बालाकोट में बड़ी तादाद में आतंकवादी प्रशिक्षण
पाकिस्तान के बालाकोट में बड़ी तादाद में आतंकवादी प्रशिक्षण ले रहे हैं। सरकारी सूत्रों के अनुसार, बालाकोट में जैश-ए-मोहम्मद द्वारा 45 से 50 आतंकवादी और आत्मघाती हमलावरों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।आतंकवाद के वित्तपोषण (टेरर फंडिंग) को लेकर वित्तीय कार्रवाई कार्य बल (एफएटीएफ) द्वारा पाकिस्तान पर ब्लैकलिस्ट का खतरा मंडरा रहा है। अब इस सूचना से पाकिस्तान की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। एफएटीएफ ने पिछले साल जून में पाकिस्तान को ‘ग्रे सूची’ में डाल दिया था।
Government Sources: 45-50 terrorists including suicide bombers training at Jaish-e-Mohammed terrorist facility in Balakot (Pakistan) pic.twitter.com/xT8SBWUN6d
— ANI (@ANI) October 14, 2019
इससे पहले भारतीय सुरक्षा बलों को जानकारी मिली थी कि घाटी में अशांति फैलाने के लिए करीब 500 आतंकी घुसपैठ करने की फिराक में हैं। सैन्य सूत्रों ने बताया कि इसकी जानकारी मिलते ही जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर ऐसी किसी भी अवांछित कोशिश से निपटने के लिए सुरक्षा बलों को पूरी छूट दे दी गई है।

जानकारी मिली थी कि प्रशिक्षण पाए आतंकी भारतीय सीमा में घुसने की फिराक में हैं और एक बड़ा समूह आतंकी लॉन्च पैड पर इंतजार कर रहा है। खुफिया सूचनाओं के अनुसार, यह आतंकी घाटी सहित देश के कई प्रमुख शहरों में महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों को निशाना बना सकते हैं। हालांकि सेना किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए बिल्कुल तैयार और सतर्क है। सेना को किसी भी सुरक्षा चुनौती से ‘प्रभावी’ रूप से निपटने के लिए पूरी छूट दी गई है।
