Bihar News: मैं वंदे मातरम नहीं गाता हूं और न ही गाऊंगा- AIMIM विधायक अख्तरुल ईमान
Bihar News: विधानसभा के शीतकालीन सत्र का समापन वंदे मातरम के साथ किया गया। AIMIM के विधायकों ने सदन में वंदे मातरम गाए जाने का विरोध किया और राष्ट्रगीत नहीं गाया। जिसके बाद भाजपा विधायक ने AIMIM विधायकों पर पलटवार करते हुए कहा कि ये लोग देश को Taliban बनाना चाहते हैं।
सदन की कार्यवाही ख़त्म होने के बाद AIMIM विधायक दल के नेता अख्तरुल ईमान ने विधानसभा में राष्ट्रगीत गाए जाने का विरोध करते हुए कहा कि यह जबरदस्ती थोपा जा रहा है। संविधान में ऐसा कुछ भी नहीं लिखा गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि यह हमारी परंपराओं के खिलाफ हैं। पहले भी राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान था। लेकिन सदन के अंदर नहीं गाया गया। एक नई परंपरा शुरू की गई है जिसकी कोई आवश्यकता नहीं थी।
संविधान में प्रेम और भाईचारा है। इसमें सभी धर्मों के सम्मान की बात कही गई है। इसलिए मैं वंदे मातरम नहीं गाता हूं और न ही गाऊंगा। साथ ही उन्होंने कहा कि इससे कोई हमारी राष्ट्रभक्ति पर सवाल नहीं उठा सकता है। हम देश में आस्था रखते हैं और कोई भी हमें जबरन वंदे मातरम गाने के लिए नहीं कह सकता है।
सदन में वंदे मातरम गाए जाने का AIMIM विधायकों द्वारा विरोध करने पर भाजपा के विधानसभा सदस्यों ने जमकर पलटवार किया। भाजपा विधायक हरिभूषण ठाकुर ने कहा कि उनकी सोच तालिबान जैसी है और वे इस देश को भी तालिबान बनाना चाहते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि जिहादी और सांप्रदायिक सोच वाले व्यक्ति से इससे ज्यादा की उम्मीद नहीं की जा सकती है। इन्हें न तो देश से प्रेम है और न ही यहां की परंपराओं से।
BJP विधायक संजय सिंह ने AIMIM पार्टी के विधायकों को देश छोड़ने तक के लिए कह दिया। कहा कि जिन लोगों को सदन के अंदर वंदे मातरम गाने से समस्या है वो अपने देश से प्यार नहीं करते हैं। इस देश में रहने वाले व्यक्ति को वंदे मातरम गाना ही होगा। नहीं तो उन्हें इस देश में रहने की जरूरत नहीं है और वे किसी दूसरे देश में चले जाएं।

