सघन दस्त नियंत्रण पखवाड़ा: मीडिया कार्यशाला का आयोजन
मुजफ्फरनगर। जनपद के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा आज सघन दस्त नियंत्रण पखवाड़ा एवं राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस माह के परिपेक्ष्य में मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया गया।मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में आयोजित मीडिया कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ महावीर सिंह फौजदार ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत में बाल्यावस्था में ५ वर्ष से कम आयु के बच्चों के १०त्न मृत्यु दस्त के कारण होती है जिससे देश में प्रतिवर्ष लगभग १.२ लाख बच्चों की दस्त के कारण मृत्यु होती है
दस्त रोग बाल मृत्यु के मुख्य कारणों में से दूसरे स्थान पर है जिसका उपचार ओआरएस एवं जिंक की गोली मात्र से किया जा सकता है जिससे बाल मृत्यु की दर में कमी लाई जा सकती है, जिसके लिए जनपद में सघन दस्त नियंत्रण पखवाड़ा को मनाया जा रहा है
जिसके अंतर्गत बाल्यावस्था में दस्त के दौरान ओआरएस एवं जिंक के उपयोग के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना है जिसके लिए ५ वर्ष से कम आयु के बच्चों को आशाओं द्वारा घर-घर जाकर ओआरएस के पैकेट वितरित किए जा रहे हैं साथ ही दस्तों से बचाव व प्रबंधन के बारे में भी अभिभावकों को आशाओं के द्वारा घर घर जाकर जागरूक किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ महावीर सिंह फौजदार ने बताया कि जनपद में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस माह भी मनाया जा रहा है जिसके अंतर्गत १ वर्ष से १९ वर्ष तक के आयु के सभी बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने के लिए पेट के कीड़ों की गोली एल्बेंडाजोल आशाओं द्वारा घर घर जाकर खिलाई जाएगी
उन्होंने बताया कि १ से २ वर्ष तक के बच्चों को आधी गोली तथा २ वर्ष से १९ वर्ष तक के बच्चों को पूरी गोली आशाओं के द्वारा खिलाई जाएगी मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जनपद वासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी अभिभावक अपने बच्चों के उत्तम स्वास्थ्य के लिए स्वास्थ्य विभाग के अभियानों से जुड़कर उन्हें सफल बनाएं।

