कोरोना मरीज मिलने से चिंता और चर्चा का दौर, पालिका प्रशासन में हड़कम्प की स्थिति
मुजफ्फरनगर। कोरोना वायरस का प्रभाव दिन प्रतिदिन बढता नजर आ रहा है। जिला पुलिस प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोविड-19 के प्रभाव तथा जनस्वास्थ्य के दृष्टिगत विभिन्न व्यवस्थाए सुनिश्चित की गई हैं।
लेकिन इस सब के बावजूद वैश्विक आपदा कोरोना वायरस के प्रभाव से जन सामान्य प्रभावित है।कोरोना वायरस के प्रभाव मे बीते दिनो विद्युत विभाग,एआरटीओ कार्यालय तथा कई अन्य विभागो मे कार्यरतअधिकारी/कर्मचारी कोविड-19 के प्रभाव मे आ चुके है।
आज सवेरे से ही कोरोना संक्रमण को लेकर चिंता और चर्चा का दौर बना रहा। सवेरे ही चरथावल थानाध्यक्ष उप निरीक्षक सूबे सिंह यादव के कोरोना पॉजिटिव पाये जाने की खबर फैली।
इसके बाद दोपहर को यह दायरा और भी बढ़ा और नगरपालिका परिषद् मुजफ्फरनगर फिर से कोरोना संक्रमण से घिरा नजर आया। यहां पर दो अफसरों को कोरोना पॉजिटिव पाया गया।
पालिका के कर निर्धारिण अधिकारी और कर विभाग के निरीक्षक अमित कुमार कोरोना पाजिटिव पाये गये। इससे पूर्व पालिका के अधिशासी अधिकारी और महिला व पुरुष सफाई निरीक्षक भी कोरोना संक्रमित हो चुके हैं।
यह खबर फैलते ही पालिका प्रशासन में हड़कम्प की स्थिति बनी रही। कई अधिकारी और कर्मचारी अपना कोविड टैस्ट कराने के लिए जिला अस्पताल की ओर दौड़ते दिखाई दिये।
इसके अलावा नगरपालिका परिषद् के अधीन संचालित नगरपालिका कन्या इंटर कॉलेज की एक शिक्षिका भी कोरोना पाजिटिव मिली है। इससे हड़कम्प की स्थिति बनी रही।
