वैश्विक

कोलोराडो के सुपरमार्केट में फायरिंग, एक पुलिस अधिकारी समेत 10 की मौत

कोलोराडो राज्य में सोमवार को एक बंदूकधारी ने सुपर मार्केट में गोलियां चलाकर कर 10 लोगों को हत्या कर दी। मरने वालों में एक पुलिसकर्मी शामिल है। हत्यारे को पकड़ लिया गया है। मृतकों के परिजनों से संपर्क कर उन्हें घटना की सूचना दी गई है। हत्याओं के पीछे हमलावर उद्देश्य अभी सामने नहीं आया है।

कोलोराडो के सुपरमार्केट में गोलियां बरसाने वाले अपराधी की पहचान पुलिस ने एक 21 वर्षीय युवा के रूप में की है। इसके अलावा पुलिस ने नौ मृतकों की भी पहचान कर ली है। मरने वालों में 20 से 65 वर्ष के उम्र तक के लोग शामिल हैं। 

एक हफ्ते पहले अटलांटा में भी इसी प्रकार की गोलीबारी में आठ एशियाई मूल के अमेरिकियों की हत्या कर दी गई थी। ताजा घटना बोल्डर स्थित किंग सुपर्स-स्टोर में हुई।

यह जगह राज्य के प्रमुख शहर डेनवर से 40 किलोमीटर दूर है, प्रख्यात कोलोराडो विश्वविद्यालय भी यहीं पर है। डिस्ट्रिक्ट एटर्नी माइक डॉहर्टी ने बताया कि क्षेत्रीय, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की एजेंसियां जांच व राहत में लगाई गई हैं।

घटना के समय भारी संख्या में पुलिस, हेलिकॉप्टर और गाडियां स्टोर पर जमा हो गए। प्रशासन ने लाउड स्पीकर पर घोषणा कर हमलावर को धमकाया कि स्टोर को पुलिस ने घेर रखा है, वह समर्पण कर दे।

पुलिस प्रमख मैरिस हेराल्ड के अनुसार हमलावर को पकड़ा गया है, वह घायल है और इलाज दिया जा रहा है। वे मृतकों की संख्या बताते हुए रो पड़े।

वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुलिस अधिकारी एक अधनंगे व्यक्ति को हथकड़ियां लगाए बाहर ले जाते नजर आए, उसके पांव से खून बह रहा था, हालांकि पुलिस ने इसी व्यक्ति के हमलावर होने की पुष्टि नहीं की है।

मृतकों में शामिल एरिक टैली की पहचान बोल्डर शहर के पुलिस अधिकारी के तौर पर हुई है। एरिक 2010 में पुलिस सेवा में आए थे। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सबसे पहले उन्हाेंने ही बहादुरी से हमलावर को रोकने का प्रयास किया था। माना जा रहा है कि इसी दौरान हमलावर ने उनकी हत्या कर दी।

व्हाइट हाउस प्रेस सेक्रेटरी जेन साकी ने बताया कि राष्ट्रपति जो बाइडन को घटना की सूचना दी गई है। कोलोराडो गवर्नर जेरेड पोलिस ने मृतकों के लिए प्रार्थना करते हुए कहा कि यह दुख का समय है।

प्रत्यक्षदर्शी डीन शिलर ने बताया कि जैसे ही वे सुपरमार्केट से बाहर निकले गोलियां चलने की आवाज आई। उन्हें तीन लोग मुंह के बल गिरे नजर आए। दो लोग पार्किंग स्थल और एक मुख्यद्वार के पास गिर चुका था। कुछ लोगों ने यूट्यूब पर घटना के वीडियो पोस्ट किए, जिनमें लोग स्टोर व आसपास जमीन पर गिरे नजर आ रहे हैं। गोलियों की आवाज भी आ रही है। अनुमान है कि हमलावर इन लोगों की हत्या कर चुका था।

35 साल के एलेक्स एरेलानो स्टोर में दुकानदार हैं, उन्होंने बताया कि गोलियों की आवाज लगातार पास आती जा रही थी। उन्हें अपने माता-पिता ओर दोस्तों की याद आई। उनकी दुकान स्टोर के गेट पर है, इसलिए आशंका थी कि हमलावर वहीं से बाहर निकलेगा। उन्हें लगा कि वे भी मरने वाले हैं। खुशकिस्मती से वे पिछले के दरवाजे से बाहर निकलने में सफल रहे।

स्टोर के बाहर खड़ीं बोल्डर की रहने वाली 25 साल के मेरिडिथ जॉनसन ने कहा कि यह सब वे किसी सोशल मीडिया फीड में नहीं पढ़ रही हैं, सब कुछ उनके सामने हो रहा है। वे बेहद डरी हुई है। एक हफ्ते पहले अटलांटा, आज बोल्डर, अगले हफ्ते पता नहीं और कहां यह होगा। अमेरिका में यह रोजमर्रा की बात हो चुकी है।

हाल में विवाहित 21 साल के क्विंलिन और नेवन स्लोअन खरीदारी करने स्टोर आए थे। उन्हाेंने बताया कि पहली गोली चली तो लगा यह किसी के हाथ से कोई सामान नीचे गिरने की आवाज है। फिर अचानक लोग भागने लगे, दोनों पति-पत्नी भी दौड़े। अचानक तेजी से 15-20 गोलियां चलीं, दोनों घबराए हुए तेजी से स्टोर से बाहर निकल गए।

सारा मूनशैडो अपने बेटे के साथ खरीदारी करने आई थीं, गोलियों से बचने के लिए वे नीचे लेट गए। लेकिन चौथी गोली चलने पर सारा ने अपने बेटे से कहा कि उन्हें भागना होगा। वे भागे, अचानक उनकी ओर हमलावर ने दो गोलियां चलाईं। बाहर निकलते हुए उन्हें व्यक्ति गिरकर मरता नजर आया। बाहर निकलने पर वे रो पड़े, उन्हें यकीन नहीं हुआ कि वे बच गए हैं। सारा ने बताया कि उन्हें डेनवर असुरक्षित लगता था, इसलिए वे बोल्डर आ गए थे।

कोलाराडो विश्वविद्यालय की छात्रा जॉर्डन क्रम्बी ‘वॉर्निंग’ शब्द टैटू करवाने स्टोर आई थीं। गोलीबारी शुरू हुई तो वे एक दुकान में छिप गईं। कुछ देर बार शांति हुई तो वे इंस्टाग्राम पर लाइव वीडियो फीड बनाने लगीं। उन्हें देखकर एक पुलिस अधिकारी ने हाथ हिलाया। यह उनके वीडियो में दर्ज हुआ है।

सेमी-ऑटोमेटिक राइफल, पिस्टल, शॉटगन और रिवॉल्विंग सिलिंडर से चलने वाली सभी बंदूकों को अमेरिका में असॉल्ट राइफल की श्रेणी में रखा जाता है। इनमें खाली मैग्जीन अलग करके नई मैग्जीन लगाई जाती है, जिससे एकसाथ भारी मात्रा में गोलीबारी हो सकती है।

इसी वजह से इन्हें बेहद खतरनाक मानते हुए रोक लगाने की मांग उठती रही है। 2018 में फ्लोरिडा के एक स्कूल में गोलीबारी के बाद कोलोराडो के बोल्डर शहर में इन्हें प्रतिबंधित कर दिया था।

 

News Desk

निष्पक्ष NEWS,जो मुख्यतः मेन स्ट्रीम MEDIA का हिस्सा नहीं बन पाती हैं।

News Desk has 5915 posts and counting. See all posts by News Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

5 × five =