खाली प्लाट में बालिका का शव मिला, आरोपी संदीप जैन फरार
नवाबाद थाना क्षेत्र के करगुंवा मंदिर के पास खाली प्लाट में एक बालिका का शव पड़ा मिला है। इससे वहां हड़कंप मच गया। मौके पर खून से सना डंडा भी मिला है। इसी डंडा से बालिका का कत्ल किया।
बालिका के साथ बलात्कार किए जाने की आशंका जताई गई है। मौके से आरोपी संदीप जैन फरार हो गया। इस आरोपी को पकड़ने के लिए गठित की गई टीमों ने मध्य प्रदेश समेत अन्य स्थानों पर छापेमार की कार्रवाई की है मगर अब तक सफलता नहीं मिली है।
नवाबाद थाना क्षेत्र के मेडिकल कालेज के पास स्थित करगुंवा मंदिर के पास एक विवाह घर बना हुआ है। इसी विवाह घर में दतिया में रहने वाला वंशकार परिवार समेत रहता है।
रोजाना की भांति वंशकार की आठ वर्षीय पुत्री दूध लेने गई थी। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटी। जब पुत्री घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने तलाश की। तलाश करते समय घर के सदस्यों की नजर खाली प्लाट में पड़े चादर पर गई। चादर पर बालिका का शव पड़ा था। शरीर पर चोटों के निशान थे। बालिका के कत्ल से वहां हड़कंप मच गया।
इसकी सूचना मिलते ही पुलिस उपमहानिरीक्षक जोगेन्द्र कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रोहन पी कनय, एसपी सिटी विवेक त्रिपाठी मय स्टॉफ के साथ मौके पर पहुंचे।
सभी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अफसरों की नजर एक कमरे में गई। कमरे के बारे में आस-पास के लोगों से जानकारी ली।
पता चला कि इस कमरे में टीकमगढ़ के थाना लिधौरा के ग्राम बम्हरौली निवासी संदीप जैन रहता है। वह मजदूरी का काम करता था। वह यहां से गायब है।
आशंका जताई है कि संदीप जैन ने बालिका का हत्या की। इसके बाद वह यहां से भाग गया। मौके पर खून से सना हुआ डंडा मिला है। इस डंडे को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।
फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में पता चला कि बालिका की हत्या करगुंवा के पास बनी मार्किट में की गई थी। मार्केट को सील कर दिया गया।
आरोपी के घर से खून सने कपड़े मिले हैं। वहीं, डीआईजी ने हत्यारोपी को गिरफ्तार करने के लिए टीमों का गठन किया। इन टीमों ने मध्य प्रदेश समेत अनेकों स्थानों पर दबिश दी मगर अब तक सफलता नहीं मिली है।

