कृषि उत्पादकता गोष्ठी का आयोजन: किसानों के लिए चलाई जा रही सरकारी योजनाओं की जानकारी दी
मुजफ्फरनगर। जानसठ ब्लाक परिसर में कृषि तकनीकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा) योजना के अंतर्गत कृषि उत्पादकता गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें किसानों को जैविक खेती, कृषि रसायनों के दुष्प्रभाव व किसानों के लिए चलाई जा रही सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
कृषि उत्पादकता गोष्ठी में जिले के उप कृषि निदेशक जसवीर सिंह तेवतिया ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार किसानों के हितों के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है।
पीएम किसान सम्मान निधि से वंचित रह रहे किसानों को शीघ्र ही योजनाओं का लाभ दिलाने के पूरे प्रयास हैं। सरकार की योजनओं को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
केवीके झाल चितौड़ा के कृषि वैज्ञानिक पीके सिंह ने किसानों को कम पानी में फसल उगाने के तरीके की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। कृषि वैज्ञानिक संजीव कुमार ने फसलों में प्रयोग किए जाने वाले कृषि रसायनों के दुष्प्रभाव के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि किसानों को जैविक खेती करने पर जोर देना चाहिए तथा समय-समय पर मृदा परीक्षण कराना चाहिए।
कृषि वैज्ञानिक सुरेंद्र सिंह ने किसानों को गन्ने की फसल के लिए बीज का चुनाव, खाद एवं उर्वरक के प्रयोग में सावधानी के साथ खेती करने पर विशेष जोर दिया।
पशुपालन विभाग के डा. देवेंद्र सिंह ने पशुओं के टीकाकरण व उनके लाभ के बारे में जानकारी दी। गोष्ठी की अध्यक्षता जानसठ ब्लाक प्रमुख योगेश गुर्जर ने की व संचालन भारतवीर ने किया। गोष्ठी में राजीव कुमार, सुधीर कुमार, शिवपाल, मनोज कुमार, शैलेंद्र, चंद्रसेन, मुनेश देवी, ज्योति, ममतेश, रीता, आसमीन, मोहन शर्मा, विपिन कुमार, अमरपाल, अशोक कुमार व तेजपाल आदि कृषकों ने भाग लिया।