गोंडा में बिसुही नदी में डूबकर तीन किशोरों की मौत,तलाश शुरू
गोंडा जिले के खरगूपुर थाना क्षेत्र के पचरुखी मनोहर जोत गांव निवासी तीन किशोर बुधवार दोपहर बिसुही नदी में नहाते समय डूब गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। उपजिलाधिकारी सूरज पटेल ने बताया कि घाघरा, मनवर व कुआनो नदियों का जलस्तर बढ़ने से बिसुही नदी में बाढ़ आ गई है और इसके कारण जिले के इटियाथोक व रुपईडीह विकास खण्डों के लगभग 40 गांव लगभग जलमग्न हो गए हैं।
बुधवार दोपहर तीन लड़के विक्रांत कुमार वर्मा (12), छोटेलाल (12) तथा आनंद कुमार मिश्र (15) राशन लाने के लिए घर से निकले थे। रास्ते में भोलाजोत गांव के पास वे बिसुही नदी में नहाने लगे। बाढ़ के कारण नदी में पानी अधिक होने से तीनों डूब गए।
घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों ने पहले अपने स्तर पर नदी में किशोरों को ढूंढने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस और प्रशासन को सूचित किया गया। सूचना पाकर अधिकारियों ने नवाबगंज से गोताखोरों की टीम को बुलवाकर लड़कों की तलाश शुरू करवा दी है।
वहीं, हिमाचल प्रदेश में मूसलाधार बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और सात लोगों के लापता होने की सूचना है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। राज्य आपदा प्रबंधन निदेशक सुदेश कुमार मोख्ता ने बताया कि लाहौल-स्पीति में उदयपुर में तोजिंग नाले पर बादल फटने से आई बाढ़ में सात लोगों की मौत हो गई।
