मुजफ्फरनगर में सेना की भर्ती 12 मई से 10 जून तक होगी
मुजफ्फरनगर। जनपद में चौथी बार सेना की भर्ती होने जा रही है। १२ मई से १० जून तक होने वाली सेना भर्ती का कार्यक्रम जारी हुआ है। मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर समेत १३ जिलों के युवक भर्ती में शामिल हो सकेंगे। सभी जिलों के लिए तिथिवार भर्ती कार्यक्रम बाद में जारी होगा।
आर्मी मुख्यालय की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, जनपद में १२ मई से भर्ती शुरू होगी और १० जून तक चलेगी।
इसमें मेरठ, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, गौतमबुद्धनगर, बिजनौर, बागपत, गाजियाबाद, मुरादाबाद, बुलंदशहर, अमरोहा, हापुड़, रामपुर और शामली जनपद के युवा प्रतिभाग कर सकेंगे।
केंद्रीय राज्यमंत्री डा. संजीव बालियान ने सांसद बनने के बाद जिले में आर्मी भर्ती के प्रयास किए। पहली बार २०१५ में, दूसरी बार २०१७ और तीसरी बार वर्ष २०१८ में सेना भर्ती हुई थी।
तीनों बार भर्ती स्थल स्पोर्घ्ट्स स्टेडियम और नुमाइश मैदान में हुई हैं। स्टेडियम में दौड़ और नुमाइश मैदान में शारीरिक दक्षता परीक्षण हुआ। राजकीय इंटर कालेज में युवाओं के रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई।
इस बार भी यहीं पर भर्ती प्रस्तावित है। हालांकि, भर्ती स्थल का फाइनल करने जल्द ही सेना के अधिकारी यहां आएंगे। केंद्रीय राज्यमंत्री ने युवाओं से मेहनत के साथ तैयारी करने का आह्वान किया है।