वैश्विक

आंध्र प्रदेश में भीषण सड़क हादसा: 13 लोगों की मौत, चार की हालत गंभीर

आंध्र प्रदेश के कर्नूल जिले में रविवार तड़के एक बस और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई है। वहीं चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं

जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसा कर्नूल जिले में वेल्दुर्ती मंडल के मदारपुर गांव के पास हुआ। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि यात्रियों से भरी बस टक्कर के बाद पलट गई। दर्दनाक हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया।

स्थानीय पुलिस ने बताया कि बस में 17 यात्री सवार थे। चालक समेत 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। बस चित्तूर जिले से राजस्थान के अजमेर जा रही थी।

बस मदारपुर गांव सुबह करीब साढ़े तीन बजे पहुंची। यहां बस गलत साइड में चली गई और सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। आठ महिलाओं और एक बच्चा समेत 13 की मौत हो चुकी है। जबकि दो बच्चों समेत चार लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। 

आंध्र प्रदेश में ट्रक से टकरा कर बस के पलटने की घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया। मोदी ने कहा, जिन परिवारों ने अपनों को खोया है, इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके साथ हैं।

साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि घायल जल्द से जल्द ठीक हो जाएं।

बस के पलटने के बाद शवों को निकालने में पुलिस का खास मशक्कत करनी पड़ी। कुछ के चिथड़े-चिथड़े हो गए थे, जिनको पहचानना भी मुश्किल हो रहा था।

हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात पूरी तरह से ठप हो गया क्योंकि पुलिस को अंधेरे में दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को निकालने में काफी समय लग गया। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।

 

News Desk

निष्पक्ष NEWS,जो मुख्यतः मेन स्ट्रीम MEDIA का हिस्सा नहीं बन पाती हैं।

News Desk has 5915 posts and counting. See all posts by News Desk

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

2 × four =