उन्नाव में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, टायर फटने से खंती में गिरी कार
उन्नाव में रविवार सुबह लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर एक तेज रफ्तार एसयूवी टायर फटने से बेकाबू होकर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही महिला समेत दो की मौत हो गई। पुलिस ने यूपीडा कर्मियों की मदद से शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कार दिल्ली से समस्तीपुर बिहार जा रही थी। लखनऊ आगरा एक्सप्रेसवे के अंडर पास संख्या 255 पर थाना बेहटा मुजावर के ग्राम गौरिया कला के सामने टायर फटने से कार अनियंत्रित होकर पलट गई और खाई में जा गिरी।
हादसे में कार सवार मीरा देवी (52) पत्नी रामकृत चौरसिया निवासी ग्राम पवरा थाना रसना जिला समस्तीपुर बिहार व जयप्रकाश (40) पुत्र बिलट चौरसिया निवासी ग्राम पवरा थाना रसड़ा जिला समस्तीपुर बिहार की मौत हो गई।
मृतका मीरा के पति रामकृत, अजय (33), पुत्र सुरेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है। एसओ अजयराज वर्मा ने बताया कि घायलों एवं मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।

