बारिश के कारण गिरा कच्चा मकान: नीचे दबकर लोग घायल हो गए
विकास खंड टाण्डा के अमेदा ग्राम पंचायत में भारी बरसात के चलते एक कच्चा मकान धाराशायी हो गया जिसमें दब कर चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए । दबे लोगो को स्थानीय निवासियों ने मलबा हटाकर बाहर निकाला। सूचना पर पहुँचे एसडीएम टाण्डा अभिषेक पाठक ने घायलों को जिला अस्पताल भेजवाया और अन्य जरूरी कागजी कार्रवाई की।
बताया जा रहा है अमेदा के बभनपुरा गाँव निवासी लालता प्रसाद तिवारी का कच्चा मकान बारिश के कारण गुरुवार को सुबह गिर गया जिसमे उनके परिवार के तीन पुरुष सहित एक महिला मलबे के नीचे दब गए। ग्रामीणों के अनुसार लालता प्रसाद तिवारी का नाम आवास योजना के पात्रता सूची में शामिल था जिसके बावजूद भी उनको आवास मुहैया नही करवाया गया जिसके कारण वो कच्चे मकान में रहने को विवश थें।
जिसका परिणाम यह रहा कि गुरुवार को कच्चा मकान गिर गया और उसके नीचे दबकर लोग घायल हो गए। स्थानीय निवासियों के द्वारा मलबे में दबे लोगो को बाहर निकाला गया। इस घटना में एक किशोर भी गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। मलबे में दबकर घर में रखा राशन भी नष्ट हो गया है जिसकी व्यवस्था प्रशासन की तरफ से करवाई जा रही है। ज्ञात हो कि गिरे हुए कच्चे मकान में मौजूद मिथलेश तिवारी पुत्र(52), पत्नी मनोरमा (48), पुत्र प्रशांत (23), और ननिहाल में आया 15 वर्षीय बजरंगी गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों के द्वारा घायलों के हाथ व पैर की हड्डियां टूटने की आशंका जताई गई है। एसडीएम टाण्डा अभिषेक पाठक ने बताया कि घायलों को जिला अस्पताल भेजवाया गया है।
