्लत की समस्या को भी उठाया गया। इसमें कहा गया कि पूर्व से ही बंदोबस्त रहता है कि ईद के तीन दिनों के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति किये जाने के साथ ही पानी की आपूर्ति भी सुनिश्चित की जाती है। मीटिंग में ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत के संसाधन विहीन होने के कारण साफ सफाई को लेकर भी शिकायत की गयी। इसके लिए प्रत्येक ग्राम में सफाई कर्मचारियों की अलग से तैनाती करने की मांग हुई। शहर में किदवईनगर, रहमतनगर और खालापार में पानी की आपूर्ति पर विशेष ध्यान देने, ईदुल अजहा के दिन कुर्बानी के जानवरों के अवशेष और पशुओं के आवागमन में लोगों को परेशान न किये जाने, उनकी सुरक्षा की व्यवस्था करने का मुद्दा भी उठाया गया।
इसके साथ ही जमीयत के पदाधिकारी नजर मौहम्मद ने गांव बरला और खेडी सराय के मामलों को उठाते हुए कहा कि बरला में पूर्व में कुर्बानी नहीं होती थी, लेकिन दो दशक से ज्यादा समय से वहां पर कुर्बानी हो रही है। दो साल पूर्व बरला में कुर्बानी के बाद असामाजिक तत्वों की हरकत के कारण माहौल गर्मा गया था। इसके साथ ही खेड़ी सराय गांव में कुर्बानी नहीं होती, दूसरे गांव में कुर्बानी कर वह लोग वापस लौटते है तो कुतुबपुर नहर पुल से ही आवागमन होता है। यहां पर भी तनाव बना रहता है। उन्होंने ऐसे प्रकरणों में विशेष ध्यान देने और मिश्रित आबादी वाले शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के साथ ही मुख्य सड़कों पर स्थित धार्मिक स्थलों पर फोर्स तैनात किये जाने की मांग की है। मीटिंग में शहर की सड़कों पर अतिक्रमण का मुद्दा भी उठाया गया, इसके साथ ही इस बार ईदगाह में नमाज अदा करने के लिए भी प्रशासन से अनुमति मांगी गयी।
डीएम सेल्वा कुमारी जे. ने मीटिंग में लोगों को आश्वस्त किया कि बिजली, पानी और सफाई आदि व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क पर या खुले स्थान पर पशुओं की कुर्बानी नही होगी। कोविड गाइडलाइन का पूरा पालन करते हुए ही ईदुल अजहा का त्यौहार मनायेंगे। ईदगाह पर नमाज को लेकर डीएम ने कहा कि अभी इस मामले में कोर कमेटी की बैठक में चर्चा की गयी। इसके बाद जो भी निर्णय होगा, उसकी जानकारी दी जायेगी। एसएसपी अभिषेक यादव ने कहा कि त्यौहार को लेकर पुलिस पूरी तरह से अलर्ट है। कहीं पर भी कोई नई परम्परा नहीं डालने दी जायेगी। सुरक्षा के बंदोबस्त सख्त रहेंगे। भाईचारे और खुशी से त्यौहार मनाने में सभी सहयोग प्रदान करें।
मीटिंग में मुख्य रूप से सीडीओ आलोक यादव, एडीएम प्रशासन अमित सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व आलोक कुमार, एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गीय, एसपी देहात अतुल श्रीवास्तव, नगर मजिस्ट्रेट अभिषेक कुमार सिंह, सीओ सिटी कुलदीप कुमार, एसडीएम खतौली इन्द्रकांत द्विवेदी, एसडीएम बुढ़ाना अजय अम्बष्ट के अलावा मुफ्ति जुल्फीकार, कारी खालिद जाहिद, महबूब आलम, मुजस्सिम एडवोकेट, सलीम मलिक, नजर मौहम्मद, शानवाज आफताब, सभासद अब्दुल सत्तार मंसूरी, नदीम खान, नौशाद कुरैशी, गय्यूर, कारी हुसैन अहमद, सलीम अहमद, मौलाना ताहिर कासमी, गौहर सिद्दीकी, इकराम कस्सार आदि सैंकड़ों लोग मौजूद रहे।
बकरीद का त्योहार सौहार्द के साथ मनाएः एसडीएम
चरथावल। एसडीएम सदर दीपक कुमार और सीओ सदर हेमंत कुमार ने कहा कि बकरीद का त्योहार पारस्परिक सद्भाव और सौहार्द के साथ मनाएं। कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी कैंप में किसी अपराधी छवि के व्यक्ति का सहयोग नहीं लिया जाए। दोनों अधिकारियों ने थाने में क्षेत्र के ग्राम प्रधानों और जिम्मेदार लोगों की बैठक ली। आगामी कांवड़ यात्रा महोत्सव और बकरीद पर्व पर उन्होंने लोगों से सुझाव लिए और कहा कि त्योहार पर भाईचारे की मिसाल बरकरार रखें। बकरीद पर कुर्बानी की नई परंपरा शुरू नहीं की जाए। पशुओं के अवशेष खुले में नहीं डाले जाएं और बंद स्थान पर पशुओं की कुर्बानी हो। ग्राम प्रधान गांव में समुचित स्थानों पर गड्ढ़े खुदवाकर अवशेषों को दबवाने में सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि कांवड़ शिविर में आयोजन कर्ता और मुख्य मार्ग पर ड्यूटी करने वाले लोगों का पूरा विवरण थाने में संकलित होगा। अपराधी किस्म के व्यक्ति को कांवड़ सेवा से दूर रखा जाएगा। एचएसओ एमपी सिंह ने बताया किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं दें। किसी भी समस्या के लिए उनसे मोबाइल फोन पर संपर्क करें। नय्यूम प्रधान कुटेसरा, इंतजार बीडीसी, कुशल पाल प्रधान न्यामू, अफसरून प्रधान नगलां राई, विपिन प्रधान गुनियाजुड्डी, लोकेश कुमार प्रधान बिरालसी, कुशलपाल अलीपुरा, अजित सिंह पावटी खुर्द, मौ. कामिल सैदपुर कलां, जब्बार कुल्हेड़ी, विनोद फौजी प्रधान रोनी हरजीपुर, वीरपाल मुथरा प्रधान, मुकेश बजरंगी छिमाऊ प्रधान, हुसैन प्रधान दधेडू खुर्द, संजय त्यागी प्रधान महाबलीपुर, संतराम ज्ञानामाजरा, गय्यूर त्यागी सभासद, चरण सिंह रसूलपुर, मौ. नौशाद सैदनगलां आदि मौजूद रहे।
युवती को धोखे से घर बुलाकर सामूहिक दुष्कर्म
भोपा। क्षेत्र के गांव में युवती को काम के बहाने बुलाकर कमरे में बंद कर दो आरोपितों ने दुष्कर्म किया। पीड़िता के भाई ने महिला समेत तीन के विरुद्ध थाने पर तहरीर दी है। घटना से गांव में रोष है।
भोपा थाना क्षेत्र के गांव निवासी व्यक्ति ने थाने पर तहरीर देकर बताया कि उसकी बहन सिलाई करती है। गुरुवार शाम वह घर पर सिलाई कर रही थी। आरोप है कि तभी पड़ोस की महिला ने एक बच्चे के जरिए बहन को अपने घर पर कपड़े की नाप के लिए बुला लिया तथा छत पर बने कमरे में बंद कर दिया। आरोप है कि वहां मौजूद दो युवकों ने उसे दबोच लिया और उसके भाई की हत्या करने की धमकी देते हुए सामूहिक दुष्कर्म किया। युवती के देर तक घर न पहुंचने पर वह पड़ोसी के घर गए और कमरे का दरवाजा खुलवाकर युवती को आरोपितों के चंगुल से मुक्त कराया। पीड़ित ने आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कार्यवाहक थानाध्यक्ष सुनील शर्मा ने बताया कि घटना की जांच व मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
गांधी कॉलोनी में रेलवे लाइन के निकट बैठे प्रेमी युगल को हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने दबोचा, पुलिस को सौंपा
मुजफ्फरनगर। जनपद में लव जिहाद की दिन-प्रतिदिन बढ़ रही घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओ ने आज नई मंडी थाना क्षेत्र निकट गांधी कॉलोनी रेलवे लाइन के नजदीक बैठे हिंदू युवती व मुस्लिम लड़के इश्तिहार उर्फ सोनू निवासी गांव बुपाड़ा थाना मंसूरपुर को रंगे हाथ दबोच लिया व गांधी कॉलोनी चौकी को सौंप दिया। जहां से उसे थाना नई मंडी भेज दिया गया। सूचना मिलते ही क्रांति सेना के मुख्य पदाधिकारी थाना नई मंडी पहुंचे और लड़की को उसके परिजनों को सौंप दिया। थाना नई मंडी पुलिस ने मुस्लिम लड़के को जेल भेजने का आश्वासन क्रांति सेना के पदाधिकारियों को दिया। इस दौरान जिला अध्यक्ष डॉ योगेंद्र शर्मा, जिला महासचिव देवेंद्र चौहान, राजेश कश्यप, जिला उपाध्यक्ष शरद कपूर, गौरव गर्ग, कार्यालय प्रभारी शैलेंद्र शर्मा, नगर उपाध्यक्ष बसंत कश्यप व गांव बुपाड़ा के दर्जनों लोग मौजूद रहे।

