Baghpat News: जमीन बंटवारे के विवाद में हुआ तिहरा हत्याकांड , बुआ, चाचा और पिता की हुई थी हत्या
Baghpat News ट्रिपल मर्डर की वारदात को अंजाम देने वाले हत्यारे बेटे और उसकी पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल लोहे का कंटीला तार, रस्सी और नशे की गोलियां बरामद कर ली हैं.बागपत के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि जमीन बंटवारे और घर खर्च के लिए पैसे नहीं मिलने से नाराज बेटे और बहू ने अपने पिता, चाचा और बुआ की गला दबा कर हत्या की.
दोनों आरोपियों ने पहले तो खाने की कढ़ी में नशे की गोलियां मिला कर तीनों को खिला दी. इसके बाद, रात को सोते समय रस्सी और लोहे के कंटीले तार से तीनों लोगों की गला दबा कर हत्या कर दी. उन्होंने कहा कि पुलिस ने वारदात के 24 घंटे के अंदर पूरे मामले का खुलासा करते हुए हत्यारोपी बेटे और बहू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
छपरौली थाना क्षेत्र के सबगा गांव में एक महिला समेत तीन लोगों की हत्या कर दी गई थी. इस ट्रिपल मर्डर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी. मृतक ऋषिपाल, उनके भाई शशिपाल और बहन बिरमती का शव घर के अलग-अलग कमरों में पड़े हुए मिले थे. इन तीनों की गला दबा कर हत्या की गई थी. सूचना देने पर मौके पर पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया था.
पुलिस की तफ्तीश में यह बात सामने आई कि मृतक ऋषिपाल का बेटा मालू उर्फ अंजल ने इस तिहरे हत्याकांड को अंजाम दिया है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच आगे बढ़ाई तो पूरे मामले का खुलासा हुआ. इस गुनाह में अंजल की पत्नी की संलिप्तता की बात भी सामने आई. जिसके बाद पुलिस ने उसको भी गिरफ्तार किया.
एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि हत्यारोपी पति-पत्नी ने बताया कि उनके पिता ऋषिपाल उन्हें खर्च के लिए पैसे नहीं देते थे, और जमीन पोते के नाम करने की बात कह रहे थे.

