31 जनवरी तक जारी रहेगा अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर प्रतिबंध
कोरोना वायरस महामारी के चलते नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने भारत में शेड्यूल अंतरराष्ट्रीय वाणिज्यिक उड़ानों की आवाजाही पर प्रतिबंध 31 जनवरी 2021 तक बढ़ा दिया है।
लेकिन इस दौरान वंदे भारत मिशन के तहत जाने वाली उड़ानें जारी रहेंगी। इससे पहले अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर 31 दिसंबर तक प्रतिबंध था। डीजीसीए के आदेश के अनुसार, केवल चयनित उड़ानों को ही संचालन की अनुमति होगी।
Govt of India extends suspension of scheduled commercial international flights till Jan 31, 2021; restrictions not to apply on special flights and international air cargo operations. #COVID19 pic.twitter.com/7tD5kl3tfZ
— ANI (@ANI) December 30, 2020
मालूम हो कि भारत ने कोरोना वायरस महामारी के कारण दो महीने के अंतराल के बाद 25 मई को घरेलू यात्री उड़ानों को फिर से शुरू किया था। इसके बाद विदेश में फंसे यात्रियों को वापस लाने के लिए वंदे भारत मिशन चलाया गया और कई देशों के साथ एयर बबल करार भी किया गया।
ब्रिटेन में सामने आए कोरोना वायरस के एक नए रूप के चलते भारत सरकार सतर्क हो गई है। सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए ब्रिटेन से आने वाले विमानों पर प्रतिबंध 31 दिसंबर 2020 से बढ़ाकर सात जनवरी 2021 तक किया है।
नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने यह जानकारी दी। इस नए वायरस के चलते ब्रिटेन में राजधानी लंदन समेत कई इलाकों में फिर से लॉकडाउन लागू करना पड़ा है
कई देशों ने ब्रिटेन से आने वाले विमानों पर रोक लगाना शुरू कर दिया है। वहीं, भारत ने भी एहतियात के तौर पर ब्रिटेन से आने वाली उड़ानों पर रोक लगाई है। इससे विमानन उद्योग को धक्का लगा है। अब अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को सामान्य होने में और समय लगेगा।