मुजफ्फरनगर। (Muzaffarnagar News)। पिछले दो दिनों से लगातार बारिश का सिलसिला जारी है वहीं शनिवार को भी श्रावण मास के मेघा ने चहुंओर पानी ही पानी कर दिया है। हालात ऐसे हुए हैं कि नगर की हृदय स्थली शिव चौक का इलाका स्विमिंग पूल जैसा प्रतीत होने लगा और बरसात के पानी ने गोल मार्केट समेत आसपास के कई अन्य बाजारों की दुकानों में अपना डेरा जमा लिया है। उधर श्रावण मास की कांवड़ यात्रा पर कांवड़ लेकर चल रहे शिवभक्त के कदम भी बारिश ने रोकने की कोशिश की है। लेकिन शिव की भक्ति में मग्न कांवड़िये अपनी राह पर आगे बढ़ रहे हैं। हालांकि बारिश ने उनकी राह में बाधा जरूर डाली है। वहीं बारिश के चलते नगर के अनेकों नीचली बस्तियों खालापार, किदवईनगर, रैदासपुरी, जनकपुरी, रामपुरी, साकेत कालेनी, एकता विहार, आदर्श कालोनी में पानी भर गया।
शनिवार को मुजफ्फरनगर के जिला मुख्यालय पर स्थित शिव चौक का पूरा इलाका झमाझम हो रही बारिश के चलते स्विमिंग पूल में तब्दील हो गया है। दूर तक नजरें दौड़ाते हुए हर तरफ पानी ही पानी दिखाई दे रहा है। बरसात के पानी को जब गंदगी से अटे पड़े नालों के माध्यम से बहने का मौका नहीं मिल सका तो उन्होंने गोल मार्केट और शिव चौक के आसपास के बाजारों की दुकानों में अपना डेरा जमा लिया है
शहर के हालात ऐसे हो गये कि नगर के पाश इलाके के रूप में जाने जाने वाले सर्कुलर रोड की सड़क तक पानी से लबालब हो गई है। उधर हाईवे पर भी हालात कुछ कम भयावह नहीं है। गुप्ता रिसोर्ट, जड़ौदा नरा, मंसूरपुर, घासीपुरा एवं कई अन्य स्थानों पर जलभराव के हालात उत्पन्न हो गए हैं। शहर की कच्ची सड़क भी पानी में तब्दील हो गई है। उधर प्रकाश चौक का इलाका पूरी तरह से जलाशय बन गया।
कचहरी परिसर में भी बरसात का पानी भर गया। शिव चौक समेत शहर के तमाम इलाकों में पानी भरने से लोग बेहाल रहे तथा घरों के अंदर कैद होकर रह गए । भरे हुए पानी के बीच इक्का-दुक्का कावड़िए ही बाहर निकलते नजर आए।
कई जगह शिविरों में भी पानी अंदर घुस गया। कई नीचली बस्तियों खालापार, साकेत कालोनी, लद्दावाला, रैदासपुरी, रामलीला टिल्ला, जनकपुरी, रामपुरी, हण्डिया मौहल्ला, पुरानी घासमंडी आदि में तो नीचे पड रहे मकानों के अंदर भी पानी घुस गया जिससे मकान स्वामियों को जहां पानी निकालने में भारी मशक्कत का सामना करना पडा वहीं कई सामान पानी में तैरते नजर आये। हालात ऐसा लग रहा था जैसे यह घर नहीं बल्कि तालाब में सामान तैर रहा हो।