लखनऊ- 500 बेडों के अटल बिहारी वाजपेयी कोविड हॉस्पिटल की शुरुआत
लखनऊ के अवध शिल्प ग्राम में बने 500 बेडों के अटल बिहारी वाजपेयी कोविड हॉस्पिटल की शुरुआत आज यानी 5 मई से हो रही है। साथ ही आज से ही कोरोना संक्रमित मरीजों को यहां भर्ती किया जाएगा।
इससे लखनऊ में बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमितों को काफी राहत मिलेगी। इस अस्पताल को डीआरडीओ की तरफ से तैयार किया गया है। इस कोविड अस्पताल में 24 घंटे ऑक्सीजन की आपूर्ति के साथ-साथ वेंटिलेटर और ऑक्सीजन बेडों की सुविधा है, ताकि मरीजों को किसी भी प्रकार की कोई समस्या न आए।
इस अस्पताल में 500 बेड हैं जिनमें से 150 आईसीयू बेड हैं इनमें वेंटिलेटर की सुविधा है और 350 बेड ऑक्सीजन की सुविधा के साथ हैं। कोरोना अस्पताल में सेना मेडिकल कोर की मदद से चिकित्सकीय सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।
डीआरडीओ के इस अस्पताल में सीधे भर्ती की व्यवस्था नहीं होगी। रोजाना खाली बेड के आधार पर लालबाग स्थित कोविड कमांड सेंटर से CMO प्रशासन मरीजों को एम्बुलेंस से इस अस्पताल में भेजेगा।
जानकारी के लिया बता दें कि अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं के लिए कोई शुल्क नहीं होगा। इतना ही नहीं मरीजों को मुफ्त में भोजन भी उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही राज्य सरकार की मदद से डीआरडीओ ने ऑक्सीजन और चिकित्सा आपूर्ति की व्यवस्था की है, जो नि: शुल्क दी जाएगी।
