वेनम व जिंदा सांपों के साथ एनसीआर के फार्मो में विदेशी युवतियों को बुलाकर नशीले पदार्थों का सेवन करते हैं Elvish Yadav?
Elvish Yadav रेव पार्टी मामले में मुसीबत में फंस गए हैं. नोएडा पुलिस ने रेव पार्टी को लेकर जो एफआईआर दर्ज की है, उसमें एल्विश यादव का भी नाम है. विदेशी लड़कियों और सांपों के जहर वाली रेव पार्टी से नोएडा पुलिस ने 5 तस्करों को गिरफ्तार किया है
कई प्रतिबंधित सांपों को भी बरामद किया है. पुलिस में दर्ज एफआईआर के मुताबिक, आरोप है कि Elvish Yadav ने विदेशी लड़कियों के साथ गैरकानूनी ढंग से रेव पार्टी की थी और इस पार्टी में नशे के लिए कोबरा समेत कई जहरीले सांपों के जहर का इस्तेमाल हुआ था. इतना ही नहीं, यह भी आरोप है कि पार्टियों में जहर सप्लाई करने के लिए ये लोग मोटी रकम वसूलते थे. पुलिस और वन विभाग की टीम ने रेव पार्टी पर रेड मारी और इस पूरे मामले का पर्दाफाश हुआ है.
नोएडा पुलिस ने सेक्टर 51 में रेड मारकर इस रेव पार्टी का खुलासा किया. पुलिस ने रेड के दौरान रेव पार्टी से 9 जहरीले सांप भी बरामद किए. इतना ही नहीं, आरोपियों के पास से 20 से 25 ML नशीला जहर भी बरामद हुआ है. बरामद सांपों में पांच कोबरा, दो दोमुहे सांप, एक लाल सांप, एक अजगर शामिल है.
पुलिस ने सेक्टर 51 सैफरन वेंडिंग विला में सूचना मिलने पर की रेड की थी, जिसके बाद इस रेव पार्टी का भंडाफोड़ हुआ. वन विभाग ने वन जीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत मुकदमा दर्ज कराया है और यह मामला थाना सेक्टर 49 क्षेत्र का है. स्नेक वेनम को वन विभाग की टीम ने सील कर दिया.
नोएडा के सेक्टर 49 थाने में पीएफए ऑर्गेनाइजेशन के एनिमल वेलफेयर ऑफिसर गौरव गुप्ता ने यह शिकायत दर्ज कराई है. इसके आधार पर ही एफआईआर दर्ज की गई है. शिकायत के मुताबिक, Elvish Yadav स्नेक वेनम व जिंदा सांपों के साथ नोएडा व एनसीआर के फार्मो में अपने गिरोह के अन्य सदस्यों/यूट्यूबर्स के साथ वीडियो शूट कराते हैं और गैरकानूनी रूप से रेव पार्टियों को अंजाम देते हैं
जिसमें बकायदा विदेशी युवतियों को बुलाकर स्नेक वेनम व नशीले पदार्थों का सेवन करते हैं. एफआईआर में कहा गया है कि एक मुखबिर ने इस पूरे मामले में एल्विश यादव से संपर्क किया और नोएडा में रेव पार्टी करने वाले व सांपों व कोबरा वेनम का प्रबंध करने को कहा था, जिस पर उन्होंने अपने एजेंट राहुल का नाम बताया और उसका मोबाइल नंबर दिया और कहा कि इस व्यक्ति से मेरा नाम लेकर बात कर लो.
नोएडा पुलिस ने रेव पार्टी में रेड मारकर जिनको गिरफ्तार किया है, उनके नाम हैं राहुल, टीटूनाथ, जयकरन, नारायण और रविनाथ. इन सब पर आरोप है कि इन्होंने रेव पार्टी में जहरीले सांपों के जहर की व्यवस्था की थी.

