जौनपुर: शराबी की पिटाई के विवाद को शांत कराने गई पुलिस टीम पर हमला, सीओ का सिर फटा
मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के हुसैनपुर इटाएं गांव में गुरुवार रात मामूली विवाद को लेकर दो पक्षों के लोग भिड़ गए। मौके पर पहुंची पीआरवी वाहन को लोगों ने क्षतिग्रस्त कर दिया।
पथराव में सीओ मड़ियाहूं समेत आठ पुलिसकर्मी भी जख्मी हुए हैं। घटना की सूचना पाकर कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। देर रात तक उपद्रवियों की तलाश जारी रही। तनाव के मद्देनजर भारी फोर्स गांव में लगाई गई है।
हुसेनपुर इटाएं गांव में बुधवार को एक शराबी नशे में धुत होकर लोगों से अभद्रता करने लगा। इससे नाराज होकर लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। प्रबुद्ध लोगों के हस्तक्षेप से किसी तरह मामला शांत हुआ।
गुरुवार की शाम इसी विवाद में शराबी युवक गांव के कुछ लोगों के साथ राजेंद्र राजभर की आटा चक्की पर पहुंचकर तोड़फोड़ करने लगा। जानकारी होते ही बड़ी संख्या में लोग जुट गए और उन्हें खदेड़ने लगे।
विवाद की सूचना पाकर पीआरवी टीम मौके पर पहुंची तो एक पक्ष के लोगों ने उन पर हमला बोल दिया। पथराव कर वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। कुछ ही देर में सीओ राजेंद्र कुमार, कोतवाल पवन कुमार उपाध्याय फोर्स लेकर गांव में पहुंचे।
वाहन से उतरने से पहले ही पथराव शुरू हो गया। जमकर ईंट पत्थर चलने से सीओ समेत आठ पुलिसकर्मी जख्मी हुए। पुलिस ने लाठी भांजकर उपद्रवियों को खदेड़ा। नेवढ़िया, सुरेरी, रामपुर सहित कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। तीन लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। उपद्रवियों की तलाश में देर रात तक गांव में तलाशी लेती रही। घटना के बाद गांव में तनाव बना हुआ है।
बवाल के बाद उपद्रवियों की तलाश में देर रात तक पुलिस ने गांव में तलाशी ली। इस दौरान कई घरों के दरवाजे भी तोड़ दिए। अधिकांश घरों के पुरुष सदस्य गांव से फरार हो गए थे। पुलिस ने देर रात तक छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया था। एसपी अशोक कुमार ने भी घटनास्थल पहुंचकर जानकारी ली।
बवाल के मूल में गांव के मुसहर और पटेल जाति के लोगों के बीच जमीन के विवाद को बताया जा रहा है। इसका मामला कोर्ट में भी है। एक पक्ष कोर्ट के आदेश का हवाला देकर जमीन पर कब्जे की कोशिश कर रहा है तो दूसरा पक्ष इसका विरोध कर रहा है। इसे लेकर काफी समय से तनातनी चली आ रही है।
इसी विवाद को लेकर बुधवार की रात एक पक्ष का युवक नशे में धुत होकर दूसरे पक्ष के लोगों को गाली गलौज करने लगा। प्रबुद्ध लोगों के हस्तक्षेप से तब तो मामला शांत हो गया
लेकिन बृहस्पतिवार को इसी विवाद में कुछ अन्य लोगों ने मुसहर जाति के लोगों को उकसा दिया। इससे विवाद बढ़ गया। सूचना पाकर पहुंची पीआरवी ने विवाद निपटाने की कोशिश की तो पथराव कर उसका वाहन क्षतिग्रस्त किया गया और फिर सीओ के दल पर भी पथराव कर दिया गया।
