Lucknow News: एलडीए के जनता अदालत में बेलगाम हुए अफसर- बुजुर्ग फरियादी को जड़ा थप्पड़
Lucknow News जनता अदालत में एलडीए के एक अफसर बेलगाम हो गए, उन्होंने अपना आपा खोते हुए बुजुर्ग फरियादी को थप्पड़ जड़ दिया। लखनऊ विकास प्राधिकरण में जनसुनवाई में बुजुर्ग अपनी फरियाद लेकर आया था, लेकिन उसकी समस्या के समाधान की जगह उसके साथ बदसलूकी की गई।
गोमती नगर के विपिन खण्ड स्थित प्राधिकरण भवन में प्राधिकरण दिवस/जनता अदालत के दौरान एक बुजुर्ग फरियादी को अधिकारी डीके सिंह ने थप्पड़ जड़ डाला है। जनता अदालत चल रही थी इसी बीच किसी बात को लेकर बुजुर्ग फरियादी और प्राधिकरण के अफसर डीके सिंह के बीच काफी कहासुनी हो गई थी। इसी दौरान एलडीए अफसर डीके सिंह ने अपना आपा खोते हुए बुजुर्ग को 2 थप्पड़ जड़ दिए, जिसके बाद वहां काफी हंगामा हुआ।
काफी देर तक मामला गरमाया रहा, लेकिन अफसरों ने किसी तरह बुजुर्ग फरियादी को शांत कराया तब जाकर मामला शांत हुआ। वहीं इस मामले को बढ़ता देख बुजुर्ग फरियादी को एलडीए बीसी इंद्रमणि त्रिपाठी ने अपने कक्ष में बुलाकर पूरे मामले को जाना। बुजुर्ग से पूरे मामले की जानकारी लेकर उनकी समस्याओं का हल करने का उन्हें भरोसा दिया। वहीं समाजवादी पार्टी के मीडिया सेल की ओर से इस मामले का वीडियो ट्वीट किया गया है। जिसमें सरकार पर निशाना साधा गया है।
एलडीए के बेलगाम अफसर के इस रवैये को देखते हुए एलडीए वीसी पर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। वीसी से प्राधिकरण नहीं संभल रहा है, वहीं लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी प्राधिकरण चलाने में नाकाम साबित हो रहे हैं। क्योंकि जनता अदालत के दौरान समस्याओं की सुनवाई की जगह फरियादियों को थपड़ मिल रहा हैं। उधर इस पूरे मामले को लेकर समाजवादी पार्टी ने भी हमला बोला है।
#WATCH #Lucknow #LDA अधिकारी डीके सिंह ने बुजुर्ग फरियादी को मारा थप्पड़, प्राधिकरण दिवस पर जमकर हुआ हंगामा.अधिकारियों पर प्लॉट कब्ज़ा कराने का आरोप@LkoDevAuthority @AdminLKO pic.twitter.com/VfbmsyQs9V
— News & Features Network (@newsnetmzn) March 16, 2023
इस मामले का एक वीडियो समाजवादी पार्टी के मीडिया सेल की तरफ से ट्वीट किया गया है। सपा मीडिया सेल ने ट्वीट करके लिखा-‘‘एलडीए समेत यूपी के समस्त विकास प्राधिकरण भ्रष्टाचार और गुंडई का अड्डा बन चुके हैं। योगी जी आपके राज में आपके विभाग में बुजुर्ग को थप्पड़ मारकर शर्मनाक गुंडाराज और भ्रष्टाचार चल रहा है। आपके ही मंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी पूर्व में आपके विभाग में भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया था याद है?‘‘

