खतौली रोडवेज डिपो पर चालक-परिचालकों का कोविड-19 का टेस्ट कराया
मुजफ्फरनगर। खतौली रोडवेज डिपो पर चालक-परिचालकों के साथ कर्मचारियों का कोविड-१९ का टेस्ट कराया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ५२ लोगों के सैंपल कर जांच की है। फिलवक्त सभी सैंपल निगेटिव आए हैं। इसके बाद डिपो पर बैठक कर चालक-परिचालकों को कोविड से बचाव के उपाय बताए गए। मास्क और ग्लब्स पहन कर टिकट बनाने के निर्देश दिए गए।
हरिद्वार महाकुंभ को लेकर रोडवेज डिपो ने भी कमर कस ली है। उत्तराखंड सरकार ने महाकुंभ में निगेटिव रिपोर्ट देखने के बाद प्रवेश देने का हवाला दिया है।
ऐसे में रोडवेज प्रशासन भी सतर्क हो गया है। मौजूदा समय में ४० गाड़ियों को हरिद्वार, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर रोड पर लगाया गया है। होली के बाद यात्रियों की संख्या में इजाफा हुआ है।
इसके चलते डिपो पर स्वास्थ्य विभाग ने कैंप लगाकर चालक, परिचालकों का कोविड-१९ का टेस्ट किया। डिपो पर ५२ लोगों के सैंपल लिए गए, जबकि छह यात्रियों की जांच की गई।
सभी रिपोर्ट निगेटिव आई हैं। एआरएम परवेज बशीर ने चालक-परिचालकों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए है। मास्क, ग्लब्स और सैनिटाइजर का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया।
टिकट मशीन के साथ पैसों को भी सैनिटाइज कर रखने को कहा गया है। डिपो पर पहुंचने पर बसों की सीट पर भी छिड़काव किया जाएगा।

